Close

ख़ूबसूरती की दुश्मन हैं ये 10 बुरी आदतें (The 10 bad habits are the enemy of beauty)

बुरी आदतें न स़िर्फ हमें ज़िंदगी की रेस में पीछे धकेल देती हैं, बल्कि हमारी ख़ूबसूरती भी बिगाड़ सकती हैं. कौन-सी आदतें हैं ख़ूबसूरती की दुश्मन? आइए, हम आपको बताते हैं.

1. मेकअप साफ़ करते समय चेहरे को रगड़ना

चेहरे से मेकअप हटाते समय अगर उसे ठीक से साफ़ न किया जाए, तो त्वचा पर इसका गहरा प्रभाव पड़ता है. जल्दी-जल्दी में मेकअप को रगड़कर साफ़ करना ग़लत आदत है. 

क्या होता है इससे?

* त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ सकते हैं.

* व्हाइट हेड्स होने की संभावना बढ़ जाती है.

* रोमछिद्रों के बंद हो जाने से त्वचा खुलकर सांस नहीं ले पाती.

क्या है सही तरीक़ा?

* कॉटन बॉल में मेकअप रिमूवर लगाकर चेहरे को हल्के हाथों से क्लीन करें. 

* मेकअप निकालने के बाद स्किन को टोन-अप करने के लिए टोनर अप्लाई करें और उसके बाद मॉइश्‍चराइज़र लगाएं. 

2. चेहरे को बार-बार छूना

किसी से बात करते समय, खाना खाते समय या अन्य किसी कारणवश चेहरे को बार-बार हाथों से छूना भी बुरी आदत है, इसलिए इससे बचना चाहिए.   

क्या होता है इससे?

* त्वचा में इंफेक्शन हो सकता है.

* कील-मुंहासों की शिकायत हो सकती है.

* कई समय तक पिंपल्स बने रहने के कारण चेहरे पर काले दाग़-धब्बे भी हो जाते हैं.

क्या है सही तरीक़ा?

* स्किन बहुत सेंसिटिव होती है, इसलिए चेहरे पर हाथ लगाने से पहले उन्हें अच्छी तरह साफ़ कर लें.

* मेकअप करने के लिए उंगलियों की बजाय मेकअप ब्रश, स्पंज आदि का इस्तेमाल करें.

3. हाइजीन का ध्यान न रखना

मेनीक्योर, पेडिक्योर, स्पा या कोई भी ब्यूटी ट्रीटमेंट लेते समय हाइजीन का ध्यान न रखना भी बुरी आदत है, इसलिए उसी पार्लर में जाएं, जहां सफ़ाई का ख़ास ध्यान रखा जाता हो.

क्या होता है इससे?

* ग़लत ट्रीटमेंट के कारण नाख़ूनों में पैरोनायशिया नाम का इंफेक्शन हो सकता है. नाख़ूनों का रंग बदलना भी फंगस की निशानी है.

* अनहाइजीनिक फिश स्पा कराने से हेपेटाइटिस सी और एचआइवी जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं.

* ख़राब क्वालिटी के ब्यूटी और स्पा प्रॉडक्ट्स का इस्तेमाल करने से स्किन एलर्जी की शिकायत हो सकती है.   

क्या है सही तरीक़ा?

* ब्यूटी पार्लर में मेनीक्योर, पेडिक्योर या कोई भी ब्यूटी ट्रीटमेंट कराते समय साफ़-सफ़ाई का ख़ास ध्यान रखें.

* आपकी स्किन पर इस्तेमाल किए जा रहे प्रॉडक्ट्स की क्वालिटी पर भी विशेष ध्यान दें.

4. ज्यादा मात्रा में ब्लीच का इस्तेमाल

त्वचा का रंग गोरा करने की चाह में ज़रूरत से ज़्यादा ब्लीच का इस्तेमाल करना बुरी आदत है.

क्या होता है इससे?

