जब कभी कोई दिल के क़रीब होता है तो उनके साथ बिताए गए लम्हे याद आते ही हैं. कुछ ख़ुशी के होते हैं तो कुछ ग़म के. अक्षय कुमार ने अपने ख़ास साथी कलाकार असरानी जी को याद करते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल नोट लिखा. उनके भावनात्मक अल्फ़ाज़ों ने उनके फैंस को भी इमोशनल कर दिया. सभी ने उस पर भावविभोर हो ढेर सारी प्रतिक्रियाएं दीं.

दरअसल, अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ रिलीज होनेवाली है और उसमें असरानी के साथ उनकी मज़ेदार कॉमेडी है. दोनों ने मिलकर बारह फिल्मों में काम किया. ‘भूत बंगला’ के अलावा अक्षय कुमार की सैफ अली खान के साथ आनेवाली फिल्म ‘हैवान’ में भी असरानी उनके साथ है.

अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अक्षय कुमार ने असरानी के साथ अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट ख़ूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए कहा-
कभी कभी एक तस्वीर स़िर्फ यादों का टुकड़ा नहीं होती... एक पूरी जर्नी को समेट लेती है...
यह पिक्चर हमारी भूत बंगला की शूट से है... असरानी जी के साथ मेरी सेकंड लास्ट फिल्म. टोटल 12 फिल्म्स हमने साथ की, और हर एक में मैंने उनसे कुछ नया सीखा... वह हर पल एक मास्टरक्लास जैसा था.
कॉमेडी इतनी आसान लगती थी जब वो करते थे, लेकिन असल में वो एक मुश्किल कला है. असरानी जी उसके उस्ताद थे और हमेशा रहेंगे.
‘भूत बंगला’ कल रिलीज़ हो रही है... मेरे लिए यह स़िर्फ एक फिल्म नहीं, एक याद है... एक ट्रिब्यूट है... एक सैल्यूट है उस लीजेंड को...
असरानी जी, आप हमेशा याद आएंगे...

सच, एक साथी कलाकार के लिए दिल से दी गई सच्ची श्रद्धांजलि. निर्देशक प्रियदर्शन की ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, परेश रावल, असरानी, वामिका गब्बी व राजपाल यादव हैं.
असरानी के साथ अक्षय कुमार की जोड़ी हिट रही है. दोनों ने हेरा फेरी, फिर हेरा फेरी, गरम मसाला, भागमभाग, वेलकम, खट्टा-मीठा, आवारा पागल दीवाना जैसी फिल्मों में काम किया. खट्टा मीठा में असरानी के सेठ करोड़ीमल और अक्षय कुमार के सचिन टिचकुले की जोड़ी ने तो सभी का भरपूर मनोरंजन किया था.
यह भी पढ़ें: कृष्णा अभिषेक- मेरे लिए तो वो ही स्ट्रेस… (Krishana Abhishek- Mere liye toh woh hi stress)
84 की उम्र में 20 अक्टूबर, 2025 को असरानी जी ने दुनिया को अलविदा कहा. उनके जाने पर अक्षय कुमार ने ग़मगीन होकर इमोशनल नोट्स के साथ उन्हें याद किया था.

असरानी जी के बारे में बात करें तो उनका असली नाम गोवर्धन असरानी था. जयपुर में जन्मे और वही अपना ग्रेजुएशन पूरा किया. उन्होंने चार सौ से भी अधिक फिल्मों में काम किया. हिंदी के अलावा गुजराती, दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी उन्होंने ने अपने अभिनय से प्रभावित किया. वे अपनी लाजवाब कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते थे. वे निर्माता-निर्देशक, गायक भी रहे हैं. उनकी अभिनेता राजेश खन्ना के साथ गहरी दोस्ती थी. दोनों कई सुपर-डुपर हिट फिल्में दीं. उनकी इच्छा थी कि उनके अंतिम संस्कार को शांतिपूर्वक तरी़के से निजी रखा जाए और उनके परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए इस बात का ख़्याल रखा.

अक्षय कुमार भूत बंगला के अलावा वेलकम टू द जंगल, हेरा फेरी 4, ओरोमियो, चामुंडा व हैवान में अपने अभिनय का जलवा बिखेरेंगे.
यह भी पढ़ें: नीना गुप्ता- पुरुषों की मानसिकता कभी नहीं बदली… (Neena Gupta- Purushon ki mansikta kabhi nahi badli…)
Photo Courtesy: Social Media
