प्रेम जीवन का वह ख़ूबसूरत एहसास है, जो इंसान को भीतर से समृद्ध करता है. सच्चे प्रेम में व्यक्ति को सुरक्षा, सम्मान, अपनापन और भावनात्मक सहारा मिलता है. लेकिन हर रिश्ता प्रेम नहीं होता. कई बार हम जिस रिश्ते को प्यार समझकर बचाए रखने की कोशिश करते रहते हैं, वह धीरे-धीरे हमारी मानसिक शांति, आत्मसम्मान और पहचान को ख़त्म करने लगता है.
रिश्तों को लेकर कपल के बीच क्यों प्यार कम होता जा रहा है? पति-पत्नी से जुड़े कई चौंकाने वाले पहलुओं को जानें मेरी सहेली के इस पॉडकास्ट में. पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-
अगर कोई रिश्ता आपको ख़ुश करने से ज़्यादा रुलाता है, आपकी भावनाओं को बार बार चोट पहुंचाता है और थोड़ी-सी परवाह पाने के लिए आपको अपना आत्मसम्मान तक छोड़ना पड़ता है, तो ठहरकर सोचना ज़रूरी है. संभव है कि आप प्रेम में नहीं, बल्कि ट्रामा बांडिंग के भावनात्मक चक्र में फंस चुकी हों.
जब प्यार और दर्द साथ-साथ चलने लगें
ट्रामा बांडिंग ऐसी भावनात्मक स्थिति है, जिसमें व्यक्ति किसी ऐसे इंसान से गहराई से जुड़ जाता है, जो उसे बार बार मानसिक या भावनात्मक पीड़ा देता है. दिल जानता है कि रिश्ता तकलीफ़ दे रहा है, लेकिन मन उससे अलग होने को तैयार नहीं होता।।कभी साथी बहुत प्यार करता है, आपको खास महसूस कराता है और अगले ही दिन छोटी-सी बात पर अपमानित कर देता है। आप रोती हैं, दुखी होती हैं और रिश्ता खत्म करने का फैसला करती हैं। लेकिन जैसे ही वह माफी मांगता है, प्यार जताता है या कोई उपहार देता है, आपके भीतर फिर उम्मीद जाग जाती है। आप सोचती हैं कि वह बुरा नहीं है, बस उससे गलती हो गई थी। यहीं से एक खतरनाक चक्र शुरू हो सकता है।
0 निशा की कहानी समझिए
निशा और समीर दो साल से रिश्ते में थे। शुरुआत में समीर बेहद प्यार करने वाला था। वह निशा की छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रखता, उसकी पसंद याद रखता और हर समय उसे खास महसूस कराता था। धीरे-धीरे उसका व्यवहार बदलने लगा। वह छोटी बातों पर गुस्सा करने लगा और कई बार दोस्तों के सामने निशा को अपमानित भी कर देता। एक दिन झगड़े के बाद निशा ने तय कर लिया कि अब वह यह रिश्ता खत्म कर देगी। अगले दिन समीर रोता हुआ उसके पास आया। उसने माफी मांगी और कहा कि वह तनाव में था और उसका गुस्सा निशा पर निकल गया।
साथ में वह निशा का पसंदीदा परफ्यूम भी लाया था। निशा का दिल पिघल गया। उसने सोचा कि हर इंसान से गलती होती है। वह मुझसे प्यार तो करता ही है।
कुछ दिन सब ठीक रहा। फिर वही गुस्सा, अपमान, माफी और प्यार का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया। निशा धीरे-धीरे इस चक्र में फंसती चली गई।
0 लव बॉम्बिंग से शुरू हो सकता है सफर
ट्रामा बांडिंग अक्सर शुरुआत में पहचान में नहीं आती। रिश्ते के शुरुआती दौर में सामने वाला व्यक्ति जरूरत से ज्यादा प्यार, ध्यान और उपहार देकर आपको भावनात्मक रूप से अपने करीब ला सकता है। इसे लव बॉम्बिंग कहा जाता है। आपको लगता है कि आपको बिलकुल वैसा ही साथी मिल गया है, जिसकी आपने कल्पना की थी।
लेकिन समय के साथ उसका व्यवहार बदलने लगता है। वह आपकी पसंद, कपड़ों, दोस्तों और फैसलों में कमी निकालना शुरू कर सकता है। तुम ऐसे कपड़े क्यों पहनती हो? तुम्हें कुछ समझ ही नहीं है। ऐसी बातें धीरे-धीरे आपके आत्मविश्वास को कमजोर करने लगती हैं।
0 जब आपको खुद पर ही शक होने लगे
ट्रामा बांडिंग में गैसलाइटिंग भी दिखाई दे सकती है। इसमें सामने वाला व्यक्ति आपके अनुभवों और यादों को ही गलत साबित करने की कोशिश करता है। आप कहती हैं कि तुमने कल मेरे साथ बहुत बुरा व्यवहार किया था।
वह जवाब देता है कि मैंने ऐसा कुछ कहा ही नहीं। बारबार ऐसा होने पर आप अपनी समझ और याददाश्त पर संदेह करने लगती हैं। आपको लगने लगता है कि शायद गलती वास्तव में आपकी ही थी। यही वह समय है, जब रिश्ता आपके आत्मविश्वास को भीतर से कमजोर करना शुरू कर देता है।
