प्यार करने वालों के लिए वैलेंटाइन वीक एक ख़ूबसूरत फेस्टिवल की तरह होता है, जिसमें हर दिन का कुछ ख़ास मतलब होता है. आइए जानें किस दिन का क्या मतलब होता है.
रोज़ डे (7 फरवरी)
यह वह दिन है जब आपको अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए शब्दों की नहीं, बल्कि गुलाब की ज़रूरत होती है. जी हां, रोज़ डे, प्यार को समर्पित इस वीक का पहला दिन होता है, जब लोग एक-दूसरे को गुलाब का फूल देते हैं. गुलाब का फूल प्यार, रोमांस और लगाव का प्रतीक होता है. हालांकि हर रंग के गुलाब का अपना एक अलग ही मतलब होता है. जैसे सुर्ख़ लाल गुलाब आपके प्यार की गहराई को महसूस कराता है. इसलिए इसे ‘आई लव यू’ कहने का सबसे अच्छा तरीक़ा भी माना जाता है. अब सोच क्या रहे हैं. अगर आप दिल की गहराई से किसी को चाहते हैं, तो फिर वो दिन आ रहा है जब आप लाल गुलाब के साथ अपनी फीलिंग्स का इज़हार कर सकते हैं.
लाल गुलाबः गहरे प्यार और जुनून का प्रतीक है.
पीला गुलाबः दोस्ती और ख़ुशी दर्शाता है.
सफ़ेद गुलाबः पवित्रता और शांति का संदेश देता है.
गुलाबी गुलाबः आभार, प्रशंसा और कोमलता व्यक्त करता है.
अन्य रंग, जैसे- नारंगी उत्साह और लैवेंडर पहली नज़र के प्यार का प्रतिनिधित्व करते हैं. यानी हर अवसर के लिए एक ख़ास गुलाब मौजूद है.
प्रपोज़ डे (8 फरवरी)
अब जब आपने गुलाब दे ही दिया है, तो फिर शर्माना कैसा. प्यार इज़हार भी तो मांगता है और उसके लिए तो प्रपोज़ करना ही पड़ेगा. इसीलिए तो यह ख़ास दिन बनाया गया है. यानी गुलाब देने के बाद दूसरा दिन अपने प्यार का इज़हार करने का होता है. आप अपनी मुहब्बत को एक ख़ास गिफ्ट, रिंग या किसी रोमांटिक अंदाज़ में प्रपोज़ कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: नए साल में चलो कुछ नया करते हैं (Let’s try something new in the new year)
प्रपोज़ करने के कुछ तरीक़े
* घुटनों के बल बैठकर, कुछ गुलाब और गिफ्ट हाथ में लेकर अपने साथी को प्रपोज़ करें.
* एक रोमांटिक डिनर पर जाएं और बातों ही बातों में पार्टनर को कुछ यूं प्रपोज़ करें कि वह भी पूरी ज़िंदगी के लिए आपके हो जाएं.
* डेस्टिनेशन प्रपोज़ल का मतलब है प्रपोज़ करने के लिए बेहतरीन लोकेशन की तलाश करना. प्रपोज़ करने के लिए अगर लोकेशन सही होगी, तो ना कहने के चांस कम होंगे. यह ट्रेंड युवाओं के बीच बहुत तेज़ी से बढ़ रहा है. इम्प्रेस करने के लिए और प्रपोज़ करने के लिए युवाओं के बीच डेस्टिनेशन मैरिज की तरह ही डेस्टिनेशन प्रपोजल भी काफ़ी लोकप्रिय हो रहा है.
* ख़ास तरीक़े से प्रपोज़ करने के लिए आप भावनाओं से भरा एक प्रेम पत्र लिख सकते हैं. अगर उन्हें भीड़भाड़ पसंद नहीं है तो प्रपोजल को प्राइवेट और सिंपल रखें.
चॉकलेट डे (9 फरवरी)
अब प्रपोज़ करने के बाद मुंह मीठा करना तो बनता ही है और उसके लिए चॉकलेट डे से अच्छा और क्या होगा. इस दिन की सबसे अच्छी बात यह है कि चॉकलेट न केवल स्वाद में अच्छी होती है, बल्कि यह ख़ुशी के हार्मोन एंडॉर्फिन्स भी रिलीज़ करती है, जिससे मूड अच्छा होता है. लेकिन आपको यह भी बता दें कि हर चॉकलेट का अपना अलग मतलब होता है, इसलिए आप जैसी फीलिंग्स रखते हैं, उसी के अनुसार चॉकलेट चुनें और साथी के साथ अपना भी मुंह मीठा करें.
