कॉफी केवल सुबह की सुस्ती दूर करने और शरीर में ऊर्जा का संचार करने के लिए ही नहीं, बल्कि हमारी त्वचा और बालों की ख़ूबसूरती को बढ़ाने के लिए भी एक बेहतरीन प्राकृतिक औषधि है.
कॉफी में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो बालों को अंदर से पोषण देते हैं. यही वजह है कि आजकल बाज़ार में मिलने वाले कई तरह के शैम्पू, कंडीशनर और हेयर सीरम में कॉफी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है.
अगर आप भी बेजान और झड़ते बालों से परेशान हैं, तो महंगे प्रोडक्ट्स की बजाय घर पर ही आसानी से इन प्राकृतिक कॉफी मास्क को तैयार कर सकते हैं.
कॉफी और नारियल तेल (लंबे और घने बालों के लिए)
नारियल का तेल बालों को गहराई से मॉइस्चराइज करता है और जब इसे कॉफी के साथ मिलाया जाता है तो यह बालों की जड़ों को मज़बूत बनाता है.
सामग्री
विधि: 2 कप शुद्ध नारियल का तेल, पौना कप कॉफी बींस (साबुत कॉफी के दाने)
सबसे पहले एक पैन में दो कप नारियल का तेल लें और उसे हल्का गर्म करें. अब इसमें पौना कप कॉफी बींस डाल दें. पैन को ढक्कन से ढक दें और धीमी आंच पर कुछ देर के लिए पकने दें. ध्यान रहे कि बीच-बीच में इसे चम्मच से हिलाते रहें, ताकि कॉफी के दाने जलने न पाएं.
इस्तेमाल का तरीक़ा
जब तेल में कॉफी का अर्क अच्छी तरह मिल जाए तो गैस बंद कर दें. तेल को ठंडा होने दें और फिर एक छलनी की मदद से छानकर कॉफी बींस को अलग कर लें. इस जादुई तेल को एक कांच की बोतल में भरकर सुरक्षित रख लें. शैम्पू करने से क़रीब एक घंटा पहले इस तेल से अपने स्काल्प (सिर की त्वचा) और बालों की अच्छी तरह मालिश करें. एक घंटे बाद किसी माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें.
यह भी पढ़ें: बालों के लिए भी उपयोगी ग्रीन टी (Green tea is also beneficial for hair)
कॉफी और अरंडी का तेल (कैस्टर ऑयल- बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए)
अरंडी का तेल अपने गाढ़ेपन और बालों की तेजी से ग्रोथ के लिए जाना जाता है. कॉफी के साथ इसका मिश्रण नए बाल आने में बेहद मददगार है.
सामग्री
1 चम्मच कॉफी पाउडर, 2 चम्मच अरंडी का तेल
विधि
एक छोटी कटोरी में एक चम्मच कॉफी पाउडर लें और उसमें दो चम्मच अरंडी का तेल मिलाकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.
इस्तेमाल का तरीक़ा
इस गाढ़े मिश्रण को उंगलियों की मदद से बालों की जड़ों (स्कैल्प) से लेकर बालों के आख़िरी छोर तक अच्छी तरह लगाएं. इसे अपने बालों पर 30 से 40 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद बालों को गुनगुने पानी और माइल्ड शैम्पू से क्लीन कर लें. बेहतर परिणाम के लिए हफ़्ते में दो बार इस पैक का इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: मॉनसून हेयर केयर टिप्स और मास्क, बरसात में ऐसे करें बालों की देखभाल! (13 Easy Hair Packs & Tips For Monsoon)
कॉफी और एलोवेरा जेल (शाइनी हेयर के लिए)
एलोवेरा स्कैल्प के पीएच स्तर को संतुलित रखता है और बालों को प्राकृतिक कंडीशनिंग प्रदान करता है, जिससे बाल बेहद रेशमी और चमकदार हो जाते हैं.
सामग्री
1 बड़ा चम्मच कॉफी पाउडर, 2 बड़े चम्मच ताज़ा एलोवेरा जेल.
विधि
एक बर्तन में एक बड़ा चम्मच कॉफी पाउडर लें और उसमें दो बड़े चम्मच एलोवेरा जेल डालकर दोनों को आपस में अच्छी तरह फेंट लें, ताकि एक समान गाढ़ा पेस्ट बन जाए.
इस्तेमाल का तरीक़ा
सबसे पहले इस पेस्ट को बालों की जड़ों में लगाएं और फिर बचे हुए हिस्से को पूरे बालों पर लगा लें. आप अपने बालों की लंबाई और घनेपन के अनुसार सामग्री की मात्रा को घटा या बढ़ा सकते हैं, ताकि यह पूरे बालों में पर्याप्त रूप से लग सके. इस मास्क को 30 से 40 मिनट के लिए बालों में छोड़ दें और फिर साफ़ पानी व माइल्ड शैम्पू से धो लें.
इन सभी घरेलू उपायों में प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग किया गया है. नियमित रूप से इनका इस्तेमाल करने से बालों का झड़ना कम होता है, असमय सफ़ेद होते बालों पर रोक लगती है और बालों की प्राकृतिक चमक वापस लौट आती है.
- स्नेहा सिंह
Photo Courtesy: Freepik
