Close

फिल्म समीक्षाः अनमोल है ‘ये प्रेम मोल लिया’ बढ़िया संदेश के साथ फैमिली एंटरटेनमेंट… (Movie Review: Yeh Prem Mol Liya)

सूरज बड़जात्या उन निर्देशकों में से एक हैं, जिन्होंने अपनी संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को हमेशा ही सर्वोपरि रखा. लेकिन इस बार ‘ये प्रेम मोल लिया’ में कुछ ऐसे मुद्दों को भी उठाते हैं, जिन पर हमारा ध्यान बहुत कम ही जाता है, ख़ासकर एक नारी की अहमियत, उसके उसूल, उसकी इच्छाएं… मायका-ससुराल की परिभाषा, रीति-रिवाज़ तो हम ही ने गढ़ी है. यदि वक़्त के साथ, लीक से हटकर, परिस्थितियों के कारण इसमें बदलाव लाया जाए तो क्या ग़लत है? यह फिल्म ऐसी कई समस्याओं का भी सरल और ख़ुशियों भरा समाधान देती है, जिसे हम अपने अहंकार, लोक-लाज, समाज, रूढ़ीवादिता के चलते बरसों से ढोते चले आ रहे हैं. सूरज जी का प्रयास सराहनीय है, उन्हें दिल से साधुवाद!

क्या दामाद बेटा नहीं बन सकता?

प्रेम, आयुष्मान खुराना को गीत-संगीत, धुन का जुनून है, जिसे मां बख़ूबी समझती है. इसी कारण बिहार के छोटे शहर से पूरा परिवार मुंबई चला आता है. जहां दादाजी अनुपम खेर, पिता स्वानंद किरकिरे, मां गीता अग्रवाल शर्मा और छोटा भाई ये पांचों खट्ठी-मीठी नोक-झोंक के साथ रह रहे हैं. दादाजी पोते के करियर के लिए फिल्म निर्माता राजेश कुमार से बात करते हैं. एक महीने में रोमांटिक गाना बनाने के ऑफर मिलता है. बस, यही से शुरू होती है प्रेम की गीतों के धुन बनाने के साथ-साथ प्रेम कहानी. पूर्वा, पत्रकार बनी शरवारी वाघ का रेलवे पर मिलना, ट्रेनों में लुका-छिपी के साथ निहारना, देखना और दीवाना हो जाना. पूर्वा की एक अलग कहानी है परिवार में दादी, नानी, चाची, बुआ और भतीजी हैं. सब महिलाएं और महलों जैसा उनका घर. सभी की देखरेख के साथ-साथ वो घर-बाहर की हर ज़िम्मेदारियों को बख़ूबी संभालती है. लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है, जब प्रेम के प्यार को अपनी इन परिस्थिीतियों के चलते स्वीकार नहीं कर पा रही, जबकि वो प्रेम को पसंद करती है. प्रेम एक अच्छा बेटा-पोता तो है ही अब वो अपने ढंग से नया क्रांतिकारी तरीक़ा निकालते हुए पूर्वा के सामने प्रस्ताव रखता है कि क्यों न उसका परिवार उनके साथ रहे, इससे पूर्वा को घर भी नहीं छोड़ना पड़ेगा और दोनों परिवार मिल-जुलकर हंसी-ख़ुशी रहेंगे भी. लेकिन हर एक की अपनी कहानी और संघर्ष है, कई उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन प्रेम-पूर्वा अपने प्यार, समझदारी और सूझबूझ से हर सिचुएशन से पार होते जाते हैं. यूं तो फिल्म में कोई खलनायक नहीं है, पर प्रेम के पिता ग्रे शेड निभाते हैं. उनकी कड़ुवाहट, व्यंग्य, नाराज़गी… हर घर की कहानी बयां कर देती है. क्योंकि इस तरह के क़िरदार कमोबेश अधिकतर घरों में पाए ही जाते हैं. सूरज बड़जात्य पारिवारिक मनोरंजन के साथ-साथ एक प्रेरक संदेश भी फिल्म के ज़रिए देते हैं. ख़ासकर तोरण की रस्म की ख़ूबसूरती का जानना. आयुष्मान खुराना, शरवारी वाघ, अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक से लेकर स्वानंद किरकिेरे, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, श्रुति सेठ, क्रिश राव, राजेश कुमार, गीता अग्रवाल शर्मा, शाद रंधावा, सुरभि तिवारी, गिरीश कुलकर्णी, सुरभि तिवारी, जमील खान हर किसी प्रभावित किया. कह सकते हैं कि हर कलाकार ने अपनी भूमिका के साथ न्याय किया है. हिमेश रेशमिया का संगीत तो पहले ही सुपरहिट हो चुका है. भक्ति, मस्ती, रोमांस से भरपूर गाने सुनने-देखने दोनों में ही बड़े अच्छे लगते हैं. तुम जीने की वजह… जय अंबे बोल… झुमका पटोला… के साथ-साथ फिल्म के अंत में मुंबई के बाणगंगा में फिल्माया बुलाए छठी मां… गाने की ख़ूबसूरती देखते ही बनती है. श्रेया घोषाल, हिमेश रेशमिया, सोनिया कपूर रेशमिया, केशव आनंद व निहाल ताउरो ने अपनी आवाज़ से गीतों का ख़ूबसूरत समां बांध देते हैं. कुमार, व मयूर पुरी के गीत प्रभावित करते हैं. मनोज कुमार खटोई की सिनेमैटोग्राफी काबिल-ए-तारीफ़ है. ‘ये प्रेम मोल लिया’ की कहानी, पटकथा और निर्देशन की तिहरी ज़िम्मेदारी सूरज बड़जात्या ने बख़ूबी संभाली है. अभिषेक दीक्षित ने डायलॉग भी क्या ख़ूब लिखे हैं, विशेषकर कोर्ट में जब जज साहब प्रेम की मां को कहते हैं कि आपके बेटे को देख पता चलता है कि मां के संस्कार है उसमें. सच, दिल को छू लेता है यह संवाद.   राजश्री प्रोडक्शन व महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म को कमल कुमार बड़जात्या, स्वर्गीय राजकुमार बड़जात्या, अजीत कुमार बड़जात्या और महावीर जैन. वितरण यश राज फिल्म्स का है. ‘ये प्रेम मोल लिया’ मूवी हर किसी को देखनी चाहिए, क्योंकि हंसी-मज़ाक, ख़ुशी-ग़म, मनोरंजन के साथ-साथ एक ऐसा मैसेज भी देती है, जो हमें बहुत कुछ सोचने पर मजबूर भी करती है.

– ऊषा गुप्ता

Share this article