ख़ूूबसूरत फ़्लॉलेस स्किन हम सभी चाहते हैं. स्किन पर नेचुरल ग्लो और ताज़गी हमारी अच्छी सेहत की भी निशानी होती है, लेकिन कई बार स्किन प्रॉब्लम्स हमारी ख़ूबसूरती को फीका कर देती है. ऐसे में ज़रूरी है कि हम छोटी-छोटी बातों का ख़याल रखें और ये ईज़ी ब्यूटी होम रेसिपीज़ ट्राई करें.
होम रेमेडीज़ फॉर स्किन केयर

- कच्चे दूध में रूई भिगोकर चेहरे पर थपथपाते हुए लगाएं, 15 मिनट बाद चेहरा धो लें. ये बेहतरीन क्लींज़र का काम करता है.
- सेब के पतले-पतले स्लाइस पूरे चेहरे पर रखें. 15 मिनट के लिए छोड़ दें. ये स्किन से अतिरिक्त ऑयल खींच लेते हैं और रोमछिद्रों को बंद करने में मदद करते हैं.
- गुलाबजल में कपूर मिलाकर स्प्रे बॉटल में भरकर रखें. ये ऑयली और एक्ने वाली त्वचा के लिए बेहतरीन टोनर का काम करता है.
- एक टीस्पून शहद में नींबू का रस मिलाकर चेहरे पर मसाज करें. इससे झुर्रियां नहीं पड़तीं और चेहरे पर निखार भी आता है.
- 1 टीस्पून चावल के आटे में आधा टीस्पून शहद मिलाएं और चेहरे पर लगाएं. आधे घंटे बाद चेहरा धो दें. झुर्रियां नहीं पड़ेंगी.
- संतरे के छिलके को धूप में सुखाकर बारीक़ पाउडर बनाएं. फिर इस पाउडर में एक टीस्पून दूध, थोड़ी-सी हल्दी और नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बनाएं. इस पेस्ट को लगाने से चेहरे की रंगत निखरती है.
- केले में दूध मिलाकर मैश करें और चेहरे पर लगाएं. 20 मिनट बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें. त्वचा निखर जाएगी.
- एलोवीरा का रस या पल्प चेहरे पर लगाने से पिग्मेंटेशन से छुटकारा मिलता है.
- नींबू ब्लीच वाला इफेक्ट देता है. त्वचा के डार्क हिस्सों में ताज़ा नींबू काटकर रगड़ें. इससे त्वचा का रंग धीरे-धीरे हल्का हो जाएगा.
- दूध में हल्दी और चंदन मिलाकर लेप तैयार करें. इस लेप को नियमित रूप से 1 हफ़्ते तक चेहरे पर लगाएं. इससे झाइयां और कालापन दूर होता है.
- 1 टीस्पून पिसी हुई दालचीनी में 1 टीस्पून नींबू का रस मिलाएं और मुंहासों पर लगाएं.
- कच्चे दूध में जायफल मिलाकर पेस्ट बनाएं और मुंहासों पर लगाएं.
- बादाम के पाउडर को पानी में घोलकर मुंहासों पर लगाने से मुंहासे जल्दी ठीक होते हैं.
- मुल्तानी मिट्टी में नींबू का रस और गुलाब जल मिलाकर चेहरे पर लगाएं. 10-15 मिनट बाद धो दें. दाग़-धब्बे धीरे-धीरे हल्के हो जाएंगे.
- पुदीने के पत्तों को पीसकर उसका रस चेहरे पर लगाएं. इससे दाग़-धब्बों से छुटकारा मिलता है.
- एलोवीरा का रस दिन में 2 बार चेहरे पर लगाने से दाग़-धब्बे हल्के होते हैं.
- पके हुए पपीते को अच्छी तरह मिलाकर चेहरे और गर्दन पर लगाएं. सनटैन की समस्या दूर हो जाएगी.
- नींबू के रस में अंडे की जर्दी मिलाकर चेहरे पर लगाएं.
- कद्दूकस किए हुए कच्चे आलू का रस निकालकर चेहरे पर लगाएं. इससे सनटैन में फायदा होगा.
- जहां भी सनबर्न हुआ है, वहां रूई की मदद से दूध लगाएं. 15-20 मिनट बाद चेहरा धो लें.
