भोजपुरी सिनेमा की टॉप एक्ट्रेस अक्षरा सिंह (Akshara Singh) इन दिनों सातवें आसमान पर हैं. उन्होंने बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की मच-अवेटेड फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome To The Jungle) के गाने 'घिस घिस घिस' (Ghis Ghis Ghis song) से अपना धमाकेदार बॉलीवुड डेब्यू किया है. ये गाना ट्रेडिंग चार्ट में टॉप पर ट्रेंड कर रहा है. जाहिर है अक्षरा इससे बेहद खुश हैं और अब इस बड़ी कामयाबी के बीच अक्षरा सिंह सिद्धिविनायक और मुंबा देवी मंदिर पहुंचीं और गणपति बप्पा और मुंबा देवी मां (Akshara Singh visits Siddhi Vinayak and Mumba Devi temple) का आशीर्वाद लिया.

अक्षय कुमार की फ़िल्म 'वेलकम टू द जंगल' में अक्षरा सिंह और अक्षय का एक धमाकेदार भोजपुरी-हिंदी ट्रैक है. गाने का टाइटल 'घिस घिस घिस' है. ये गाना आते ही सबकी ज़ुबान पर छा गया है और यूट्यूब पर लगातार ट्रेंड कर रहा है. इस सफलता के लिए ईश्वर का धन्यवाद करने मुम्बई के दो सुप्रसिद्ध मंदिर पहुंचीं, जिसकी तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं.

अक्षरा सिंह पहले सिद्धिविनायक मंदिर पहुंची और गणपति बप्पा के चरणों में मत्था टेककर बप्पा का आशीर्वाद लिया. अक्षरा इसके बाद मुंबा देवी मंदिर पहुंचीं और देवी मां के दर्शनब करके पूजा अर्चना की और देवी मां का आभार प्रकट किया. मंदिर से तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लंबा चौड़ा नोट भी लिखा.

अक्षरा ने लिखा, "आज का दिन सच में मुझे निःशब्द कर गया. सिर्फ मन में कृतज्ञता. आज सपनों की राह पर खड़ी होकर सिद्धिविनायक बप्पा और मां मुंबा देवी के चरणों में शीश झुकाने का सौभाग्य मिला. पापा, आचार्य जी और अविनाश के साथ आशीर्वाद लेने पहुंची तो मन में बार-बार यही महसूस करती रही कि जीवन में जो कुछ भी मिला है, वह ईश्वर की कृपा, बड़ों के आशीर्वाद और आप सभी का प्यार है. आपने वेलकम टू द जंगल के मेरे गाने को इतना स्नेह दिया कि वह मेरे लिए सिर्फ एक गाना नहीं, एक खूबसूरत याद बन गया, अब दिल से प्रार्थना है कि 26 जून को रिलीज़ हो रही फिल्म को भी आप अपना प्यार, अपना आशीर्वाद दें और सिनेमाघरों तक जाकर उसका हिस्सा बनें. बप्पा और मां का आशीर्वाद ही है कि आज एक और खुशी मिली. "ईठा" का टीज़र भी रिलीज़ हुआ, जिसकी मैं भी एक हिस्सा हूं." अक्षरा की इस पोस्ट पर अब फैंस प्यार लुटा रहे हैं.

अक्षरा अक्षय कुमार के साथ काम करके बेहद खुश हैं. फ़िल्म के ट्रेलर लॉन्च के समय जब उनसे पूछा गया कि जब आपको अक्षय के साथ गाना ऑफर हुआ, तो आपका रिएक्शन क्या था. तो अक्षरा ने कहा था कि "मैं पांच बार वॉशरूम गई, क्योंकि मेरे लिए ये सपना ही था. मैं बचपन से सर को देखती आई हूं. बिहार के हर एक बच्चे की रोम रोम में उनका गाना 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी...' बसा हुआ है. इसलिए मेरे लिए ये बहुत बड़ा मौका था. "

वेलकम टू द जंगल की बात करें, तो फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में सालों बाद अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जोड़ी देखने को मिलेगी. इस मल्टी स्टारर फिल्म से अच्छी कमाई की उम्मीद है.

