आज के समय में ग्रीन टी सिर्फ़ वज़न घटाने का लोकप्रिय पेय नहीं रह गई है, बल्कि यह ख़ूबसूरती निखारने का भी एक प्रभावी साधन बन चुकी है.
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर ग्रीन टी स्वास्थ्य, त्वचा और बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. यदि आप बाल झड़ने, डैंड्रफ या बालों की धीमी वृद्धि जैसी समस्याओं से परेशान हैं तो ग्रीन टी के पानी से बाल धोना आपके लिए एक बेहतरीन और प्राकृतिक उपाय हो सकता है.
ग्रीन टी के पानी का उपयोग कैसे करें?
ग्रीन टी का उपयोग बालों में करना बहुत आसान है. सबसे पहले अपने बालों को हल्के शैम्पू और कंडीशनर से धो लें. इसके बाद एक मग गर्म पानी में दो ग्रीन टी बैग डालकर 10 मिनट तक भिगोकर रखें. जब पानी ठंडा हो जाए, तो इस ग्रीन टी के पानी को अपने बालों और स्कैल्प पर डालें. हल्के हाथों से मसाज करें और कुछ देर बाद साफ़ पानी से धो लें. बेहतर परिणाम के लिए इसे हफ़्ते में 3 से 4 बार या जब भी आप शैंपू करें, तब इस्तेमाल कर सकती हैं.
यह भी पढ़ें: समर हेयर केयर टिप्स (Summer Hair Care Tips)
ग्रीन टी के पानी से होने वाले फ़ायदे
बाल झड़ना कम करता है
ग्रीन टी में कैटेचिन जैसे पॉलीफेनॉल्स होते हैं, जो बालों की जड़ों को मज़बूत बनाते हैं. इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण बालों के फॉलिकल्स की सुरक्षा करते हैं, जिससे बाल झड़ना काफ़ी हद तक कम हो जाता है.
बालों के ग्रोथ में मदद करता है
ग्रीन टी स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाती है. इसमें मौजूद एपिगैलोकैटेचिन गैलेट (EGCG) बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देता है, जिससे बाल तेज़ी से लंबे और घने होते हैं.
स्प्लिट एंड्स और रूखापन दूर करता है
अगर आपके बालों के सिरे दोमुंहे हो जाते हैं तो ग्रीन टी में मौजूद विटामिन ई और पोषक तत्व बालों को मुलायम और चमकदार बनाते हैं. यह स्प्लिट एंड्स की समस्या को प्राकृतिक रूप से कम करता है.
डैंड्रफ और खुजली से राहत
ग्रीन टी में एंटीसेप्टिक और एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं. यह स्कैल्प पर जमा डैंड्रफ को क्लीन करती है और खुजली व जलन से तुरंत राहत देती है.
यह भी पढ़ें: हेयर फॉल को रोकने के लिए होम रेसिपीज़ (15 Effective Home Remedies For Hair Fall)
इस तरह महंगे हेयर ट्रीटमेंट की बजाय ग्रीन टी जैसे प्राकृतिक उपाय अपनाकर आप अपने बालों को स्वस्थ, मज़बूत और चमकदार बना सकते हैं.
- स्नेहा सिंह

Photo Courtesy: Freepik
