धुरंधर के बाद धुरंधर 2 (Dhurandhar: The Revenge) ने भी बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रखी है. फ़िल्म का हर कैरेक्टर और उस कैरेक्टर को निभानेवाला कलाकार लोगों के दिलों पर राज कर रहा है. चाहे हमजा हो या फिर पिंडा या जमील जमाली सब किरदार लोगों के दिलो दिमाग पर छाए हुए हैं. फिल्म में ‘मोहम्मद आलम’ (Gaurav Gera aka Mohammad Aalam) का किरदार निभाकर गौरव गेरा (Dhurandhar actor Gaurav Gera) भी लाइम लाइट में आ गए हैं. हालांकि गौरव के लिए यहां तक पहुंचने का सफर इतना आसान नहीं रहा, उन्हें इसके लिए लंबा स्ट्रगल करना पड़ा. अब सक्सेस मिलने के बाद गौरव गेरा को पुराने दिन याद आए हैं और उन्होंने 28 साल पहले अपने माता पिता को लिखा एक लेटर शेयर (Gaurav Gera aka Aalam shares old letter) किया है, जो अब उनके फैंस को इमोशनल कर रहा है.

गौरव ने अपने इंस्टाग्राम पर दो पन्नों की एक चिट्ठी शेयर की है, साथ ही कैप्शन में इमोशनल नोट लिखा है. उन्होंने लिखा, "मेरे माता-पिता को लिखा यह खत- 3 दिसंबर, 1998 का है. मुंबई आए हुए मुझे एक महीना भी नहीं हुआ था, यह 28 साल पहले की बात है. तब ईमेल नहीं होते थे, सिर्फ चिट्ठियां होती थीं. जाहिर है उसके बाद खूब टीवी, कुछ फिल्में, विज्ञापन फिल्में, संगीत नाटक, रेडियो, टिकटॉक, रील्स… उतार-चढ़ाव से भरा एक प्यारा सफर रहा… भगवान मेहरबान रहे… लेकिन ये धुरंधर… पता नहीं भविष्य में क्या होगा… लेकिन मैं अपने 23 साल के युवा रूप को आशावान बने रहने के लिए और माता-पिता को उनके अथाह सपोर्ट के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं #धुरंधर रिवेंज."

गौरव गेरा ने जो चिट्ठी लिखी है, वो उस समय के उनके स्ट्रगल को बयां करती है और इतनी इमोशनल है जिसे पढ़कर शायद आपकी आंखें भी भर आएं. उस पन्नों की चिट्ठी में लिखा था, "प्यारे मम्मी और पापा, आप लोग कैसे हैं? मैं यहां बिल्कुल ठीक हूं. पैसों के मामले में अभी कुछ खास नहीं हुआ है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि सब जल्दी ही ठीक हो जाएगा. दिल्ली की तुलना में यहां काफी काम है. सुबह के समय मैं काम के सिलसिले में कई लोगों से मिलता हूं और शाम को रिहर्सल करता हूं. यह नाटक एक म्यूजिकल ड्रामा है, जिसका नाम है ‘मैन ऑफ ला मांचा’. यह एक बहुत ही नामचीन ग्रुप है और इस ग्रुप के साथ जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात है."

गौरव ने चिट्ठी में आगे लिखा है, "मैं जिस जगह रहता हूं वह एक छोटा सा कॉटेज है और ज़्यादा खर्च भी नहीं होगा. अगर मैं और राजेश मिलकर एक-एक हजार रुपये में 11 महीने का किराया दे दें तो और भी अच्छा है. बाकी खर्चों में टेलीफोन, बिजली, गैस और पानी के बिल और खाना शामिल हैं. मम्मी-पापा, भविष्य उज्ज्वल है लेकिन मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है. सही लोगों से जान-पहचान बनाने में समय लगता है, इसलिए कृपया समझिएगा. मेरी वजह से आपकी जेब पर थोड़ा बोझ पड़ेगा, लेकिन यकीन मानिए, ज्यादा दिन नहीं." गौरव ने आगे लिखा कि उन्हें सबकी बहुत याद आती है, लेकिन अभी वो आ नहीं पाएंगे, क्योंकि उनका शो है.

गौरव गेरा की ये पुरानी चिट्ठी पढ़कर फैंस इमोशनल हो रहे हैं और उनकी पोस्ट पर रिएक्ट कर रहे हैं धुरंधर के उनके कोस्टार भी भी उनकी पोस्ट पढ़कर कॉमेंट कर रहे हैं और लिख रहे हैं कि उनकी चिट्ठी पढ़कर उनकी आंखों में आंसू आ रहे हैं.

