Close

विंटर हेयर प्रॉब्लम्स की होम रेसिपीज़ (Home remedies for Winter hair problems)

सर्दियों का मौसम जहां एक ओर सुहाना होता है, वहीं हमारे बालों के लिए कई तरह की समस्याएं भी लेकर आता है. ठंडी हवा, नमी की कमी, पानी कम पीना और गरम पानी से नहाने की आदत... इन सभी वजहों से बाल रूखे, बेजान हो जाते हैं और जड़ से कमज़ोर भी हो जाते हैं. इन सबसे बालों को बचाना है तो बदलते मौसम में अपने बालों का ख़ास ख़याल रखना होगा...उनकी ख़ूबसूरती बरकरार रखनी होगी... विंटर हेयर केयर टिप्स ट्राई करने होंगे.

विंटर में होने वाली कॉमन हेयर प्रॉब्लम्स

ड्राई और बेजान बाल

सर्दियों में ठंडी हवा और नमी की कमी से बालों का नेचुरल ऑयल ख़त्म होने लगता है. नतीज़ा- रूखे, उलझे और बेजान बाल.

होम केयर

- थोड़े से शैम्पू में एक अंडा मिलाकर लगाएं. 5-10 मिनट बाद अच्छे से बाल धो लें. ये आपके लिए प्रोटीन ट्रीटमेंट होगा.

- ऑलिव ऑयल को हल्का-सा गर्म करके बालों में लगाएं. गर्म टॉवेल लपेटकर आधा घंटा रहने दें. शैम्पू कर लें.

- ब्लैक टी से बालों को फाइनल रिंस करें. बालों में नई शाइन नज़र आने लगेगी.

- 1 टीस्पून एप्पल साइडर विनेगर, 2 टेबलस्पून ऑलिव ऑयल और 3 अंडे की सफेदी को मिक्स करके बालों में लगाएं. आधा घंटे बाद बाल धो लें.

- बालों में शाइन के लिए बालों को बटर से मसाज करें. आधा घंटे ढंककर रखें. फिर शैम्पू कर लें.

डैंड्रफ

सर्दियों में स्कैल्प ड्राई हो जाता है, स्कैल्प पर परतें जमने लगती हैं, जिससे रूसी की समस्या होने लगती है.

होम केयर

- एक टेबलस्पून मेथी के दाने को 5 टेबलस्पून गर्म नारियल के तेल में मिलाकर दरदरा कूट लें. तेल को उबाल लें और ठंडा होने दें. जड़ों में लगाएं. दो घंटे बाद बालों को धो लें.

- एक कप दही में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर स्कैल्प पर लगाएं.

- एक कप गर्म पानी में रीठा को रातभर भिगोकर रखें. सुबह उसे अच्छी तरह मसलकर उसका जूस निकाल लें. छानकर बालों की जड़ों में लगाएं. 15 मिनट बाद गुनगुने पानी से बालों को धो लें.

- आधे कप नारियल या नीम के तेल में 1 टीस्पून कपूर मिलाएं. इस मिश्रण को कांच की बोतल में भरकर रख दें. सोने से पहले इस तेल से बालों की जड़ों में मसाज करें.

- नीम और तुलसी की पत्तियों को पानी में उबाल लें. जब पानी आधा रह जाए तो ठंडा होने दें. इससे बाल धोएं. डैंड्रफ से छुटकारा मिलेगा.

बालों का टूटना और झड़ना

ठंड के मौसम में ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है, जिससे बालों की जड़ें कमज़ोर हो जाती हैं और हेयर फॉल की समस्या बढ जाती है.

होम केयर

- नारियल या बादाम के तेल से रोज़ाना बालों के जड़ों में 10-15 मिनट तक मसाज करें.

- नीम की पत्तियों को पानी में उबालें. ठंडा होने पर छानकर रख दें. इससे बालों को रिंस करें.

- हेयर कलर ब्रश से नारियल का दूध बालों में लगाएं. आधे घंटे तक तौलिए से ढंककर रखें. हेयर वॉश कर लें.

- अंडे में ऑलिव ऑयल मिलाकर बालों में लगाएं. 20 मिनट बाद शैम्पू कर लें.

- प्याज़ के रस में शहद और गुलाबजल मिलाकर लगाएं. आधे घंटे बाद बाल धो लें.

- दो ग्रीन टी बैग को गर्म पानी में डालकर रखें. जब ये ठंडा हो जाए, तो इससे बालों को फाइनल रिंस करें.