* ब्लीच में स्ट्रॉन्ग केमिकल्स होने के कारण इसकी ज़्यादा मात्रा त्वचा को नुक़सान पहुंचा सकती है, इसलिए इसे बहुत देर तक चेहरे पर न लगाएं.

* हफ़्ते में 2-3 बार ब्लीच का इस्तेमाल करने से उम्र से पहले ही झुर्रियों की शिकायत हो सकती है.

* इससे चेहरे के बाल हमेशा के लिए स़फेद हो सकते हैं. 

क्या है सही तरीक़ा?

* महीने में एक बार या दो महीने में एक बार ही चेहरे पर ब्लीच अप्लाई करें.

* चेहरे पर ब्लीच लगाने से पहले उसकी थोड़ी-सी मात्रा हाथ पर लगाकर देखें. अगर हाथ में जलन न हो, तभी इसे चेहरे पर लगाएं.

5. बार-बार मॉइश्‍चराइज़र लगाना

त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाए रखने के लिए ज़रूरत से ज़्यादा और दिन में कई बार चेहरे व शरीर पर मॉइश्‍चराइज़र लगाना भी अच्छी आदत नहीं है.

क्या होता है इससे?

* त्वचा के रोमछिद्र बंद हो जाते हैं.

* कील-मुंहासे, व्हाइट हेड्स और स्किन एलर्जी होने की संभावना रहती है.

क्या है सही तरीक़ा?

* दिन में कम से कम एक या दो बार ही चेहरे पर मॉइश्‍चराइज़र लगाएं.

* अपने स्किन टाइप (जैसे ऑयली, ड्राई, नॉर्मल) को ध्यान में रखते हुए मॉइश्‍चराइज़र ख़रीदें.

6. मेकअप किट की सफ़ाई न करना

अक्सर ऐसा होता है कि मेकअप के लिए इस्तेमाल किए गए सामान, जैसे- मेकअप ब्रश, स्पंज आदि की साफ़-सफ़ाई किए बिना ही हम उन्हें मेकअप किट में रख देते हैं और अगली बार उसे वैसे ही इस्तेमाल कर लेते हैं. ये आदत भी ख़ूबसूरती की दुश्मन है.

क्या होता है इससे?

* गंदे या इस्तेमाल किए हुए मेकअप ब्रश, स्पंज आदि का इस्तेमाल करने से स्किन एलर्जी होने का ख़तरा बना रहता है. 

* गंदी कंघी के इस्तेमाल से रूसी की शिकायत हो सकती है.

क्या है सही तरीक़ा?

* मेकअप करने से पहले ब्रश और स्पंज को पानी से धोकर साफ़ करें, फिर इस्तेमाल करें.

* मेकअप प्रॉडक्ट्स ख़रीदते समय टेस्टिंग के लिए दिए जाने वाले ब्रश, स्पंज आदि का इस्तेमाल न करें.

* कंघी को हफ़्ते में कम से कम एक बार ज़रूर साफ़ करें. 

7. मेकअप रिमूव किए बिना सो जाना

दिनभर की भाग-दौड़ के बाद जब हम घर पहुंचते हैं, तो थकान और आलस के कारण मेकअप ठीक से साफ़ नहीं करते या कभी-कभी मेकअप साफ़ किए बिना ही सो जाते हैं. यह भी एक बुरी आदत है.

क्या होता है इससे?

* यदि मेकअप लंबे समय तक चेहरे पर लगा रहता है, तो इससे रोमछिद्र बंद हो जाते हैं और कील-मुंहासे, ब्लैक हेड्स आदि की समस्या होने लगती है.

* ऐसा करने से स्किन इंफेक्शन की संभावना भी बढ़ जाती है.

* यदि आंखों पर ज़्यादा देर तक लाइनर या मस्कारा लगा रहे, तो इसके कारण आइलैशेज़ के झड़ने का डर भी बना रहता है.

