Close

नए साल में चलो कुछ नया करते हैं (Let’s try something new in the new year)

नए साल को कुछ ऐसे शुरू करना चाहिए, जो यादगार बन जाए और जो आपको अपने कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकाले. आइए जानें इस साल ऐसा क्या करें.

स्कूबा डाइविंग ना की हो, तो इस साल ट्राई करें

पानी के नीचे की शांति और रंगीन समुद्री जीवन (मछलियां, कोरल रीफ्स) आपको एक अलग ही दुनिया का अनुभव कराते हैं. पहली बार गहराई में जाना थोड़ा डरावना हो सकता है, लेकिन अपने कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर पानी के नीचे सांस लेना एक बड़ी उपलब्धि है. यह आपके आत्मविश्‍वास को बहुत बढ़ाता है. यह एक कौशल है जिसके लिए एकाग्रता और शांत मन की आवश्यकता होती है. एक बार यह ज़रूर करें. यक़ीनन आपको एक अलग ही दुनिया देखने को मिलेगी जिसकी आपने कल्पना भी नहीं की होगी.

क्यों ना ओल्ड एज होम विज़िट किया जाए

हम अक्सर लोगों से ओल्ड एज होम के बारे में सुनते रहते हैं. लेकिन हममें से बहुत कम लोग होंगे, जो कभी वहां गए होंगे और बुज़ुर्गों के साथ समय बिताया होगा. इसलिए इस साल कम से कम एक बार वहां विज़िट करना तो बनता है. यक़ीन मानिए वहां जाकर लोगों से जुड़कर उनके लिए कुछ करने का जो एक्सपीरियंस होगा, वो किसी चैरिटी बॉक्स में पैसे डालने से कहीं ज़्यादा होगा. जब आप उनकी मदद अपने हाथों से करेंगे और उनके लिए खाना, गर्म कपड़े ले जाएंगे, टाइम स्पेंड करेंगे, तब उनकी आंखों में जो चमक, जो ख़ुशी आप देखेंगे, वो अनमोल होगी और आप बार-बार ऐसा करना चाहेंगे. इसलिए एक बार तो वहां जाना बनता है.

हाउसवाइफ ज़रा एक बार वर्किंग वुमन बनने का एक्सपीरियंस लें

माना बच्चों को बड़ा करने और घर-गृहस्थी में फंसकर आप भूल ही गई हैं कि आप अपने स्कूल कॉलेज की टॉपर हुआ करती थी या आपको भी जॉब करने का कितना शोक था लेकिन परिवार ने परमिशन ही नहीं दी. अगर ऐसा है भी तो इसका अफ़सोस कब तक मनाएंगी. अब बच्चे भी बड़े हो गए हैं तो क्यों ना एक बार फिर आप अपने लिए सोचें और काम करें. अरे आप घबरा क्यों गई. हमें पता है आपको ऑफिस में काम करने का कोई अनुभव नहीं है, लेकिन शुरुआत तो कभी भी की जा सकती है. आप चाहे तो स्कूल में छोटे बच्चों की देखभाल या पढ़ाने का ही काम करें. उस डेली रूटीन को महसूस करें. उससे एक अलग ही ख़ुशी होगी ओर जब आपके अपने कमाए हुए थोड़े से पैसे आपके हाथ में आएंगे तो उसका अनुभव ही अलग होगा. अगर कुछ और नहीं तो अपनी हॉबी को ही प्रोफेशन बना लें. अगर खाना अच्छा बनती हैं तो अपना यूट्यूब चैनल शुरू करें. घर में कुकिंग क्लाससे लें, बच्चों को टयूशन पढ़ाएं. अपने बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते इसका अनुभव तो है ही. डांस अच्छा करती हैं तो अपनी डांस क्लास शुरू कर सकती हैं. घर से भी डांस सीखा सकती हैं.