- डार्क सर्कल्स हटाने के लिए आंखों के आसपास नारियल तेल से हल्के हाथों से मालिश करें.
- खीरे के रस में कॉटन बॉल्स डुबाकर आंखों पर रखें. डार्क सर्कल्स कम हो जाएंगे.
- आंखों की फफीनेस हटाने के लिए आलू को कद्दूकस कर लें और इसे मलमल के कपड़े में बांधकर आंखों पर 15 मिनट रखें.
- नाख़ूनों पर नारियल के तेल से मालिश करने से उनकी स्वाभाविक चमक बढ़ती है.
- नाख़ूनों की चमक और स़फेदी बढ़ाने के लिए उन्हें कुछ देर के लिए नींबू के रस में डुबोकर रखें.
- रात को सोने से पहले होंठों पर थोड़ा-सा मक्खन लगाएं. इससे होंठ मुलायम बनते हैं और फटने से भी बच जाते हैं.
- 1 टीस्पून स्ट्रॉबेरी जूस और 2 टीस्पून पेट्रोलियम जेली मिलाकर रखें. इसे लिप बाम की तरह इस्तेमाल करें.
- तरबूज को कद्दूकस करके उसका जूस निकालें और इसे चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें. फिर गरम पानी से चेहरा धो लें और चेहरे पर ठंडे पानी के छींटे मारें. इससे आपकी स्किन फ्रेश और बेदाग़ नज़र आएगी.
- 1 टेबलस्पून आटे में थोड़ा-सा अंगूर मसलकरमिलाएं. इस मिश्रण को 15 मिनट तक चेहरे पर लगाकर रखें. फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें. ऐसा करने से झुर्रियां जल्दी नहीं पड़ेंगी.
- शहद, दही और दूध को मिक्स करके चेहरे पर लगाएं. 20 मिनट बाद धो लें, त्वचा स्वस्थ व जवां नज़र आएगी.
- आंखों के नीचे के काले घेरे हटाने के लिए 1 टीस्पून टमाटर के जूस में 2 टीस्पून नींबू का रस, चुटकीभर हल्दी पाउडर और बेसन मिलाकर पेस्ट बनाएं. इस पेस्ट को आंखों के नीचे लगाएं. डार्क सर्कल कम हो जाएंगे.
- 1 टीस्पून शहद, 4 बूंद नींबू का रस, चुटकीभर नमक और 1 टीस्पून पानी को मिक्स करके चेहरे पर लगाएं. 5-7 मिनट बाद धो लें. चेहरे की रंगत निखर जाएगी.
- मलाई में चुटकीभर हल्दी पाउडर और ऑलिव ऑयल की कुछ बूंदें मिलाकर लगाने से त्वचा में निखार आता है और रूखापन दूर होता है.
- 2 टीस्पून बादाम का पेस्ट, चुटकीभर हल्दी पाउडर और 1 टीस्पून पपीते के पेस्ट को मिलाकर चेहरे पर लगाएं. त्वचा निखर जाएगी.
- बादाम को गरम पानी में भिगोकर छिलका निकाल लें. सूखने पर इसका पाउडर बनाकर रख दें. रोज़ाना बादाम के पाउडर में थोड़ा-सा दूध मिलाकर चेहरे पर मलें. ड्राई स्किन और दाग़-धब्बे दूर हो जाएंगे.
- शहद और गुलाबजल को मिलाकर चेहरे पर लगाएं. आधे घंटे बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो दें. त्वचा निखर जाएगी.
- 100 ग्राम गेहूं के चोकर को एक कप पानी में रातभर भिगोकर रखें. सुबह इसे चेहरे पर अच्छी तरह लगाकर मसाज करें. डेड स्किन से छुटकारा मिल जाएगा.
- क्रीम और मलाई त्वचा के लिए बेहतरीन मॉइश्चराइज़र का काम करते हैं. इनके इस्तेमाल से त्वचा न स़िर्फ जवां और ख़ूबसूरत नज़र आती है, बल्कि क्लींज़िंग और टोनिंग के बादकम हुए नैचुरल ऑयल को भी ये लौटा देते हैं.
- मक्के व ज्वार के आटे में समान मात्रा में मलाई मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इसे चेहरे पर लगाएं और सूख जाने पर धो लें. इससे डेड सेल हटने के अलावा चेहरे की टोनिंग और मॉश्चराइज़िंग भी हो जाती है. ये पेस्ट त्वचा में कसाव भी लाता है.
