शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) हर त्योहार पूरी आस्था, परंपरा और धूमधाम से मनाती हैं. हर त्योहार पर उनके घर ग्रैंड सेलिब्रेशन होता है. फैंस को भी उनका ये अंदाज़ बेहद पसंद आता है. नवरात्रि (Navratri) के पूरे नौ दिन शिल्पा शेट्टी मां की भक्ति में नज़र आती हैं, कंजक पूजा करके कन्याओं को जिमाती हैं और पूरे उत्साह के साथ नवरात्रि का त्योहार (Shilpa Shetty Navratri Puja) मनाती हैं.


हर साल की तरह इस साल भी शिल्पा शेट्टी ने अपने घर में माता रानी की चौकी (Shilpa Shetty organises Mata Ki Chauki) रखी. महानवमी के दिन शिल्पा ने घर में मां का दरबार सजाया और मां की भक्ति में लीन नजर आईं. एक्ट्रेस ने माता की चौकी का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें माता रानी की भक्ति करती नजर आ रही हैं.


वीडियो में देवी मां को फूलों से सजाया गया है और प्रसाद चढ़ाया गया है. माता के भजन गाये जा रहे हैं, जयकारे लगाए जा रहे हैं और शिल्पा शेट्टी ढोलक की थाप पर झूमती नज़र आ रही हैं. उनके साथ शमिता शेट्टी, उनकी मां और उनका पूरा परिवार माता की चौकी में शामिल हुआ.


माता की चौकी का वीडियो शेयर करते हुए शिल्पा ने कैप्शन में लिखा, “आपको महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं. इस पावन नवमी पर मां दुर्गा आपको अपने नौ आशीर्वादों- नाम, यश, स्वास्थ्य, धन, सुख, मानवता, शक्ति, आस्था और विवेक – से परिपूर्ण करें. जय माता दी!”

शमिता शेट्टी (Shamita Shetty) ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं और सभी को दशहरा की शुभकामनाएं दी हैं.

शिल्पा के इस वीडियो को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और मां का जयकारा लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज की है.