- एक कप नारियल तेल में 4-5 आंवले को तब तक उबालें जब तक कि तेल का रंग काला न हो जाए. इससे हेयर मसाज करें. आधे घंटे बाद हेयर वॉश कर लें.

दोमुंहे बाल

सर्दियों में ड्राईनेस की वजह से दोमुंहे बालों की समस्या बढ जाती है. इससे बाल हेल्दी नहीं लगते. डल दिखने लगते हैं.

होम केयर

- आधा पपीता को छीलकर उसका बीज निकाल लें और मिक्सर में पीसकर पेस्ट बना लें. इसमें आधा कप दही मिलाकर बालों और जड़ों में लगाएं. 30 मिनट बाद गर्म पानी से बालों को धो लें.

- शैम्पू करने के बाद हर बार ये हेअर टॉनिक इस्तेमाल करें. आधा कप दूध लेकर उसमें एक टेबलस्पून मलाई मिलाकर बालों में लगाएं. 15 मिनट बाद बालों को पानी से अच्छी तरह धो लें.

- दोमुंहे बालों के लिए आप ये नुस्ख़े भी आज़मा सकती हैं- आधा कप दही में एक टेबलस्पून शहद मिलाएं. बालों में लगाकर 20 मिनट बाद बालों को धो लें. बालों  में नई चमक आ जाएगी.

- कैस्टर ऑयल, ऑलिव ऑयल और सरसों तेल को मिक्स करके बालों की जड़ों में क़रीब आधे घंटे तक मसाज करें. फिर इसे पूरे बालों में लगाकर गरम तौलिए से लपेट लें. 2 घंटे बाद बाल धो लें. ऐसा करने से दोमुंहे बालों से छुटकारा मिलता है.

- 1 टेबलस्पून बादाम के तेल में 1 अंडे की स़फेदी मिक्स करके बालों की जड़ों व बालों पर लगाएं. 1 घंटे लगाकर रखें, फिर बाल धो लें.

- एवाकाडो का पेस्ट बनाकर बालों पर उसका मास्क बनाकर लगाएं. एवाकाडो का ये मास्क 30 मिनट तक बालों पर लगाकर रखें, फिर बाल धो लें. आप चाहें तो एवाकाडो के मास्क में गरम ऑलिव ऑयल भी मिक्स कर सकती हैं. ये मास्क हफ्ते में एक बार लगाएं.

बालों का टूटना

मॉइश्‍चर की कमी के कारण बाल ड्राई और फ्रिज़ी हो जाते हैं, जिससे बाल टूटने लगते हैं.

होम केयर

- केले को अच्छी तरह मैश करें और बालों में जड़ से सिरे तक लगाएं. 15 मिनट बाद बालों को शैम्पू कर लें.

- 3 अंडे की सफेदी में एक टेबलस्पून ऑलिव ऑयल और 2-3 बूंद विटामिन ई ऑयल मिलाकर बालों में लगाएं. आधे घंटे बाद बाल धो लें.

- मेयोनीज़ से बालों की डीप कंडीशनिंग करें. बालों में मेयोनीज़ लगाएं. एक घंटे बाद पहले पानी से बाल धोएं. फिर शैम्पू लगाएं.

- शैम्पू में 2-3 बूंद शहद मिलाकर हेयर वॉश करें.

- बालों को बीयर से धोएं. या फिर बीयर को स्प्रे बॉटल में भरकर रखें. बाल धोने-सुखाने के बाद एक्स्ट्रा शाइन के लिए बालों में बीयर स्प्रे करें.

- आंवला पीसकर इसमें नींबू का रस मिलाएं. बालों में 20 मिनट तक लगाकर रखें. शैम्पू कर लें.

विंटर हेयर केयर टिप्स

ऑयल मसाज

- ऑयलिंग को हेयर केयर रूटीन में शामिल करें. हफ्ते में 2 बार ऑयलिंग करें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होगा और बालों को पोषण भी मिलेगा.

ये बेस्ट ऑयल कॉम्बिनेशन ट्राई करें.

- ड्राई हेयर के लिए नारियल तेल और कैस्टर ऑयल मिक्स करके ऑयलिंग करें.

- हेयर फॉल हो रहा हो तो सरसों का तेल के तेल में विटामिन ई मिलाकर हल्का गुनगुना करके ऑयल मसाज करें.