होममेड लोशन

खीरा-नींबू लोशनः 1 मध्यम आकार के खीरे को छीलकर गोल स्लाइसेस में काट लें. आधा नींबू का रस निकालकर रखें. बाउल में खीरे के स्लाइसेस रखें और ऊपर से नींबू का रस छिड़ककर एक घंटे तक यूं ही रहने दें. अब आंखों के आसपास की त्वचा को छोड़कर पूरे चेहरे पर खीरे के स्लाइस रगड़ें. 30 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें. यह ख़ासतौर पर ऑयली स्किन के लिए बहुत अच्छा है.
योगर्ट-कुकुंबर मैजिकः 1 छोटे खीरे को ब्लेंडर में डालकर ब्लेंड कर लें. अब उसे 100 ग्राम दही में मिक्स कर लें. इस पेस्ट को चेहरे व गले पर लगाएं. सूखने दें. ठंडे पानी से धो लें. यह सूदिंग पैक नॉर्मल व सेंसिटिव स्किन के लिए अच्छा है.
ओट्स-कोकोनट ऑयल क्रीमः 1/4 कप ओटमील पाउडर में 3/4 कप नारियल तेल मिलाएं. रोज़मेरी एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें और 1 टेबलस्पून ऑलिव ऑयल मिलाकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें और कंटेनर में भरकर रख दें. यह त्वचा को मॉइश्चराइज़ करने के साथ-साथ उसकी मरम्मत करके सॉफ्ट व सूदिंग बनाता है.
एलोवीरा-कुकुंबर लोशनः आधा कप एलोवीरा जेल, 1 खीरा, आधा कप नारियल तेल, आधा कप ऑलिव ऑयल. ब्लेंडर में ब्लेंड करके खीरे का रस निकालें. धीमी आंच पर नारियल तेल और ऑलिव ऑयल को गर्म करके आंच से उतार लें. ठंडा करें. एक जार में नारियल तेल, ऑलिव ऑयल, खीरे का रस और एलोवीरा जेल अच्छी तरह मिलाएं. ग्लास के जार में भरकर फ्रिज में रखें.
होममेड मॉइश्चराइज़र्स
- 2 टेबलस्पून मुलतानी मिट्टी में 1 टेबलस्पून शहद और 1 टेबलस्पून दूध मिलाकर पेस्ट बनाएं. चेहरे व गर्दन पर लगाएं. 15 मिनट तक रहने दें, फिर ठंडे पानी से चेहरा धो लें.
- मुट्ठीभर स्ट्रॉबेरी को काटकर पीस लें. इसमें एक नींबू का रस, आधा कप दही या क्रीम डालकर अच्छी तरह मिला लें. 30 मिनट तक फ्रिज में ठंडा होने दें. फिर चेहरे व गर्दन पर लगाएं. जब सूखने लगे, तब एक बार फिर लगाएं. 20 मिनट तक रहने दें. फिर धीरे-धीरे रगड़ते हुए पानी से चेहरा धो लें. ऑयली स्किन के लिए यह बहुत फ़ायदेमंद है.
- एलोवीरा का पल्प निकालें और चेहरे पर लगाएं. इसे और गीला करना चाहती हैं, तो इसमें थोड़ा-सा ग्लिसरीन मिला लें.
- 1 कप छाछ, आधा एवोकैडो का पल्प, 2 टेबलस्पून शहद और थोड़ा-सा ऑलिव ऑयल सबको मिलाकर चेहरे पर लगाएं. यह स्किन को बहुत अच्छी तरह से मॉइश्चराइज़ करता है.
- ऑलिव ऑयल भी बहुत अच्छा मॉइश्चराइज़र है. फाउंडेशन अप्लाई करने से 15 मिनट पहले इसे लगाएं.
- 2 गाजर को उबालकर मैश कर लें. इसमें आधा टीस्पून व्हीटजर्म ऑयल, 2 टीस्पून शहद, 2 बूंदें जरेनियम ऑयल मिलाएं. 20 मिनट तक लगाएं. ठंडे पानी से धो लेें.
मॉइश्चराइज़र क्यों है ज़रूरी?

