नवरात्र यानी रंगों, संगीत, गरबा और उत्साह से भरी ख़ूबसूरत रातें. इन दिनों हर युवती और महिला ख़ुद को कुछ ख़ास अंदाज़ में सजाना चाहती है. पारंपरिक चनिया चोली के साथ यदि मेकअप और हेयर स्टाइल भी सही हो, तो पूरा व्यक्तित्व और निखर उठता है.
आजकल पारंपरिक अंदाज़ के साथ मॉडर्न मेकअप और ट्रेंडी हेयरस्टाइल का मेल ख़ूब पसंद किया जा रहा है. ऐसे में ख़ूबसूरत दिखने के साथ आरामदायक रहना भी ज़रूरी है.
मेकअप की शुरुआत त्वचा से
मेकअप करने से पहले त्वचा को अच्छे क्लींजर से साफ़ करें. इसके बाद अपनी स्किन टोन के अनुसार मॉइश्चराइज़र लगाएं. मॉइश्चराइज़र त्वचा में अच्छी तरह समा जाए तो प्राइमर लगाएं. इससे मेकअप लंबे समय तक टिका रहता है.
यदि आपको नेचुरल लुक पसंद है तो लाइट फाउंडेशन और कंसीलर पर्याप्त रहेंगे. चेहरे पर दाग़-धब्बे या निशान हों तो कंसीलर की मदद से उन्हें हल्का किया जा सकता है. इसके बाद वॉटरप्रूफ लाइट बेस फाउंडेशन लगाएं. अंत में कॉम्पैक्ट या पाउडर से बेस को सेट करें.
गरबा के दौरान पसीना आने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए वॉटरप्रूफ मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना बेहतर है. इससे मेकअप जल्दी ख़राब नहीं होता और लंबे समय तक चेहरा फ्रेश दिखाई देता है.

आंखों को दें ख़ास अंदाज़
नवरात्र के मेकअप में आंखों का आकर्षण सबसे महत्वपूर्ण होता है. चनिया चोली के रंग से मेल खाता आईशैडो चुनें. ग्लिटर या मेटैलिक शेड्स आंखों को ख़ास चमक देते हैं और रात के गरबा लुक के लिए बेहद आकर्षक लगते हैं.
– सबसे पहले वॉटरप्रूफ काजल लगाएं.
– इसके बाद अपनी पसंद के अनुसार पतली या मोटी आईलाइनर लगाई जा सकती है.
– अंत में मस्कारा लगाकर आंखों को और उभारा जा सकता है. अगर आपका आउटफिट पहले से ही बहुत चमकीला है तो आंखों के मेकअप को थोड़ा सॉफ्ट रखना बेहतर रहेगा.
होंठों पर रंगों की छटा
लिपस्टिक में लाल, गुलाबी और मैरून जैसे ब्राइट शेड्स हमेशा आकर्षक लगते हैं. वहीं नेचुरल लुक चाहने वाली महिलाएं न्यूड या ब्राउन शेड पसंद कर सकती हैं. चनिया चोली के रंग से मेल खाती लिपस्टिक पूरे लुक को संतुलित और ख़ूबसूरत बनाती है.
होंठों को नर्म-मुलायम रखने के लिए लिपस्टिक से पहले लिप बाम लगाएं. इससे होंठों का रूखापन कम होगा और लिपस्टिक भी बेहतर तरीक़े से लगेगी.
यह भी पढ़ें: इन 70+ ईज़ी मेकअप ट्रिक्स से पाएं बॉलीवुड एक्ट्रेस वाला लुक (For Perfect Bollywood Divas Looks, Try These Easy 70+ Makeup Tricks)
चेहरे पर पारंपरिक टीका और बिंदी
नवरात्र में पारंपरिक टीका या छोटे-छोटे टैटू चेहरे के लुक को बिल्कुल अलग बना सकते हैं. इसके लिए लिक्विड आईलाइनर या स्केचपेन जैसी आईलाइनर का इस्तेमाल किया जा सकता है. अपनी चनिया चोली और आभूषणों के अनुरूप डिज़ाइन चुनें.