डार्क चॉकलेट: यह मैच्योरिटी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को दर्शाती है. यह एक गहरा और मज़बूत रिश्ता दिखाती है.
मिल्क चॉकलेट: यह कोमलता, सादगी और बचपन जैसी मासूमियत का प्रतीक है.
नट्स वाली चॉकलेट: यह रिश्ते में उत्साह और क्रंच (मस्ती) को दर्शाती है.
हार्ट शेप चॉकलेट: यह सीधे तौर पर प्यार के इज़हार का सबसे लोकप्रिय तरीक़ा है.

टेडी डे (10 फरवरी)
मुंह मीठा करने के बाद अब साथी को गिफ्ट देना तो बनता है और गिफ्ट भी ऐसा हो जिसे वो अपनी बांहों में लेकर घूमे. और इसके लिए टेडी बियर से अच्छा और क्या होगा. वैसे भी लड़कियां टेडी को लेकर काफ़ी टची होती हैं.
* अगर आपको कोई लाल रंग का टेडी बियर दे रहा है, तो इसका मतलब है कि वह आपसे प्यार करता है. लाल टेडी बियर रिश्ते को मज़बूत बनाने और प्यार जताने के लिए दिया जाता है.
* अगर आप किसी को पसंद करते हैं या प्रपोजल स्वीकार करना चाहते हैं, तो गुलाबी टेडी बेस्ट है. इसका मतलब है कि वह आपसे रिलेशनशिप को आगे बढ़ाना चाहता है.
* अगर कोई आपको येलो टेडी देता है, तो इसका मतलब है कि वह आपको एक अच्छा दोस्त मानता है. यह किसी नए रिश्ते की शुरुआत करने का संकेत भी हो सकता है.
* किसी को ब्राउन टेडी देते हैं, तो ये दर्शाता है कि आपका रिश्ता मज़बूत और भरोसेमंद है. जब आप किसी को सपोर्ट और मज़बूती का एहसास कराना चाहते हैं, तो इस तरह का टेडी तोह़फे में दें.
प्रॉमिस डे (11 फरवरी)
अब जब एक-दूसरे का साथ निभाने का सोच लिया है, तो फिर एक-दूसरे से प्यार में वादें करना तो बनता है.
क्या वादा करें एक दूसरे से...
* एक दूसरे से वादा करें कि हम अपने दिल में एक-दूसरे के लिए प्यार और सम्मान को कभी ख़त्म नहीं होने देंगे. अगर कभी किसी बात पर लड़ाई हो जाए, तो उसे जल्द से जल्द सुलझाने की कोशिश करेंगे.
* आप इस प्रॉमिस डे पर अपने पार्टनर से प्रॉमिस करें कि वह जैसा है वैसा ही रहे. आप ख़ुद के लिए उसे बदलने की कोशिश नहीं करेंगे. * वादा करें कि सॉरी, थैंक यू या प्यार का इज़हार करने में कभी हिचकिचाएंगे नहीं और प्यार का ये ऑक्सीजन हमेशा एक-दूसरे को देते रहेंगे.
* इस प्रॉमिस डे पर वादा करें कि परिस्थिति कैसी भी हो, आप दोनों हमेशा एक-दूसरे का साथ निभाएंगे.
हग डे (12 फरवरी)
ऐसे कपल जो रिलेशनशिप के शुरुआती फेज में हैं, उन्हें अक्सर फिज़िकल ऑक्वर्डनेस फील होती है. प्यारी सी झप्पी इस ऑक्वर्डनेस को दूर करते हुए कपल को एक-दूसरे की कंपनी में ज़्यादा रिलैक्स होने में मदद करती है. गले लगने पर आपके लव्ड वन को भी आपका अफेक्शन और लव महसूस होता है, जो बॉन्ड को स्ट्रॉन्ग करने में मदद करता है.
हर हग कुछ कहता है...
बियर हग: जब आप किसी को पूरी ताक़त और प्यार से कसकर गले लगाते हैं, तो यह गहरी सुरक्षा और स्नेह को दर्शाता है.