यह भी पढ़ें: वार्षिक राशिफल 2026 (Yearly Horoscope 2026)

जॉब करते-करते थक गए हैं तो अपना काम शुरू करने के बारे में सोचें

अगर जॉब करने में अब मज़ा नहीं आ रहा. सारा काम आप करें और क्रेडिट कोई और ले जा रहा है, तो कुछ समय सेविंग करके अपना कोई काम शुरू करें, जैसे- अपनी कोई छोटी सी ट्रैवल एजेंसी शुरू करें. अगर आप अच्छे टीचर हैं और स्कूल की जॉब से थक गए हैं, तो अपना कोचिंग सेंटर खोलने का सोचें. लेकिन ध्यान रहे जॉब छोड़ने से पहले छह महीने या साल भर घर का ख़र्च चलाने लायक सेविंग होनी चाहिए. बेहतर तो यह रहेगा कि जॉब के साथ-साथ थोड़ा-थोड़ा अपने काम का सेटअप करें. फिर जब काम थोड़ा सेट होने लगे, तो जॉब छोड़ दें. हो सकता है आप अपने काम में ज़्यादा कमा सकें और ज़्यादा सुकून में भी रहें, इसलिए एक बार इसमें अपना हाथ आज़मा कर तो ज़रूर देखें.

कुछ समय के लिए डिजिटल डिटॉक्स भी करें

माना ऐसा करना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन कुछ समय के लिए सोशल मीडिया और फोन से दूर तो रहें और ख़ुद के साथ समय बिताएं. आप महसूस करेंगे कि अब आपके पास समय की कमी नहीं है. सप्ताह में एक दिन (जैसे रविवार) तय करें, जब आप सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक किसी भी डिजिटल स्क्रीन (फोन, लैपटॉप, टीवी) को नहीं छूएंगे. अपनी पसंदीदा या कोई नई किताब लें और उसे ख़त्म करें. अपने परिवार या दोस्तों के साथ लूडो, कैरम, या शतरंज खेलें. अपने आसपास के किसी पार्क, गार्डन या छत पर स़िर्फ 15 मिनट बिना फोन के चुपचाप बैठें और केवल अपने आसपास की आवाज़ों पर ध्यान दें (पक्षी, हवा, लोग). अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने जाएं. ऐसा करने का अनुभव ही कुछ अलग होगा.

शुगर कंट्रोल करना डॉक्टर का नहीं, आपके लाइफस्टाइल का काम है

माना आप अपनी सेहत को लेकर शुरू से बहुत ही लापरवाह रहे हैं और दवाओं के सहारे आपकी गाड़ी चल रही है, लेकिन डॉक्टर के लाख कोशिशों के बाद भी शुगर कंट्रोल में नहीं है, तो यह डॉक्टर की नहीं, बल्कि आपके बिगड़े हुए लाइफस्टाइल की ग़लती है. उसे सुधारें और सोचें कि मुझे इन्सुलिन पर नहीं जाना. मैं अपनी शुगर ख़ुद ठीक करूंगा और अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखूंगा. इसके लिए अपने खानपान में सुधार करूंगा, योग और एक्सरसाइज़ को रेग्युलर रूटीन में लाऊंगा. चाहे जो हो जाए, अब अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ बंद कर दूंगा.

सोलो ट्रिप का लुत्फ़ भी उठाएं

किसी ऐसी जगह अकेले यात्रा करें, जहां आप पहले कभी नहीं गए हों. यह आपको ख़ुद को बेहतर जानने का मौक़ा देगा. अकेले जाने का अनुभव भी कुछ अलग ही होगा. यहां आकर आप किताबें पढ़ें, जर्नल लिखें या बस बैठकर आसपास की सुंदरता का अवलोकन करें. यह ’मी टाइम’ का सबसे अच्छा हिस्सा है. एक बार तो ऐसा ज़रूर करें, ताकि आप कुछ समय अकेले अपने साथ बिता सकें. सोच सकें कि आप क्या करना चाहते थे और क्या हासिल कर लिया और क्या करना बाकी है. यह वाकई मज़ेदार होगा. वहां फैमिली साथ नहीं होगी, तो नए लोगों से मिलने और बातचीत करने का मौक़ा भी होगा.