मॉइश्चराइज़ेशन से स्किन की नमी बरक़रार रहती है और ड्राई भी नहीं होती. अगर आपकी स्किन ऑयली है, तब भी मॉइश्चराइज़ेशन ज़रूर करें. आप ऑयल फ्री मॉइश्चराइज़र का इस्तेमाल कर सकती हैं.
- ऐसे तो आप जितनी बार ज़रूरत लगे, मॉइश्चराइज़र लगा सकती हैं, लेकिन मॉइश्चराइज़र लगाने का बेस्ट समय नहाने के तुरंत बाद होता है.
- हाथ-पैर, घुटने व कोहनी सभी जगह मॉइश्चराइज़र लगाएं.
- बॉडी पर जैसे चाहे मॉइश्चराइज़र लगा सकते हैं, पर मॉइश्चराइज़र लगाते हुए स्ट्रोक्स हमेशा नीचे से ऊपर की ओर हो. बॉडी में जो जगह ज़्यादा ड्राई हो, वहां थोड़ा-सा ज़्यादा मॉइश्चराइज़र लगाएंं.
होममेड नाइट क्रीम
ऑलिव ऑयल नाइट क्रीमः आधा कप ऑलिव ऑयल, 1/4 कप विनेगर और 1/4 कप पानी को मिला लें. नियमित रूप से रात को सोने से पहले ऑलिव ऑयल नाइट क्रीम से चेहरे पर मसाज करें. इस नाइट क्रीम को लगाने से स्किन स्मूद और सॉफ्ट होती है.
नेचुरल नाइट क्रीम 1: 1-1 टेबलस्पून ऑलिव ऑयल और आल्मंड ऑयल को मिलाकर इससे चेहरे पर नियमित रूप से सोने से पहले हल्के हाथों से मसाज करें. ऐसा करने से चेहरे की बारीक़ लाइन्स और झुर्रियां कम होती हैं.
नेचुरल नाइट क्रीम 2: 1 सेब को छोटे टुकड़ों में काट लें और आधा कप ऑलिव ऑयल मिलाकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें. इस मिश्रण में 1/4 कप गुलाबजल मिलाकर हल्का-सा गर्म करें, ताकि सारी सामग्री अच्छी तरह से मिक्स हो जाए. ध्यान रहे इस मिश्रण को ज़्यादा देर तक न पकाएं. आंच से उतारकर ठंडा करें और फिर 1/4 कप गुलाबजल मिलाकर अच्छी तरह से फेंट लें. कांच की बॉटल में भरकर फ्रिज में रखें. रोज़ रात को सोने से पहले चेहरे और गर्दन पर लगाएं. इस क्रीम को लगाने से स्किन टोन होती है और कॉम्प्लेक्शन में निखार आता है. साथ ही एजिंग इफेक्ट कम होता है.
एप्पल नाइट क्रीमः कद्दूकस किए हुए 1 सेब में 1 टीस्पून ऑलिव ऑयल और 2 टीस्पून गुलाबजल मिलाकर पेस्ट बनाएं. रोज़ाना रात को सोने से पहले एप्पल नाइट क्रीम लगाने से चेहरे पर ग्लो आता है. सेंसिटिव स्किन के लिए यह बेस्ट ऑप्शन है.
मिल्क क्रीमः फेयर कॉम्प्लेक्शन, ग्लो और नॉर्मल स्किन के लिए मिल्क क्रीम बहुत ही फ़ायदेमंद है. मिल्क क्रीम बनाने के लिए 3 टीस्पून फेंटी हुई मलाई में आधा-आधा टीस्पून गुलाबजल, ऑलिव ऑयल और ग्लिसरीन अच्छी तरह से मिला लें. यह नाइट क्रीम स्किन को नेचुरली मॉइश्चराइज़ करती है.
होममेड नरिशिंग क्रीम

नरिशिंग क्रीम का इस्तेमाल अपनी स्किन टाइप के अनुसार रात या दिन में कभी भी कर सकते हैं.
ग्लिसरीन नरिशिंग क्रीमः 2-2 टेबलस्पून ग्लिसरीन और नींबू का रस मिलाकर कोल्ड क्रीम की तरह चेहरे और गर्दन पर लगाएं. रोज़ रात को सोने से पहले इस नरिशिंग क्रीम से चेहरे पर मसाज करें.
आल्मंड नरिशिंग क्रीमः 15-20 बादाम को 5-6 घंटे तक भिगोकर रखें. छिलका निकालकर मिक्सर में पीस लें. बादाम के पेस्ट में 100 ग्राम दही मिलाकर चेहरे और गर्दन पर लगाएं. 1 घंटे बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें.