0 तनाव और राहत का खतरनाक चक्र
ऐसे रिश्ते में अक्सर एक पैटर्न बन जाता है कि पहले तनाव, फिर झगड़ा या अपमान और उसके बाद अचानक प्यार, माफी और देखभाल। दुख के बाद मिलने वाली राहत इतनी तीव्र लगती है कि व्यक्ति उसी राहत का इंतजार करने लगता है। कुछ समय बाद वह यह भूल जाता है कि उसे सामान्य और सम्मानजनक व्यवहार पाने के लिए इतना दर्द क्यों सहना पड़ रहा है। यही कारण है कि कई महिलाएं जानती हुई भी ऐसे रिश्ते से बाहर नहीं निकल पातीं।
0 पहचानिए कि कहीं आप तो नहीं फंसी हैं
कुछ संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है, परिवार और दोस्त आपको रिश्ते के बारे में समझाते हैं, लेकिन आप हर बार साथी का बचाव करती हैं। आप कई बार रिश्ता खत्म करने का फैसला करती हैं, फिर उसकी थोड़ी-सी परवाह देखकर वापस लौट जाती हैं।
आपकी खुशी पूरी तरह उसके व्यवहार पर निर्भर हो गई है।
वह आपको कितना भी दुख पहुंचाए, आप अंत में खुद को ही दोष देती हैं। आपको लगता है कि उसके बिना आप खुश नहीं रह सकतीं।
आपने अपने दोस्तों, परिवार और अपनी पसंद-नापसंद से दूरी बनानी शुरू कर दी है। आपको लगता है कि रिश्ते को बचाने के लिए आपको लगातार खुद को बदलना होगा। अगर इनमें से कई बातें आपकी जिंदगी से मेल खाती हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें।
0 रिश्ते से बाहर निकलना मुश्किल है, असंभव नहीं
ट्रामा बांडिंग से बाहर निकलना आसान नहीं होता, क्योंकि यह केवल रिश्ता खत्म करने का सवाल नहीं है। यह उस भावनात्मक निर्भरता से बाहर आने की प्रक्रिया है, जो धीरे-धीरे बन चुकी होती है। सबसे पहले खुद से ईमानदारी से पूछिए कि क्या यह रिश्ता मुझे मजबूत बना रहा है या भीतर से तोड़ रहा है?
अगर जवाब दर्द की तरफ है, तो अपने अनुभव को छोटा मत समझिए।
रिश्ता खत्म करने का फैसला करने के बाद सामने वाला व्यक्ति भावनात्मक दबाव, माफी, वादों या अचानक प्यार के जरिए आपको वापस खींचने की कोशिश कर सकता है। ऐसे समय में अपनी सीमाएं स्पष्ट रखना जरूरी है। जरूरत हो तो संपर्क बंद करें और डिजिटल माध्यमों पर भी दूरी बनाएं। अगर रिश्ते में धमकी, हिंसा या सुरक्षा का खतरा हो, तो अकेले सामना करने के बजाय परिवार, भरोसेमंद लोगों और स्थानीय सहायता सेवाओं की मदद लें।
0 अकेली मत लड़िए
इस दौर में खुद को अकेला कर लेना समस्या को और कठिन बना सकता है। भरोसेमंद परिवारजनों और दोस्तों से बात करें। उन्हें बताएं कि आप किस स्थिति से गुजर रही हैं। यदि भावनात्मक निर्भरता बहुत गहरी हो चुकी है और बारबार कोशिश के बावजूद आप बाहर नहीं निकल पा रही हैं, तो मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मदद लेना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी है।
0 अब खुद को चुनने का समय है
सबसे जरूरी बात अपने आत्मसम्मान को किसी रिश्ते की कीमत मत बनने दीजिए। प्रेम में समझौते हो सकते हैं, लेकिन लगातार अपमान नहीं। प्रेम में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भय नहीं। प्रेम में गलतियां हो सकती हैं, लेकिन बारबार होने वाला शोषण प्रेम का प्रमाण नहीं है। याद रखिए, जिस रिश्ते में आपको खुद को खोना पड़े, वह रिश्ता आपकी पूरी जिंदगी नहीं हो सकता।
आप किसी की थोड़ी-सी परवाह पाने के लिए लगातार दुख सहने के लिए पैदा नहीं हुई हैं। प्रेम आपको भीतर से खाली नहीं करता, बल्कि मजबूत बनाता है।
अगर कोई रिश्ता आपको हंसाने से ज़्यादा रुलाता है और प्यार पाने के लिए आपको अपना आत्मसम्मान खोना पड़ता है, तो उसे प्रेम का नाम देने से पहले एक बार ठहरकर ज़रूर सोचिए.
ख़ुद को बचाना स्वार्थ नहीं है. ख़ुद को चुनना आपका अधिकार है और इस मुक्ति की शुरुआत किसी और के बदलने से नहीं, आपके अपने एक मज़बूत फ़ैसले से होती है.
– स्नेहा सिंह
Photo Courtesy: freepik
