Close

वास्तु शास्त्र: ये 13 चीजें उधार मांगकर कभी न करें इस्तेमाल (Vastu warns: Never borrow these 13 things,This can block luck, money and peace)

वास्तु शास्त्र में दिशाओं के महत्व के अलावा जीवन के कुछ नियम भी बताए गए हैं, जिसका पालन करके आप जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और ख़ुशियां पा सकते हैं. इन्हीं वास्तु नियमों के अनुसार कुछ चीज़ों को उधार लेकर इस्तेमाल करना अशुभ माना जाता है, क्योंकि ये घर की पॉज़िटिव एनर्जी को प्रभावित कर सकती है. कुछ वस्तुएं उधार लेने से नकारात्मकता बढ़ती है, जिससे आप परेशानियों में घिर सकते हैं. आइए, जानें उन चीज़ों के बारे में, जिन्हें किसी से मांगकर इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.

कम्पलीट वास्तु गाइड के लिए देखें मेरी सहेली का ये पॉडकास्ट, नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

वास्तु शास्त्र

कपड़े उधार लेना

वास्तु शास्त्र के अनुसार, किसी और के कपड़े मांगकर पहनना अशुभ होता है. किसी दूसरे के कपड़े से उस व्यक्ति की नेगेटिव एनर्जी आपके जीवन में आ सकती है. इससे मानसिक तनाव से लेकर हेल्थ प्रॉब्लम्स आपको परेशान कर सकती हैं. इसलिए बेहतर होगा कि किसी के कपड़े कभी उधार न लें.

दूसरे की घड़ी इस्तेमाल करना

वास्तु में घड़ी को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है. घड़ी को समय और जीवन की गति का प्रतीक माना जाता है. इसके सही या गलत इस्तेमाल का सीधा असर व्यक्ति पर पड़ता है. किसी और की घड़ी पहनने से आपकी ऊर्जा और भाग्य प्रभावित हो सकता है. यह नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित कर सकता है, जिससे आपके काम में देरी हो सकती है या असफलता मिल सकती है. घड़ी समय का प्रतीक है और समय को धन से भी जोड़ा जाता है. इसलिए किसी से उधार ली घड़ी या किसी की पहनी हुई घड़ी नहीं पहननी चाहिए. इसके अलावा अपनी घड़ी भी किसी को इस्तेमाल के लिए न दें.

किसी दूसरे का गहने मांगकर पहनना

गहने न केवल सौंदर्य बढ़ाते हैं, बल्कि वास्तु में इन्हें समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी माना जाता है. किसी और के गहने मांगकर पहनने से उनकी नकारात्मक ऊर्जा आपके जीवन में प्रवेश कर सकती है. इससे आर्थिक परेशानी घेर सकती है, परिवार में तनाव हो सकती है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं. इसलिए किसी से भी गोल्ड या सिल्वर ज्वेलरी मांगकर न पहनें.

किताबें उधार लेना

वास्तु शास्त्र में किताबों को ज्ञान का प्रतीक माना जाता हैे. किताबें ऊर्जा का माध्यम हैं. बेहतर होगा कि किसी से उधार लेकर किताबें इस्तेमाल न करें. इससे आपको नकारात्मक ऊर्जा घेर सकती है. किसी और की किताब में उनकी ऊर्जा संग्रहित हो सकती है, जो आपके दिमाग और घर की शांति को प्रभावित कर सकती है.

बर्तन उधार लेना

वास्तु में रसोई को समृद्धि और स्वास्थ्य का केंद्र माना जाता है. रसोई से ही पूर घर में ऊर्जा का संचार होता है. उधार के बर्तनों का उपयोग करने से घर की सकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और दूसरे घर की नकारात्मक ऊर्जा आपके भोजन में मिल सकती है, जिससे घर की समृद्धि में बाधा आती है, परिवार के स्वास्थ्य और सुख-शांति प्रभावित होती है. इसलिए कभी भी किसी और का बर्तन अपनी रसोई में इस्तेमाल न करें. ख़ासकर किसी और से स्टील या तांबे के बर्तन मांगकर इस्तेमाल बिल्कुल भी न करें.

वास्तु शास्त्र

जूते-चप्पल

वास्तु के अनुसार किसी और के जूते-चप्पल पहनना अशुभ होता है. जूते-चप्पल व्यक्ति की ऊर्जा को अपने भीतर अवशोषित कर लेते हैं. जब आप किसी और के चप्पल या जूते पहनते हैं, तो उनकी नकारात्मक ऊर्जा आपके जीवन में प्रवेश कर सकती है, जिससे कई तरह की बाधाएं और परेशानियां आ सकती हैं. इससे आपको कई तरह की हानि का सामना भी करना पड़ सकता है. यह आदत अक्सर बच्चों या घर के सदस्यों में देखने को मिलती है. अगर जीवन में सुख-शांति या समृद्धि चाहते हैं तो किसी का जूता-चप्पल इस्तेमाल करने से बचें.

गैस चूल्हा या स्टोव

रसोई घर में चूल्हा या गैस स्टोव को अन्न और घर की समृद्धि का प्रतीक माना गया है. यदि आप किसी से गैस चूल्हा उधार लेकर उसका इस्तेमाल करते हैं, तो इससे आर्थिक समस्याएं, खाने की कमी या घर में अशांति जैसी स्थिति बन सकती है. यह आपके घर की बरकत भी प्रभावित हो सकती है.

पुराना फर्नीचर

पुराने फर्नीचर को कुछ लोग स्टाइलिश समझकर अपने घर ले आते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसा फर्नीचर अपने साथ पुराने मालिक की भावनात्मक और मानसिक ऊर्जा भी लेकर आता है. अगर वह व्यक्ति जीवन में संघर्ष कर रहा था, तो उसका असर आपके घर की शांति और रिश्तों पर पड़ सकता है. इससे घर में बार-बार तनाव, कलह और मानसिक अशांति भी हो सकती है.

इन बातों का भी रखें ख़्याल

वास्तु शास्त्र

नमकः नमक को सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. किसी और का इस्तेमाल किया हुआ नमक घर में नकारात्मक ऊर्जा ला सकता है, जिससे आर्थिक परेशानियां हो सकती हैं.

तेलः तेल का संबंध शनि देव से माना जाता है. किसी और के घर से मांगा गया तेल घर में शनि दोष ला सकता है, जिससे धन की हानि हो सकती है

सुईः सुई को नकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. किसी के घर की सुई मांगने पर घर में नकारात्मक ऊर्जा आ सकती है, जिससे घर में अशांति हो सकती है.

रुमालः रुमाल को निजी वस्तु माना जाता है. किसी और का इस्तेमाल किया हुआ रुमाल घर में नकारात्मक ऊर्जा ला सकता है, जिससे रिश्तों में खटास आ सकती है.

कलमः कलम को ज्ञान और विद्या का प्रतीक माना जाता है. किसी और की इस्तेमाल की हुई कलम का इस्तेमाल करने से विद्या में बाधा आ सकती है.

ध्यान रखें

किसी उधार ली हुई वस्तु को सम्मान के साथ लौटाएं और किसी भी वस्तु को उधार देते समय यह सुनिश्‍चित करें कि आप उसे वापस पाने में सक्षम हैं. अगर किसी वस्तु को उधार लेना बहुत ज़रूरी है, तो उसे कुछ समय के लिए ही लें और जल्दी लौटा दें.

Share this article