विवेक ओबेराय (Vivek Oberoi) इन दिनों रामायण (Ramayan) फ़िल्म को लेकर न्यूज़ में बने हुए हैं. फ़िल्म में विवेक ने विद्युतजिव्हा का रोल किया था. रामायण के लिए विवेक ओबेरॉय ने कोई फीस चार्ज नहीं की थी और मेकर्स को कहा था कि उनके हिस्से को फीस गरीब बच्चों को दान कर दी जाए. उनके इस कदम की खूब तारीफ भी हुई थी.

रामायण के बाद विवेक इन दिनों स्पिरिचुअल राह पर हैं. हाल ही में वो मध्य प्रदेश के आगर मालवा स्थित बगलामुखी मंदिर (Vivek Oberoi visits Maa Baglamukhi Temple) पहुंचे. इसके बाद उन्होंने उज्जैन स्थिति महाकाल मंदिर में भी दर्शन किया. इंटरनेट पर फिलहाल उनकी इस स्पिरिचुअल यात्रा की तस्वीरें और वीडियो वायरल हैं.

बगलामुखी मंदिर पहुंचकर विवेक ओबेरॉय ने माता का दर्शन-पूजन किया और विधिवत हवन अनुष्ठान करके माता का आशीर्वाद लिया. पुजारी ने उन्हें गर्भगृह में प्रवेश कराकर पूजन कराया. इस दौरान पीले कुर्ते में विवेक पूरी तरह से माता की भक्ति में लीन नज़र आए.

इसके बाद विवेक उज्जैन पहुंचे जहां उन्होंने महाकाल मंदिर जाकर बाबा के दर्शन (Vivek Oberoi seeks blessings at Mahakal) किए. उन्होंने जल द्वार से मंदिर में प्रवेश किया और भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर कुछ देर भक्ति में लीन रहे. इस स्पिरिचुअल यात्रा के दौरान उनके साथ मोटिवेशनल स्पीकर और बिजनेस कोच डॉ. विवेक बिंद्रा (motivational speaker Vivek Bindra) भी मौजूद थे.

दर्शन के बाद विवेक ओबेरॉय ने मीडिया से बात की और ‘रामायण’ की अपनी फीस गरीब बच्चों को दान करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में ज्यादा कुछ बोलना उचित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि उनके मन में बस एक विचार आया कि यह रामजी की फिल्म है, इसलिए इसमें पैसे नहीं लेने चाहिए. बस उन्होंने फैसला कर लिया कि फीस नहीं लेनी है.