यह भी पढ़ें: विंटर्स में क्यों बढ़ जाता है एंजायटी और हार्ट अटैक का रिस्क? (Why does anxiety and the risk of heart attack increase in winters?)

नई भाषा सीखें

सबसे पहले कोई ऐसी भाषा चुनें, जिसमें आपकी वास्तविक रुचि हो, जैसे- अगर आपको जापानी फिल्में पसंद हैं, तो जापानी चुनें. आपको टर्किश सीरियल पसंद हैं तो टर्किश भाषा सीखें. यह भी देखें कि क्या यह भाषा आपके करियर या यात्राओं में मदद करेगी (जैसे- स्पेनिश, फ्रेंच या जर्मन). आपको कौन सी भाषा सीखनी है यह तय करें. फिर र्ऊीेश्रळपसे, चशाीळीश, इरललशश्र जैसे ऐप्स से रोज़ाना 15-20 मिनट एक नई भाषा (स्पेनिश, फ्रेंच, जापानी) सीखें. ये शब्दावली और मूल व्याकरण के लिए अच्छे हैं. यदि संभव हो, तो किसी स्थानीय ट्यूटर या ऑनलाइन क्लास से जुड़ें. बोलने का अभ्यास करना सबसे ज़रूरी है. अपनी चुनी हुई भाषा में बच्चों के कार्टून या शॉर्ट फिल्में सबटाइटल के साथ देखें. उस भाषा के गाने सुनें. शब्दों को समझने की कोशिश करें.

थैंकफुल जर्नल बनाएं

ऐसा करना आपकी लाइफ में पॉजिटिविटी भर देगा. रोज़ रात को उन तीन चीज़ों के बारे में लिखें जिनके लिए आप आभारी हैं, जैसे- नए साल के लिए एक लक्ष्य लिखें और उसके सफल होने के लिए अभी से आभार व्यक्त करें. उदाहरण- मैं आभारी हूं कि मैंने इस साल अपनी सोलो ट्रिप सफलतापूर्वक पूरी की. यह अभ्यास आपको पूरे साल सकारात्मक और प्रेरित रहने में मदद करेगा. इसके अलावा किसी ऐसे व्यक्ति को याद करें जिसने आपके जीवन को बेहतर बनाया और सोचें कि आज मैं किस व्यक्ति के लिए आभारी हूं और क्यों? मैंने किसे माफ़ किया या जिसने मुझे माफ़ किया? आज के दिन में सबसे अच्छा क्या हुआ? मैंने आज किसकी मदद की? जब आप ऐसा करेंगे, तो और भी अच्छा करने की प्रेरणा आपको ख़ुद से ही मिलती रहेगी.

शराब और सिगरेट छोड़ कर ही दम लूंगा

अगर बेहिसाब सिगरेट और शराब की लत है और चाहते हुए भी नहीं छोड़ पाते, तो इस बार किसी प्रोफेशनल की मदद लें. कुछ दिन किसी शराब मुक्ति केंद्र में जाएं. माना आपके लिए ऐसा करना मुश्किल है, लेकिन एक ना एक दिन तो ऐसा करना होगा. फिर अपना लिवर ख़राब करके हॉस्पिटल में भर्ती होने से तो अच्छा है अभी शराब मुक्ति केंद्र में भर्ती हो जाएं. इससे परिवार भी ख़ुश होगा कि आप अपने लिए और उनके बारे में कुछ सोच रहे हैं. और इसका फ़ायदा आपको ज़रूर मिलेगा. साथ ही एक Quit Date (छोड़ने की तारीख़) तय करें. यह तारीख़ आपको मानसिक रूप से तैयार होने का समय देगी. एक काग़ज़ पर पांच-छह कारण लिखें कि आप क्यों छोड़ना चाहते हैं, जैसे- बेहतर स्वास्थ्य, पैसे की बचत, परिवार के लिए... इसे हमेशा अपने पास रखें.

- शिखा जैन

Share this article