क्या है सही तरीक़ा?

* सोने से पहले कॉटन बॉल में मेकअप रिमूवर लगाकर चेहरे का मेकअप अच्छी तरह साफ़ करें.

* आई लाइनर और मस्कारा निकालते समय आंखों को साबुन से रगड़ें नहीं, बल्कि हल्के हाथों से कॉटन बॉल की सहायता से साफ़ करें.

8. एक्सपायरी डेट चेक न करना

बाज़ार में उपलब्ध आकर्षक ब्यूटी प्रॉडक्ट्स ख़रीदते समय हमारा ध्यान उनसे होने वाले फ़ायदे पर ही जाता है, इसीलिए कई बार हम उनकी क्वालिटी यानी एक्सपायरी डेट चेक करना भूल जाते हैं.

क्या होता है इससे?

* एक्सपायर्ड ब्यूटी प्रॉडक्ट्स के इस्तेमाल से त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ना, जलन आदि की शिकायत हो सकती है.

* एक्सपायरी लिपस्टिक का इस्तेमाल करने से होंठों पर सूजन भी आ सकती है.

क्या है सही तरीक़ा?

* किसी भी मेकअप प्रॉडक्ट का इस्तेमाल कम से कम 6 महीने और ज़्यादा से ज़्यादा 3 साल (उसके पैक में दिए निर्देश के अनुसार) तक ही करना चाहिए.

* अगर प्रॉडक्ट पर उसकी एक्सपायरी डेट नहीं लिखी है, तो उसे तुरंत फेंक देने में ही भलाई है.

9. बालों के साथ एक्सपेरिमेंट करना

बालों को स्टाइलिश और आकर्षक लुक देने के लिए बार-बार ब्लो ड्रार्ई, पर्मिंग, कलरिंग आदि कराना भी बुरी आदत है.

क्या होता है इससे?

* बाल झड़ने व टूटने लगते हैं.

* गंजेपन की शिकायत हो सकती है.

* बालों का विकास रुक सकता है.

क्या है सही तरीक़ा?

* कलरिंग, स्ट्रेटनिंग, ब्लो ड्राइंग आदि हेयर ट्रीटमेंट किसी ख़ास अवसर पर ही करवाएं. रोज़ाना इनका इस्तेमाल बालों की जड़ों को नुक़सान पहुंचाता है.

* हर 28 दिन बाद कलर करने से बालों को नुक़सान नहीं पहुंचता. 

10. स्किन टाइप के अनुसार मेकअप प्रॉडक्ट्स का इस्तेमाल न करना

कौन-सा मेकअप प्रॉडक्ट आपकी त्वचा के लिए अच्छा है और कौन-सा नहीं, यह जाने बिना किसी भी ब्रांड या क्वालिटी के मेकअप प्रॉडक्ट्स का इस्तेमाल करना और मेकअप की ज़्यादा मात्रा को चेहरे पर अप्लाई करना बुरी आदत है.

क्या होता है इससे?

* चेहरे पर मेकअप की ज़्यादा मात्रा रोमछिद्रों को बंद कर देती है.

* स्किन टाइप के विपरीत और ख़राब क्वालिटी के मेकअप प्रॉडक्ट्स का इस्तेमाल करने से ब्लैक हेड्स, व्हाइट हेड्स, झुर्रियां, पिगमेंटेशन, स्किन एलर्जी आदि की शिकायत हो सकती है.

क्या है सही तरीक़ा?

* अगर आप रोज़ मेकअप करती हैं, तो कोशिश करें कि मेकअप लाइट हो. रोज़ हैवी मेकअप करने से स्किन डैमेज हो सकती है.

* जिस ब्रांड के ब्यूटी प्रॉडक्ट्स आपको सूट करते हैं, उन्हीं का इस्तेमाल करें. बिना जांच-पड़ताल किए नए ब्रांड के कॉस्मेटिक्स का इस्तेमाल न करें. 

Share this article