लगता है, कपिल शर्मा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. सुनील ग्रोवर और चंदन प्रभाकर के बाद अब अली असगर ने भी शो का बायकॉट कर दिया है.

सूत्रों के अनुसार, फिल्म ‘नाम शबाना’ की टीम के साथ ‘द कपिल शर्मा शो’ की टीम की शूटिंग होने वाली थी, लेकिन कपिल से खफ़ा सुनील ग्रोवर और चंदन प्रभाकर ने उनके साथ काम करने से इनकार कर दिया. काफी मनाने के बाद जब वो दोनों माने तो, उस एपिसोड की शूटिंग कैंसल हो गई. इन सबसे कपिल इतने दुखी हुए कि एक्टर मनोज बाजपेई के सामने ही रो पड़े.
कपिल शर्मा मांगी सुनील ग्रोवर से माफ़ी

कपिल शर्मा ने ट्वीट करके सुनील ग्रोवर से माफ़ी मांगी और उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन इस बार शायद सुनील कुछ ज्यादा ही खफ़ा हैं कपिल शर्मा से. पढ़िए कपिल शर्मा का ट्वीट:
Paji @WhoSunilGrover sry if I hurt u unintentionally.u knw vry well how much I luv u. M also upset .love n regards always:)
— Kapil Sharma (@KapilSharmaK9) March 20, 2017
कपिल शर्मा ने ट्वीट में लिखा, “पाजी, सुनील ग्रोवर सॉरी, अगर मैंने अनजाने में तुम्हें चोट पहुंचाई. तुम अच्छी तरह जानते हो कि मैं तुम्हे कितना प्यार करता हूं. मैं भी अपसेट हूं. प्यार और शुभकामनाएं हमेशा.”
चंदू चायवाला यानी चंदन प्रभाकर भी मानने को राज़ी नहीं

जहां तक ‘द कपिल शर्मा शो’ में चायवाले चंदू का रोल कर रहे चंदन प्रभाकर की बात है, तो बता दें कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ट्रिप के दौरान कपिल ने चंदन प्रभाकर को बहुत भला-बुरा कहा था. कपिल ने सिडनी के होटल, मेलबर्न और वापस लौटते समय फ्लाइट में भी चंदन के साथ झगड़ा किया था.
सूत्रों के अनुसार, कपिल शर्मा के शो की क्रिएटिव हेड प्रीति सिमोस ने जब कपिल की तरफ से चंदन प्रभाकर को फोन किया, तो वो भी सुलह के लिए राज़ी नहीं हुए. चंदन प्रभाकर ने फ़ोन पर कहा, “नौकर हूं, अपनी औकात समझ गया हूं. कपिल ने मेरे लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन बेवजह जूते खाकर कोई नमक नहीं चुकाता.”
अली असगर ने भी किया शो का बायकॉट

ताज़ा ख़बरों के अनुसार, ‘द कपिल शर्मा शो’ की नानी यानी अली असगर ने भी शो का बायकॉट कर दिया है. ये तीनों ही शो के मुख्य कलाकार हैं और अब कपिल के साथ शो में सिर्फ कीकू ही बच गए हैं.
कहना गलत न होगा कि कपिल शर्मा की तरह ही उनका शो भी उथल-पुथल के दौर से गुज़र रहा है. कपिल शर्मा के शो में अब क्या नया ट्विस्ट आने वाला है, इसका सभी को इंतज़ार है.
