सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े पुरस्कार ‘दादासाहेब फाल्के’ से सम्मानित किया जाएगा. आज यह जानकारी सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावेडकर ने बधाई देते हुए ट्वीट करके दी. जब से यह ख़बर मिली है, तब से बधाइयों का सैलाब उमड़ पड़ा है. सबसे पहले उनके सुपुत्र अभिषेक बच्चन ने ख़ुशी प्रकट करते हुए Proudson.. कहा. उसके बाद क्या नेता, अभिनेता, खिलाड़ी, कलाकार सभी शुभ संदेश देने लगे. करण जौहर, रजनीकांत, प्रसून जोशी, नागार्जुन, मोहनलाल, मधुर भंडारकर, लता मंगेशकर, रितेश देशमुख, रविकिशन, दीया मिर्ज़ा, राधिका तमाम फिल्मी हस्तियों के साथ-साथ मंत्रियों में गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवराज सिंह चौहान, किरण खेर, सुरेश प्रभु, सचिन पायलट इत्यादि द्वारा उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां देने का सिलसिला-सा चल पड़ा.
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार फिल्म और कला में महत्वपूर्ण व उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है. साल 1969 में यह सबसे पहले अभिनेत्री देविका रानी को दिया गया था. उसके बाद देव आनंद, गुलज़ार, यश चोपड़ा, विनोद खन्ना, शशि कपूर, मनोज कुमार, लता मंगेशकर जैसे तमाम हस्तियों को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.

अमिताभ बच्चन यूं तो तमाम पुरस्कार और सम्मान अब तक पा चुके हैं, जिनमें 4 बार राष्ट्रीय पुरस्कार, पद्मश्री, पद्मभूषण, पद्मविभूषण के अलावा देश-विदेश के कई सम्मानित व उल्लेखनीय पुरस्कार उन्हें मिल चुके हैं. वे हमेशा ही अपने अभिनय व सामाजिक कार्यों से लोगों को प्रभावित करते रहे हैं.
अमिताभ बच्चन आज की पीढ़ी के लिए ही नहीं, पिछ्ले कई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणास्रोत और आदर्श रहे हैं. उन्होंने अपने अभिनय से हर किसी को प्रभावित किया है. शहंशाह, बिग बी सुपरस्टार, सदी के महानायक, मेगास्टार न जाने कितने नामों से उन्हें संबोधित किया जाता रहा है. फिल्म इंडस्ट्री को एक अलग तरह का सुपरस्टार एंग्री यंगमैन की छवि उन्होंने ही दी थी. सात हिंदुस्तानी फिल्म से अभिनय का सफ़र जो शुरू हुआ वो आज तक बरक़रार है.

फिल्म-टीवी हो, विज्ञापन हो या कोई भी सामाजिक कार्य अमिताभ बच्चन हर एक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं. उनकी बातें और उनके संदेश लोगों को इस कदर प्रभावित करते हैं कि लोग उनका अनुसरण करने लगते हैं.
आज वे जहां छोटे पर्दे पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो से लोगों को इंटरटेन कर रहे हैं, वही फिल्मों द्वारा भी उनके अभिनय का जलवा बरक़रार है.

उनकी आनेवाली कई फिल्में ऐसी हैं, जिनमें उन्हें एक अलग रूप, एक अलग रंग में लोग देखेंगे. ख़ासकर झुंड, सायरा नरसिम्हा रेड्डी, बटरफ्लाई, ब्रह्मास्त्र, चेहरे और गुलाबो सिताबो.
मेरी सहेली की तरफ से अमिताभ बच्चनजी को ‘दादासाहेब फाल्के’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की बहुत-बहुत बधाई!.. वे यूं ही कामयाबी के शिखर को छूते रहें. आइए, उनके अलग-अलग रूप-रंग के अक्स देखें…