बिंदी यानी टीका भी नवरात्र के श्रृंगार का अहम हिस्सा है. बड़ी बिंदी, आकर्षक डिज़ाइन या पारंपरिक टीका चेहरे की ख़ूबसूरती को और बढ़ा सकता है.
हेयरस्टाइल में स्टाइल के साथ आराम
गरबा करते समय खुले बाल कई बार असुविधा पैदा करते हैं. इसलिए ऐसी हेयरस्टाइल चुनें, जो ख़ूबसूरत होने के साथ लंबे समय तक आरामदायक भी रहे.
ब्रेडेड हेयरस्टाइल: चोटी हमेशा से पारंपरिक लुक का हिस्सा रही है. सागर या खजूरी चोटी के साथ परांदी या सजावटी गुंथाव जोड़कर आकर्षक और ट्रेंडी अंदाज़ पाया जा सकता है.
हाफ पोनी: हाफ पोनी सरल होने के साथ स्टाइलिश भी लगती है. चाहें तो हाफ पोनी के बालों का छोटा जूड़ा यानी अंबोड़ा भी बनाया जा सकता है.
हाई बन: लंबे समय तक गरबा खेलने वाली महिलाओं के लिए हाई बन सुविधाजनक विकल्प है. इसके ऊपर रंग-बिरंगी परांदी, कौड़ियां या अन्य पारंपरिक सजावट लगाकर इसे आकर्षक बनाया जा सकता है.
खुले बालों का लुक: जिन्हें खुले बाल पसंद हैं, वे बेबी कर्ल्स या साफ्ट कर्ल्स कर सकती हैं. हालांकि ऐसे में बालों की अतिरिक्त देखभाल ज़रूरी है. हेयर स्पा कराने से बालों को नमी और सुरक्षा मिल सकती है. धूल, पसीने और लगातार डांस के कारण बालों को होने वाले नुक़सान से बचाने के लिए उन्हें साफ़ रखना भी ज़रूरी है. बालों में फूल या वेणी लगाकर पारंपरिक ख़ूबसूरती को और बढ़ाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: हेल्दी हेयर के लिए कॉफी हेयर मास्क (Coffee Hair Mask for Healthy Hair)
त्वचा और बालों की भी करें देखभाल
नवरात्र के दिनों में लगातार मेकअप, पसीना और धूल त्वचा तथा बालों को प्रभावित कर सकते हैं. इसलिए उत्सव शुरू होने से पहले ही स्किन और हेयर केयर पर ध्यान दें. पर्याप्त पानी पिएं. फल और हरी सब्ज़ियां खाएं तथा पर्याप्त नींद लें.
गरबा खेलने के बाद मेकअप अच्छी तरह साफ़ करें और चेहरे पर मॉइश्चराइज़र लगाएं. बालों को भी पसीने और धूल से मुक्त रखने के लिए समय-समय पर धोना ज़रूरी है. बाल धोने से पहले हल्का तेल लगाने से रूखेपन को कम करने में मदद मिल सकती है.
परंपरा में आधुनिकता का स्पर्श
आज की युवतियां पारंपरिक चनिया चोली और आभूषणों के साथ आधुनिक मेकअप तथा हेयरस्टाइल को जोड़कर अपना अलग स्टाइल स्टेटमेंट बना रही हैं. ज़रूरी यह है कि सजने-संवरने के साथ सहजता और आत्मविश्वास भी बना रहे.
सही मेकअप, सुविधाजनक हेयरस्टाइल और पारंपरिक अंदाज़ का ख़ूबसूरत मेल नवरात्र की हर रात को यादगार बना सकता है. आख़िर गरबा की असली चमक सिर्फ़ कपड़ों और मेकअप में नहीं, बल्कि चेहरे के आत्मविश्वास और मुस्कान में भी दिखाई देती है.
– स्नेहा सिंह

Photo Courtesy: Freepik