कोकोनट फेस क्रीमः 3 टेबलस्पून नारियल का तेल, 1 टेबलस्पून ग्रेप सीड ऑयल और 1 टीस्पून विटामिन ई ऑयल को मिलाकर क्रीमी होने तक फेंट लें. रोज़ाना रात को सोने से पहले इस क्रीम को लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें. यह बहुत अच्छी इंस्टेंट रिपेयर ओवरनाइट मॉइश्चराइज़िंग क्रीम है.
नरिशिंग हैंड-बॉडी क्रीमः 1/4 कप नारियल का तेल, 1/8-1/8 कप शिया बटर और कोको बटर, 1-1 टेबलस्पून एलोवीरा जूस और अपनी इच्छानुसार कोई भी तेल (आल्मंड या जोजोबा आदि) और 5-10 बूंदें एसेंशियल ऑयल (ऐच्छिक). सबसे पहले शिया बटर, कोको बटर और नारियल के तेल को धीमी आंच पर गरम कर लें. बटर के पिघलने पर आंच से उतार लें. बाकी बची हुई सारी सामग्री मिलाकर कंटेनर में भरकर रख लें. नियमित रूप से बॉडी पर हल्के हाथों से मसाज करें.
होममेड सनस्क्रीन लोशन
धूप से त्वचा की हिफाज़त के लिए आज़माइए ये होममेड सनस्क्रीन लोशन.
तिल-ऑलिव लोशनः 40 मि.ली. तिल का तेल, 10 मि.ली. ऑलिव ऑयल और 10 मि.ली. आल्मंड ऑयल लें. सभी ऑयल को अच्छी तरह मिलाएं और चेहरे व गर्दन पर लगाएं. यह स्किन के लिए एक टॉनिक की तरह काम करता है और त्वचा को चिलचिलाती धूप से राहत देता है. यह सनटैन ठीक करने में भी लाभदायक है.
कैलेंडुला बॉडी लोशनः आधा कप बेस क्रीम, 1 टीस्पून कैलेन्डुला ऑयल, 1 टीस्पून एवोकैडो ऑयल- सारी सामग्री को कांच के बाउल में मिलाएं. एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें. नहाने के तुरंत बाद इस्तेमाल करें.
गुलाबजल लोशनः 1 टीस्पून टमाटर के रस में 2 बूंद नींबू का रस और 1 टीस्पून गुलाबजल मिलाएं. इस लोशन को चेहरे पर लगाएं.
ग्रेप सीड बॉडी लोशनः आधा कप बेस क्रीम, 1/4 कप ग्रेप सीड ऑयल, 1 टीस्पून विटामिन ई ऑयल लें. एक कांच के बाउल में सारी सामग्री मिलाएं. एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें और इस्तेमाल करें.
एक्स्ट्रा टिप्स
- दही में ककड़ी का पल्प मिलाकर चेहरे पर लगाएं. इससे सनटैन भी दूर होगा और स्किन स्मूद बनेगी.
- नारियल तेल प्राकृतिक तरी़के से सनटैन दूर करता है. धूप में निकलने से 20-25 मिनट पहले चेहरे व हाथ-पैर में नारियल तेल लगाएं.
- नारियल तेल में कद्दूकस किया हुआ कोको बटर मिलाएं. थोड़ा-सा पानी मिलाकर अपना सनस्क्रीन लोशन बनाएं. यह त्वचा को नर्म-मुलायम बनाने के साथ-साथ मॉइश्चराइज़ भी करता है.
- तिल का तेल और एवोकैडो ऑयल सन टैन से स्किन को प्रोटेक्शन देते हैं. दोनों तेल को मिक्स करें और उसमें कोको बटर मिलाकर गाढ़ा सनस्क्रीन लोशन बनाएं.
- 2-3 आलू को छीलकर पीस लें. इसे स्किन पर लगाएं. आधे घंटे तक सूखने दें. ठंडे पानी से धो लें. चाहें तो इसमें नींबू का रस भी मिला सकती हैं.
- बेसन में पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं. इसे चेहरे पर लगाकर 20 मिनट तक रहने दें. पानी की जगह गुलाबजल भी यूज़ कर सकती हैं. चाहें तो थोड़ा दही व नींबू का रस भी मिला लें.
