एक बार बारिश शुरू हो जाए तो फिर उसका रुकना मुश्किल होता है. ऐसे मौसम में अपने पसंदीदा डेनिम जींस पहनकर उसे ख़राब करने का जोख़िम कोई भी नहीं लेना चाहेगा. कीचड़ से भरी सड़कें, पानी से लबालब गड्ढे और छींटों से भरा रास्ता आपकी डेनिम को ख़राब करने के लिए काफ़ी हैं.
अब पैंट्स का विकल्प केवल डेनिम तक सीमित नहीं रहा. आज बाज़ार में ऐसे अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, जिन्हें बरसात के मौसम में आराम से पहना जा सकता है. आप भारी और संभालने में मुश्किल डेनिम की जगह बरमूडा, कुलोट, हैरम पैंट्स, कैप्री, एंकललेंथ ट्राउज़र या रुच्ड (टाईअप) पैंट्स अपना सकती हैं.
बरमूडा या टूफोर्थ
बरमूडा के आधुनिक रूप को टूफोर्थ कहा जाता है. यह लंबाई में स्पोर्ट्स शॉर्ट्स और कैप्री के बीच का पैंट होता है, जो घुटनों से थोड़ा ऊपर तक आता है. आज यह दुकानों में फंकी स्टाइल के बरमूडा उपलब्ध हैं. कुछ समय पहले अभिनेत्री अमृता अरोड़ा भी ऐसे पैंट्स में नज़र आई थीं. उन्होंने इसके साथ बेबी पिंक रंग का ट्यूब टॉप पहना था. इसी वर्ष की शुरुआत में मुंबई और दिल्ली फैशन वीक में भी कई मॉडल ने अलग-अलग रंगों और कपड़ों के बरमूडा पहने थे. इस साल टूफोर्थ पैंट्स अंतरराष्ट्रीय रैंप पर भी ख़ूब दिखाई दिए.
यह भी पढ़ें: स्लिम नज़र आने के लिए 40+ स्मार्ट फैशन और स्टाइलिंग ट्रिक्स (40+ Fashion And Styling Tricks To Look Slimmer)
कुलोट या गाउचो
कुलोट या गाउचो बेहद ट्रेंडी और घेरदार पैंट्स होते हैं, जो पहली नज़र में स्कर्ट जैसे दिखाई देते हैं. ये कमर और हिप्स पर फिट होते हैं, जबकि नीचे की ओर इनका घेर काफ़ी होता है. इसलिए इन्हें पहनना बहुत आरामदायक रहता है. ब्राउन, बेज, ब्लैक और बाटल ग्रीन जैसे रंगों के कुलोट बरसात के मौसम के लिए अच्छे विकल्प हैं.
रुच्ड (टाईअप) पैंट्स
रुच्ड या टाईअप पैंट्स ऐसे होते हैं, जिनके निचले हिस्से को डोरी की सहायता से बांधा जा सकता है. ये कैप्री लंबाई के भी हो सकते हैं और पूरे पैंट की लंबाई वाले भी. अंतरराष्ट्रीय कलाकार से लेकर हिंदी फिल्म जगत की अभिनेत्रियां भी ऐसे पैंट्स पहनती नज़र आती हैं. इनका फिटिंग बहुत अच्छा होता है. किनारों पर लगी डोरियों की मदद से इन्हें और अधिक फिट किया जा सकता है या टखनों पर बांधकर स्टाइलिश लुक दिया जा सकता है. इनके साथ स्पेगेटी टॉप से लेकर पीजेंट ब्लाउज़ तक लगभग हर तरह का परिधान अच्छा लगता है. यदि आप रुच्ड पैंट्स की बजाय साधारण लुक पसंद करती हैं तो कैप्री, एंकल लेंथ ट्राउजर या स्ट्रेट तथा पेंसिलकट पैंट्स भी पहन सकती हैं.
हैरम पैंट्स
सत्तर के दशक में अभिनेत्री हेलन जिस तरह के पैंट्स पहनती थीं, वही अब नए अंदाज़ में हैरम पैंट्स के रूप में फिर से फैशन में लौट आए हैं. आज कई सेलिब्रिटीज़ इन्हें पहनते दिखाई देते हैं और कॉलेज के स्टूडेंट्स में भी ये काफ़ी लोकप्रिय हो रहे हैं. बाज़ार में ये कई रंगों में उपलब्ध हैं, लेकिन अधिक स्टाइलिश दिखने के लिए गोल्ड, सिल्वर या कॉपर रंग बेहतर माने जाते हैं.
फैशन डिज़ाइनर्स का मानना है कि इस मौसम में थ्रीफोर्थ पैंट्स, विशेष रूप से गाउचो, सबसे अधिक लोकप्रिय रहेंगे. ये बेहद आरामदायक और सुविधाजनक आउटफिट हैं. हालांकि उनका सुझाव है कि बरसात के मौसम में गाउचो ख़रीदते समय ब्लैक या ब्राउन जैसे गहरे रंगों को प्राथमिकता दें, क्योंकि हल्के रंग बारिश के मौसम में जल्दी गंदे हो जाते हैं और उतने आकर्षक नहीं लगते.
- स्नेहा सिंह

Photo Courtesy: Freepik
