खिलाड़ियों को खेल से जोड़ने की बजाय समाज का एक तबका ऐसा है, जो उन्हें मज़हब से जोड़कर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की नसीहत देते रहता है. कैसे कपड़े पहने है, कौन-सा रंग पहना है, एक्सरसाइज़ क्यों कर ली जैसी बातों को लेकर वो सोशल मीडिया पर कुछ भी स्टार प्लेयर्स के बारे में बोलते रहते हैं. क्या ये उचित है? आख़िर वो उनकी पर्सनल लाइफ है. किसी की पर्सनल लाइफ में टांग अड़ाना कितना सही है? आइए, हम आपको बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों से कौन-कौन से प्लेयर हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर भद्दे कॉमेंट्स झेलने पड़े.
सानिया मिर्ज़ा
वैसे तो कुछ लोग हमेशा ही सानिया के प्लेइंग आउटफिट को लेकर बवाल मचाते रहे हैं, लेकिन इस बार तो सोशल मीडिया पर सानिया को कुछ लोगों की नसीहत सुननी पड़ी. असल में 27 दिसबंर को सानिया ने सोशल साइट्स पर अपनी एक ख़ूबसूरत सी फोटो डाली, जिसमें वो लाल रंग की साड़ी पहने हुए हैं. फोटो डालते देर नहीं कि उन्हें लोग बुरका न पहनने से लेकर इस्लाम की तौहीन करने का अपराधी मानने लगे.

मोहम्मद कैफ़
क्रिकेट से दूर रहकर भी अचानक से एक दिन सोशल मीडिया पर मोहम्मद कैफ़ ट्रोल होने लगे. जी हां, ये बात अलग है कि उन्हें कपड़ों पर किसी तरह का कॉमेंट नहीं झेलना पड़ा. वो बेचारे तो योगा को लेकर फंस गए. सूर्य नमस्कार क्या कर लिया ऐसा लगा मानों दुनिया का सबसे बड़ा पाप कर दिया. सोशल मीडिया पर कैफ़ ने अपनी कुछ तस्वीरें डालीं, जिसमें वो सूर्य नमस्कार कर रहे हैं, बस क्या था, भड़क गए समाज के नुमाइंदे. लग गए कैफ़ को सीख पर सीख देने और उनकी तौहीन करने.

मोहम्मद शमी
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने में क्रिकेटर शमी भी पीछे नहीं रहे. अपनी पत्नी और बेटी के साथ शमी ने एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसमें उनकी पत्नी मरून रंग के गाउन में नज़र आ रही थीं. बस क्या था, न जाने ऐसा क्या दिखा उस गाउन में कि कुछ लोग शमी को भला-बुरा कहने लगे. लोगों की इस प्रतिक्रिया का शमी ने जवाब भी दिया, लेकिन उसका असर उन लोगों पर कहां पड़ने वाला था. इसके बाद नए साल पर शमी ने अपनी पत्नी के साथ एक और फोटो शेयर की, जिसमें वो साड़ी और डीप नेक ब्लाउज़ पहने थीं. लोगों को वो हज़म नहीं हुआ और वो अपनी आदत के अनुरूप कॉमेंट करने लगे.


मानाकि सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां आप अपनी भड़ास निकाल सकते हैं और अपनी मन की बात कर सकते हैं, लेकिन किसी की पर्सनल लाइफ में कॉमेंट करने का हक़ सोशल मीडिया आपको नहीं देता. इस तरह की हरक़त करके आप अपना वजूद और संस्कार दुनिया के सामने रख देते हैं.
श्वेता सिंह
