Close

जब नूतन ने संजीव कुमार को सरेआम जड़ दिया था थप्पड़, बोली थीं- ‘संजीव कुमार उनके पति के नाखून के बराबर भी नहीं’, इस तरह हुआ था उनकी लव स्टोरी का ‘The End’ (When Nutan Publicly Slapped & Humiliated Sanjeev Kumar, Actress said, ‘He Was Not Even Worth My Husband’s Toenail’, It Was End Of Their Love Story)

संजीव कुमार (Sanjeev Kumar) हिंदी सिनेमा के फाइनेस्ट एक्टर्स में से एक थे. ‘नमकीन’, ‘शोले’, ‘अंगूर’, ‘सीता और गीता’, ‘आंधी’ जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम करने वाले संजीव कुमार का दुर्भाग्यवश बहुत कम उम्र में निधन हो गया था, लेकिन उनके चाहनेवाले आज भी उन्हें बहुत मिस करते हैं. उनकी पर्सनल और लव लाइफ पर भी अक्सर ही चर्चा की जाती है. संजीव कुमार को तीन बार प्यार हुआ, लेकिन फिर भी वो जीवनभर अकेले ही रहे. उनका एक प्यार भी मुकम्मल नहीं हुआ. इस बात का उनके फैंस को हमेशा अफसोस रहा. हाल ही में सीनियर फ़िल्म जर्नलिस्ट और लेखक हनीफ ज़वेरी (Hanif Zaveri)  मेरी सहेली पॉडकास्ट (Meri Saheli Podcast) में पहुंचे थे, जहां उन्होंने संजीव कुमार की ज़िंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए और नूतन संग उनके अफेयर पर भी बात की.

पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें:

नूतन और संजीव कुमार ने साथ में कुछ फिल्मों में काम किया था. दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी थी. पर्दे पर दोनों की जोड़ी को पसंद किया जाता था और इंडस्ट्री में भी उनके रिश्ते को लेकर किसी तरह की बड़ी चर्चा नहीं थी. लेकिन अचानक दोनों के अफेयर की खबरें सामने आने लगीं. नूतन के लिए यह बेहद परेशान करने वाली बात थी, क्योंकि वह शादीशुदा थीं.

बताया जाता है कि नूतन को किसी करीबी से पता चला कि उनके और संजीव कुमार के रोमांस की खबरें सिर्फ मीडिया की अटकलें नहीं थीं, बल्कि संजीव कुमार खुद भी इस तरह की बातें फैला रहे थे. नूतन को ये बात बहुत बुरी लगी. उन्होंने तय किया कि वह संजीव कुमार से सीधे इस बारे में बात करेंगी और वो फ़िल्म के सेट पर पहुंच गईं. जब संजीव कुमार की ओर से उन्हें सही रिस्पांस नहीं मिला तो वो भड़क गईं और गुस्से में उन्होंने उन्हें एक थप्पड़ जड़ दिया. ये देखकर वहां मौजूद सभी लोग सत्र रह गए थे. बाद में एक इंटरव्यू के दौरान नूतन ने कहा था, संजीव कुमार उनके पति के नाखून के बराबर भी नहीं थे, मैं इन अफवाहों से हैरान और परेशान थी.”

लेकिन हनीफ ज़वेरी संजीव और नूतन के बीच नजदीकियों को एकतरफा नहीं मानते. उन्होंने पॉडकास्ट में बताया, “संजीव कुमार और नूतन एक दूसरे के करीब आ गए थे, ये सच है.  यह ‘देवी’ की शूटिंग के दौरान हुआ था और संजीव कुमार इस रिश्ते को लेकर काफी सीरियस थे. निर्देशक गोविंद सरैया, जो नूतन और उनके कॉमन फ्रेंड थे, उन दोनों की मुलाकात की प्लानिंग बनाते रहते थे. लेकिन यह रिश्ता इसलिए टूट गया क्योंकि वह शादीशुदा थीं.”

संजीव कुमार को नूतन ने थप्पड़ क्यों मारा था, इस पर जवेरी ने कहा, “संजीव कुमार की बहन गायत्री पंडित ने मुझे इस बारे में बताया था. दरअसल थप्पड़ वाली घटना से एक दिन पहले, संजीव और नूतन के बीच बहस हुई थी. बहस खत्म करने के लिए उन्होंने उनके पति रजनीश बहल को बुलाया. इससे उनके बीच बहस बढ़ गई. अगले दिन अपने पति के सामने यह साबित करने के लिए कि उनके और संजीव कुमार के बीच कुछ भी नहीं है, उन्होंने उन्हें थप्पड़ मार दिया. यह ‘देवी’ की शूटिंग के दौरान हुआ था, लेकिन संजीव कुमार इतने ज़हीन इंसान थे कि उन्होंने मरते दम तक कभी इस घटना का ज़िक्र तक नहीं किया.”

इसके बाद सुलक्षणा पंडित उनकी ज़िंदगी में आईं. वो चाहती थीं कि संजीव कुमार उनसे शादी कर लें, लेकिन संजीव कुमार ने इनकार कर दिया. इसकी वजह बताते हुए हनीफ ज़वेरी ने कहा, “उन्हें बहुत कम उम्र में एक बार दिल का दौरा पड़ा था. उनके भाई की भी कम उम्र में ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. इस वजह से उन्हें लगने लगा था कि वो भी ज्यादा दिन नहीं जी पाएंगे, इसलिए शादी करके किसी और की जिंदगी क्यों खराब करें. उन्हें आभास हो गया था कि वो जल्दी ही मर जाएंगे. इसलिए उन्होंने शादी की ही नहीं.”

Share this article