- ताज़ा दही भी अप्लाई कर सकती हैं. चाहें तो दही में टमाटर व नींबू का रस भी मिला सकती हैं.
यूवी प्रोटेक्शन
सूर्य की हानिकारक किरणें त्वचा को बहुत नुक़सान पहुंचाती हैं. इनसे बचने के लिए ये ईज़ी होममेड टिप्स आज़माएं.
- तिल का तेल अपने आप में बहुत अच्छा सनस्क्रीन लोशन है.
- एक ककड़ी को छीलकर मैश कर लें. पतले कपड़े से छान लें. इसमें 1 टीस्पून गुलाबजल और ग्लिसरीन मिलाएं. इसे सनस्क्रीन लोशन की तरह यूज़ करें. यह सनटैन भी दूर करता है.
- ताज़ा पुदीने के पत्तों को पानी के साथ पीस लें. आधा कप तिल या नारियल तेल, 1 अंडे की जर्दी, 1-1 टेबलस्पून व्हीटजर्म ऑयल व नींबू का रस मिलाएं. अंत में पेपरमिंट ऑयल भी डालें. सबको मिलाकर फ्रिज में रखें और सनस्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए इस्तेमाल करें.
त्वचा की रंगत निखारने के लिए होममेड टिप्स
- चंदन पाउडर में 1-1 टेबलस्पून मिल्क पाउडर, शहद, नींबू का रस और बादाम का तेल मिलाएं. चेहरे पर लगाकर 10-15 मिनट तक सूखने दें, चेहरा धो लें.
- दूध में आधा टीस्पून हल्दी और कुछ बूंदें नींबू के रस की डालकर चेहरे पर लगाएं. 25 मिनट बाद धो लें.
- बेसन में नींबू का रस मिलाकर रोज़ नहाने के समय पूरे बॉडी पर लगाएं. यह प्राकृतिक ब्लीच की तरह काम करता है.
- नारियल पानी और अनन्नास का रस मिलाकर चेहरे पर लगाएं.
- मलाई में चुटकीभर हल्दी मिलाकर लगाएं. 20 मिनट बाद धो लें.
- हफ़्ते में एक बार 1 टेबलस्पून बेसन, एक चुटकी हल्दी व थोड़ा-सा दूध मिलाकर लगाने से रंग निखरता है.
- 1/4 कप नारियल तेल में 1/8-1/8 कप शिया बटर और कोको बटर मिलाकर धीमी आंच पर पिघलाएं. आंच से उतारकर 1 टेबलस्पून एलोवीरा जूस, 1 टेबलस्पून जोजोबा ऑयल व 5-10 बूंदें अपना मनपसंद एसेंशियल ऑयल मिलाएं. कंटेनर में भरकर रख दें. इसे लगाने से आपके कॉम्प्लेक्शन में निखार आता है.
- दही और ऑरेंज जूस मिक्स करके चेहरे पर लगाएं और 15 मिनट बाद चेहरा धो लें. इसे रोज़ाना 1 महीने तक इस्तेमाल करें.
- 2 टीस्पून टमाटर के रस में दही मिलाकर लगाने से चेहरे पर ग्लो आता है.
- रूखी त्वचा के लिए अंडे की जर्दी, ऑलिव ऑयल व नींबू का रस मिलाकर चेहरे व गर्दन पर लगाएं. 10 मिनट बाद चेहरा धो लें.
- एक टीस्पून दही में आधा टीस्पून ऑरेंज जूस मिलाकर पेस्ट बना लें. चेहरे पर 10 मिनट तक लगाकर रखें, फिर धो लें.
डार्क सर्कल के लिए होममेड रेमेडीज़
- पुदीने की पत्तियां व खीरे को पीसकर पेस्ट बना लें और इसे प्रभावित जगह पर लगाएं. डार्क सर्कल कम हो जाएंगे.
- बादाम को रातभर पानी में भिगोकर रखें. सुबह इसे पीस लें. इसमें कुछ बूंदें नींबू का रस मिलाकर प्रभावित जगह पर लगाएं. डार्क सर्कल से निजात पाने का यह एक अच्छा उपाय है.
- टमाटर की प्यूरी में थोड़ा-सा बेसन और 2-3 बूंद नींबू का रस मिलाकर लगाने से भी डार्क सर्कल से छुटकारा मिलता है.