- बालों में एक्स्ट्रा शाइन के लिए ऑलिव ऑयल और बादाम का तेल मिलाकर लगाएं. रात भर रहने दें. सुबह हेयर वॉश करें.

हेयर वॉश रूल्स

- बाल ज़्यादा न धोएं.

- हफ्ते में 2-3 बार ही हेयर वॉश करें.

- हेयर वॉश के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. बालों को ज़्यादा गर्म पानी से न धोएं. इससे बालों को नुकसान पहुंच सकता है.

- बालों को बार-बार शैंपू करने से बचें. सर्दियों में बाल वैसे ही रूखे हो जाते हैं और बहुत ज़्यादा शैंपू का इस्तेमाल बालों को और भी रूखा बना सकता है.

- सल्फेट-फ्री शैम्पू का ही इस्तेमाल करें.

कंडीशनिंग और हेयर मास्क

- हर हेयर वॉश के बाद कंडीशनर ज़रूर अप्लाई करें. कंडीशनर अप्लाई करने के बाद ठंडे पानी से बालों को फाइनल रिंस करें. इससे बालों में चमक आएगी.

- बालों में कंडीशनर के अलावा हेयर सीरम भी लगाएं.

- लीव-इन कंडीशनर अप्लाई करें. विंटर सीज़न में रूखे और बेजान बालों में ये नई जान ला देता है.

- हफ्ते में एक बार डीप कंडीशनिंग मास्क लगाएं.

- बालों में कंडीशनर के अलावा हेयर सीरम भी लगाएं.

- ये होममेड हेयर मास्क ट्राई करें. केला में शहद मिलाकर लगाएं. या फिर नारियल तेल और ऐलावेरा जेल मिलाकर बालों में लगाएं. दही में अंडा मिलाकर लगाने से भी बाल हेल्दी दिखते हैं.

बालों को दें विंटर प्रोटेक्शन

- बाहर जाते समय स्कार्फ या कैप पहनें.

- गीले बालों के साथ कभी बाहर न निकलें. ठंडी हवाएं बालों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.

- अगर आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करती हों, तो विंटर में उसे कूल सेटिंग पर इस्तेमाल करें. इससे आपके बाल रूखे होने से बच जाएंगे और टूटेंगे भी नहीं.

- कर्लिंग आयरन का इस्तेमाल कम करें.

डायट और हाइड्रेशन

बाल बाहर से ही नहीं अंदर से भी हेल्दी होने चाहिए. इसके लिए ज़रूरी है न्यूट्रिशियस डायट लेना. हेल्दी बालों के लिए अपने डायट में ये चीज़ें शामिल करें.

प्रोटीनः दाल, अंडा और पनीर को डायट का हिस्सा बनाएं.

आयरनः पालक-चुकंदर को डेली डायट में शामिल करें.

ओमेगा 3ः अलसी और अखरोट ओमेगा 3 के अच्छे सोर्स हैं.

पानीः हेल्दी बालों के लिए बॉडी का हाइड्रेट रहना भी ज़रूरी है. इसके लिए दिन में 3-4 लीटर पानी पीएं.

विंटर के लिए असरदार होम रेमेडीज़

- दही में शहद मिलाएं. बालों में 30 मिनट लगाकर रखें. बाल धो लें.

- स्कैल्प में एलोवेरा जेल लगाकर 20-30 मिनट बाद वॉश करें.

- अंडा और ऑलिव ऑयल मिलाकर हफ्ते में एक बार लगाएं. इससे हेयर फॉल कम होता है.

- भीगे मेथी दाने पीसकर स्कैल्प में लगाएं. इससे डैंड्रफ की प्रॉब्लम में फायदा होता है.

- हेयर ग्रोथ के लिए हफ्ते में एक बार प्याज़ का रस लगाएं. 15-20 मिनट बाद बाल धो लें.

- नारियल के तेल में करीपत्ते, तुलसी और जासवंत के फूल का रस मिलाकर उबालें. इसे बालों में लगाएं और थोड़ी देर बाद बालों को धो लें. बालों में नई चमक आ जाएगी.

- बालों को सॉफ्ट-स्मूद बनाने के लिए दही, बीयर और अंडे से डीप कंडीशन करें.

विंटर में क्या न करें?

- रोज़ बाल न धोएं.

- बहुत गरम पानी से बाल न धोएं.

- ज़्यादा हेयर स्टाइलिंग टूल्स का इस्तेमाल न करें.

- बाल को बहुत देर तक गीला न छोड़ें.

Share this article