विकी कौशल (Vicky Kaushal) या कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) पिछले साल नवंबर में एक बेटे के पेरेंट्स बने थे, जिसका नाम उन्होंने विहान कौशल (Vihaan Kaushal) रखा है. उनका बेटा 8 महीने का हो गया है, लेकिन अब तक उन्होंने अपने बेटे को दुनिया और सोशल मीडिया की नज़रों से छिपाकर रखा है. जबकि फैंस विहान की एक झलक देखने के लिए बेताब हैं, लेकिन कैटरीना और विकी ने फैसला किया है कि वे अपने लाडले को लाइमलाइट से दूर रखेंगे. हालांकि उन्होंने हाल ही में अपने बेटे को पैपराजी से इंट्रोड्यूस करवाया था, लेकिन शर्त रखी थी कि वे विहान की तस्वीरें पब्लिकली शेयर नहीं करेंगे.

फैंस ये भी जानने को बेताब हैं कि विहान, कैटरीना या विकी किस पर गया है. और फाइनली विकी कौशल के पिता शाम कौशल (Sham Kaushal) ने रिवील कर दिया है कि उनका पोता (Sham Kaushal on grandson) किसके जैसा दिखता है. शाम कौशल हाल ही में इंडिया टुडे से बात कर रहे थे. उन्होंने ये भी कहा कि विहान ने उनकी ज़िंदगी बदल दी.

शाम कौशल से जब पूछा गया कि विहान किस पर गया है, तो वो बोले, "मुझे लगता है कि वो विकी कौशल पर गया है. मैं जब भी उसे देखता हूं तो लगता है विकी का बचपन देख रहा हूं." शाम कौशल ने पोते से अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात करते हुए कहा, "उसने मेरी ज़िंदगी बदल दी है. जब भी मैं काम में बिजी होता हूं या घर से दूर होता हूं और उसे फिजिकली गले नहीं लगा पाता तो मैं वीडियो कॉल पर उससे बात कर लेता हूं. विहान बहुत अच्छा बच्चा है."

इतनी प्यारी फैमिली देने के लिए शाम कौशल ने भगवान के प्रति आभार प्रकट किया. वो बोले, "मैं खुशनसीब हूं जो मुझे ऐसा परिवार मिला. दुनिया में कुछ पैरेंट्स ही हैं, जिन्हें किस्मत से अच्छे बच्चे मिले हैं. मैं उनमें से एक हूं. मेरे दोनों बेटे बहुत अच्छे बच्चे हैं. मेरी बहू बहुत अच्छी है. इसके लिए मैं ऊपरवाले का शुकराना अदा करता हूं."

शाम कौशल ने आगे बताया, "मेरे दोनों बेटे कहते हैं कि अब काम करना बंद कर दो. लेकिन मैं अगर काम नहीं करूंगा तो क्या करूंगा. मैं तब से काम कर रहा हूं जब नौ साल का था. हां पहले इंसेक्युरिटी के साथ काम करता था, मुझे परिवार चलना था, बच्चे पालने थे. अब मैं सिक्योर हूं. मुझे अब पैसों की चिंता नहीं है. मैं अब काम एन्जॉय करके करता हूं."

बता दें कि विकी भी अक्सर ही इवेंट्स में बेटे विहान की बात करते नज़र आ जाते हैं. वो बताते हैं कि वो फादरहुड को किस तरह एन्जॉय कर रहे हैं और जब शूट कर रहे होते हैं तो विहान को कितना मिस करते हैं.