- कच्चे आलू को पीसकर पेस्ट बना लें और डार्क सर्कल पर लगाएं.
- रोज़ाना खीरे की स्लाइस काटकर आंखों पर रखने से भी डार्क सर्कल कम होते हैं. डार्क सर्कल से मुक्ति पाने का यह आसान व कारगार उपाय है.
मुंहासों के लिए होममेड रेमेडीज़
- पुदीने के पत्ते और जई के पाउडर का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाएं. 20 मिनट बाद गरम पानी से धो लें. मुंहासे कम हो जाएंगे.
- जायफल या जामुन के बीज के पाउडर को गुलाबजल में डालकर पेस्ट बना लें. सूख जाने पर साफ़ पानी से चेहरा धो लें. ऐसा करने से मुंहासों से मुक्ति मिलती है.
- नीम, तुलसी और हरी धनिया का रस बराबर मात्रा में मिला लें और चेहरे पर लगाएं. 15 मिनट बाद चेहरा धो लें. प्राकृतिक गुणों से भरपूर नीम, तुलसी व हरी धनिया मुंहासों से निजात दिलाते हैं.
- 3 टीस्पून शहद में 1 टीस्पून दालचीनी पाउडर डालें और मुंहासों पर रातभर लगाकर रखें. सुबह गुनगुने पानी से धो लें. नियमित 2 सप्ताह तक ऐसा करें. मुंहासों से लंबे समय तक छुटकारा मिलेगा.
- 1/2 टीस्पून हल्दी, 1/2 टीस्पून कपूर, 2-3 बूंद सरसों का तेल और आधा नींबू का रस मिलाकर फेंट लें. इस पेस्ट को नहाने से पहले चेहरे पर लगाएं. इससे मुंहासे तो दूर होंगे ही, त्वचा भी निखर जाएगी.
झुर्रियों के लिए होममेड रेमेडीज़
- एक टीस्पून अंडे की जर्दी में बराबर मात्रा में टमाटर व नींबू का रस मिलाकर चेहरे पर लगाएं. झुर्रियां कम हो जाएंगी.
- एक टीस्पून स्किम्ड मिल्क पाउडर, एक अंडे की ज़र्दी व आधा टीस्पून शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएं. 15 मिनट बाद चेहरा धो दें.
- एक टीस्पून दही में एक चम्मच उड़द दाल का पाउडर डालकर पेस्ट बना लें और चेहरे पर लगाएं. सूखने पर पानी के छींटे मारें और गीले कॉटन से पोंछ लें.
- 1 टमाटर व संतरे का पल्प व आधे पपीते के गूदे में 1-1 टीस्पून गुलाबजल व ग्लिसरीन मिलाएं. 20 मिनट तक इस पेस्ट को चेहरे पर लगा रहने दें. सूखने पर चेहरा धो लें.
- मक्के व ज्वार का आटा और मलाई को अच्छी तरह मिलाकर चेहरे पर लगाएं. सूखने पर धो लें. ज्वार का आटा डेड सेल्स हटाता है. मक्के का आटा त्वचा में कसाव लाता है और मलाई से त्वचा को नमी मिलती है.
- 1 टीस्पून बेसन, 2 चुटकी हल्दी, 5-6 बूंद जैतून का तेल मिलाकर चेहरे पर लगाएं. 20 मिनट बाद ठंडे पानी से चेहरा धो दें.
तिल-मस्से के लिए होम रेमेडीज़
- तिल-मस्सों से छुटकारा पाने के लिए इन पर रोज़ाना अनन्नास का रस लगाएं.
- तिल-मस्से के गहरे रंग को हल्का करने के लिए फूलगोभी का रस भी लगा सकती हैं.
- हरी धनिया को पीसकर पेस्ट बना लें और इसे रोज़ाना तिल-मस्सों पर लगाएं.
- रोज़ाना रात में सोने से पहले तिल-मस्सों पर लहसुन का पेस्ट लगाएं. इससे तिल-मस्से कम होते हैं.
- चेहरे को अच्छी तरह धो लें. कॉटन को सिरके में भिगोकर तिल-मस्सों पर लगाएं. दस मिनट के बाद गुनगुने पानी से धो लें. दिन में दो बार ऐसा करने से तिल-मस्से दूर हो जाते हैं.