साइड हग: दोस्तों या परिचितों के बीच समर्थन और सम्मान व्यक्त करने का एक अनौपचारिक तरीक़ा.
लॉन्ग हग: लंबे समय तक गले मिलना बताता है कि आप उस व्यक्ति को जाने नहीं देना चाहते और उन्हें बहुत मिस कर रहे थे. ऐसा करके आप पार्टनर को बताते हैं कि आप उनके बिना अधूरे हैं. यह सुकून देता है.
दिल से दिल का हग: बाईं ओर से गले लगाना, जिससे दिल मिलते हैं. यह अंतरंगता और आपसी जुड़ाव को बढ़ाता है, ख़ासकर उन जोड़ों के लिए जो शारीरिक स्पर्श को प्रेम की भाषा मानते हैं.
यह भी पढ़ें: पहला अफेयर- प्यार का एहसास (Pahla Affair- Pyar Ka Ehsaas)
किस डे (13 फरवरी)
किस यानी चुंबन प्यार को जताने और उसे गहराई से महसूस कराने का सबसे ख़ास तरीक़ा होता है. इस दिन प्रेमी जोड़े अपने प्यार को व्यक्त करने के लिए एक-दूसरे को किस करके अपने रिश्ते को और मज़बूत करते हैं.
इस दिन हर किस का अपना अलग मतलब होता है-
माथे पर किस: सुरक्षा, देखभाल और गहरे भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है. यह कहता है- मैं तुम्हें प्यार करता हूं और हमेशा तुम्हारी रक्षा करूंगा.
बटरफ्लाई किस: यह सबसे प्यारा किस है. यह आपका प्यार और लगाव व्यक्त करता है. किसी को बटरफ्लाई किस करने के लिए आपको अपना चेहरा उनके चेहरे के क़रीब लाना होगा. अपनी आंखों से लगभग उनकी आंखों को छूना होगा और फिर अपनी पलकों को फड़फड़ाना होगा, इससे रिसीवर को ऐसा महसूस होता है कि उन्हें तितली के पंखों से चूमा जा रहा है.
फ्रेंच किस: यह एक गहरा, भावुक और अंतरंग चुंबन है, जिसमें जीभ का इस्तेमाल होता है, जो तीव्र इच्छा और जुनून को दर्शाता है. नोज़ किसः नाक पर किस करना एक तरह से अपने प्योर इमोशंस को जताना है. इसमें कोई लस्ट या सेंसुअलिटी नहीं है, लेकिन एक एहसास है जो बताता है कि हां मुझे आपकी परवाह है. यह एक तरह का इशारा हो सकता है अपने पार्टनर को बताने का कि आप रिश्ते को और आगे ले जाने में इंटरेस्टेड हैं.
वैलेंटाइन डे (14 फरवरी)
वैलेंटाइन वीक का यह आख़िरी और सबसे अहम दिन माना जाता है. ये दिन प्यार करनेवालों के रिश्ते की गहराई व मज़बूती को दर्शाता है. वैलेंटाइन डे पर कपल्स एक-दूसरे के प्रति प्यार, सद्भावना और रिस्पेक्ट दिखाते हैं. इस दिन कपल्स बाहर घूमने जाते हैं. एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते हैं.
इस दिन को कैसे सेलिब्रेट करें?
* इस दिन आप दोनों साथ मिलकर कुछ लव गेम्स भी खेल सकते हैं. इस तरह यह दिन उनके लिए तो ख़ास बनेगा ही, साथ ही उनके चेहरे की ख़ुशी देखकर यह आपके लिए भी ख़ास बन जाएगा.
* बाज़ार के महंगे गिफ्ट्स से ज़्यादा दिल को छू लेने वाला हाथ से बना कार्ड या आपकी यादों का फोटो कोलाज गिफ्ट करें.
* अपने किसी पसंदीदा रेस्टोरेंट में कैंडललाइट डिनर करें. एक रोमांटिक डिनर प्लान करें.
* अगर आप दोनों की कोई फैंटेसी है जिसे आप पूरा करना चाहते हैं तो इस दिन वह करें, ताकि आप दोनों ही ख़ुश हो सकें और आज के दिन को साथ मिलकर यादगार बना सकें.
- शिखा जैन

