
कहीं भी धार्मिक स्थल पर चले जाएं, गहरा सुकून, शांति और आस्था से मन भर जाता है. कुछ ऐसा ही हाल हुआ अभिनेत्री भूमि पेडनेकर का अपने पुष्कर यात्रा में. राजस्थान में स्थित भारत का एकमात्र ब्रह्मा भगवान का मंदिर है पुष्कर में.

लोगों की इसमें गहरी आस्था है. यही अनुभूति भूमि को भी हुई यहां आने पर. उन्होंने अपने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पुष्कर की अपनी अद्भुत यात्रा और सुखद अनुभूति को साझा किया. उन्होंने जहां सृष्टि के रचियता ब्रह्मा जी के मंदिर की ख़ूबसूरत झलकियां दिखाई तो वहीं पुष्कर के मशहूर खानपान ख़ास मिठाई का भी ज़िक्र किया. यहां बेज़ुबान जानवरों की सेवा और समर्पित संस्था के कार्यशैली को देखकर भी वे अभिभूत हुईं.

भूमि पेडनेकर कहती हैं-
यहीं से सब कुछ शुरू हुआ. हम, भगवान ब्रह्मा की सुंदर रचना. पुष्कर के पवित्र शहर में घूमते हुए मेरे मन में यही भावना थी. इस शहर में 1100 से अधिक मंदिर हैं और यह भगवान ब्रह्मा को समर्पित एकमात्र प्रमुख तीर्थ स्थल है. पुष्कर एक ऐसी जगह है, जहां पौराणिक कथाएं, इतिहास और आस्था का बहुत गहरा संगम देखने को मिलता है.

यहां सुनी कहानियों ने मेरे रोंगटे खड़े कर दिए. मंदिर और पवित्र घाट तो यादगार थे ही लेकिन एनिमल केयर सोसाइटी पुष्कर की यात्रा ने भी मुझ पर गहरा असर डाला, जहां बचाए गए और बेसहारा जानवरों की देखभाल की जाती है.

लकवाग्रस्त या अकल्पनीय क्रूरता का शिकार हुई गायों से लेकर पक्षियों, बत्तखों, बंदरों, गिनी पिग और कई अन्य जानवरों तक, हर जीव के साथ सम्मान और दया का व्यवहार किया जाता है.

यह एक सुंदर याद थी कि सेवा ही पूजा का सबसे सच्चा रूप है. शहर के मशहूर मालपुए से लेकर यहां के जीवंत इज़राइली कैफे तक, पुष्कर प्राचीन परंपराओं और दुनियाभर की संस्कृतियों का एक सुंदर मिश्रण है.

मैं यहां से भरे हुए दिल, शांत मन और भारत की सदाबहार आध्यात्मिक विरासत के प्रति गहरी समझ के साथ लौटी. यहां सीखने और समझने के लिए बहुत कुछ है.
यह भी पढ़ें: केतन मर्डर केस में अमाल मलिक ने कही खरी खरी… (Amaal Mallik speaks his mind on the Ketan murder case)
भूमि के इस पोस्ट पर फैंस ने भरभर के अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. सबने पुष्कर की भरपूर तारीफ़ की. कुछ ने भूमि की अध्यात्म की तरफ़ झुकाव को लेकर भी बातें कीं और शुभकामनाएं दीं. साथ ही पुष्कर के बारे में बताने को लेकर आभार भी प्रकट किया गया.

भूमि पेडनेकर उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने ख़ूबसूरती को ताक पर रख कुछ अलग तरह से ही अपने अभिनय का लोहा मनवाया है. अपनी पहली ही फिल्म ‘दम लगा कर हईशा’ को लेकर न केवल अपना वज़न बढ़वाया, बल्कि अपने लाजवाब एक्टिंग से हर किसी को आश्चर्यचकित कर दिया. इसके लिए बेस्ट डेब्यू का भी अवॉर्ड मिला.

जबसे हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने देशवासियों से अपने देश को देखने और यात्रा करने का आव्हान किया था. तबसे आम हो या सेलेब्स हर कोई अधिक से अधिक भारत में घूमने-फिरने को तवज्जो दे रहा है. फिर चाहे वो छोटे-छोटे शहर, हिल स्टेशन हो या कश्मीर-कन्याकुमारी. सच, हर किसी को इसी तरह भारत भ्रमण ज़रूर करते रहना चाहिए, धन्यवाद नमो!




Photo Courtesy: Social Media
