तेरी आंख्या का यो काजल... ये हरियाणवी गाना गाकर फेमस हुई हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी (Sapna Choudhary) अपने ठुमकों के लिए फेमस हैं. बच्चे से लेकर बू़ढ़े तक हर कोई उनके डांस मूव्स का दीवाना है. लेकिन फिलहाल सपना अपने डांस को लेकर नहीं, बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ के चलते सुर्खियों में हैं. पिछले काफी दिनों से खबरें आ रही थीं कि उनकी शादीशुदा ज़िंदगी मुश्किल दौर से गुज़र रही है, लेकिन अब इसका सच भी सामने आ गया है. सिंगर की शादीशुदा जिंदगी में बवाल मच गया है.

सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू (Veer Sahu) पर मारपीट और घरेलू हिंसा का आरोप (Sapna Choudhary accuses husband of abuse) लगाया है और चोट के निशान व अन्य सबूत के साथ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. कोर्ट ने अब सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा देते हुए उनके पति पर उनसे मिलने या किसी तरह के संपर्क करने पर रोक लगा दी है.

पिछले काफी दिनों से सपना चौधरी की शादीशुदा जिंदगी में खटपट की खबरें आ रही थीं. एक पॉडकास्ट में वो अपनी शादी टूटने का हिंट भी दे चुकी थीं. लेकिन अब उन्होंने अपने पति की खिलाफ बाकायदा घरेलू हिंसा का मामला दर्ज (Sapna Choudhary files a domestic violence case) करवाया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि वीर साहू ने उनके कई बार मारपीट की और पब्लिक प्लेसेस पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. सपना ने कोर्ट को ये भी बताया कि लगातार हो रही हिंसा के कारण वो पति का घर छोड़ चुकी हैं और दो बच्चों के साथ मायके में रह रही हैं. सपना ने कहा कि भविष्य में भी उनके पति द्वारा इस तरह की हरकत दोहराए जाने की आशंका है, खासकर 10 जून को होनेवाले फ़िल्म प्रीमियर में वीर साहू पहुंच कर हंगामा कर सकता है और उनकी इमेज खराब करने की कोशिश कर सकता है.

सपना चोट के निशान और गंभीर चोटों के साथ कोर्ट पहुंची थीं. उन्होंने कोर्ट में पति के कुछ ऑडियोज़ भी पेश किए जिसमें वो उन्हें एब्यूज करते सुनाई दे रहे हैं. द्वारका महिला कोर्ट ने इस मामले में सख्त कदम उठाया है और सपना को अंतरिम सुरक्षा देते हुए आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक यशवीर साहू सपना चौधरी से किसी तरह से संपर्क नहीं कर सकते. उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या फ़िल्म प्रीमियर के स्थान पर जाने की अनुमति नहीं है. कोर्ट ने ये भी निर्देश दिया है कि सपना के साथ किसी तरह की घरेलू हिंसा की घटना नहीं होनी चाहिए.

बता दें कि बता दें कि सपना चौधरी ने वीर साहू से गुपचुप शादी रचाई थी और फैंस से शादी की बात छिपाई थी. किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि अपने करियर के पीक पर सपना चौधरी शादी भी कर सकती हैं. इसके बाद उन्होंने दो बेटों को जन्म दिया, दोनों बेटों के समय भी उन्होंने प्रेग्नेंसी छिपाई थी.
