Close

“राजेश खन्ना के साथ हुई थी शादी…” अनीता आडवाणी के दावे को कोर्ट ने किया खारिज (Court rejects Anita Advani’s claim that she was married to Rajesh Khanna)

अस्सी के दशक की अभिनेत्री अनीता आडवाणी अपने अभिनय को लेकर कम, परंतु सुपर स्टार राजेश खन्ना के साथ संबंध को लेकर अक्सर सुर्ख़ियों में रहीं.

मेरी सहेली के इस पॉडकास्ट में अनीता आडवाणी ने अपने प्यार, रिश्ते और कई अनकही बातों को खुलासा किया है. पूरा पॉडकास्ट देखने-सुनने के लिए लिंक पर क्लिक करें-

अनीता आडवाणी की वो याचिका, जिसमें उन्होंने अभिनेता राजेश खन्ना की पत्नी होने की अपील की थी, बॉम्बे हाईकोर्ट ने अस्वीकार कर दी है. उनके इस दावे के विरुद्ध में राजेश खन्ना की पत्नी डिंपल कपाड़िया, बेटी ट्विंकल और दामाद अक्षय कुमार ने चुनौती दी थी. आख़िरकार साल 2017 से चली आ रही यह क़ानूनी लड़ाई वे जीत गए. जस्टिस शर्मिला देशमुख ने अनीता के वकीलों और डिंपल-ट्विंकल के एडवोकेट के सभी दलीलों को सुनने के बाद अनीता की इस अपील को खारिज किया है. फ़िलहाल विस्तार से लिखित फ़ैसला आना बाकी है, परंतु निर्णय खन्ना परिवार के पक्ष में गया.

अनीता कोे इसके पहले भी दिंडोशी सिविल कोर्ट की निचली अदालत में भी राजेश खन्ना की पत्नी होने की मान्यता को लेकर हार का सामना करना पड़ा था.

यह भी पढ़ें: सारा अली खान- मेंटल हेल्थ के लिए मैं थेरेपी को ग़लत नहीं मानती… (Sara Ali Khan- Mental health ke liye main therapy ko galat nahi manti…)

अनीता कोर्ट के फ़ैसले से ख़ुश नहीं हैं, लेकिन क्या आगे भी वे इस लड़ाई को जारी रखेंगी को लेकर भी असमंजस की स्थिति में हैं. परंतु उनके कुछ सवाल कचोटते ज़रूर हैं. वे कहती हैं, “जब राजेश खन्ना तन्हा थे, अकेले बीमारी से जूझ रहे थे, तब उनका परिवार कहां था?” दरअसल, उन दिनों अनीता ने सुपर स्टार का साथ दिया था. वे उनके आशीवार्द बंगले में लिव-इन रिलेशनशिप में राजेश खन्ना के साथ रहती थीं.

ऐसा नहीं था कि दोनों के बीच हमेशा ख़ूब प्यार ही था. कई बार दोेनों की अनबन, कहासुनी भी होती थी. एक-दूसरे को शारीरिक रूप से आहत भी किया करते थे. परंतु बकौल अनीता- राजेश खन्ना ने उनके घर के मंदिर में उन्हें मंगलसूत्र पहनाकर और मांग में सिंदूर भरकर रिश्ते में बांधते हुए कहा था कि तुम मेरी ज़िम्मेदारी हो. भावनात्मक रूप से वो जुड़ाव ही उनके लिए बहुत था. इसलिए उन्होंने अपने प्यार को और कोई रिश्ते का नाम देना ज़रूरी नहीं समझा.

वैसे भी लाइमलाइट की दुनिया में न जाने कितने लोग साथ रहते हैं और कोई कुछ नहीं कहता... वे भी अपने रिश्ते को लेकर कोई ढ़िढोरा पीटने के ख़्वाहिशमंद नहीं थे. ऐसा हमेशा होता रहा है, इसी बेस पर अनीता भी अपने रिश्ते को लेकर संतुष्ट थीं.

लेकिन उनकी ज़िंदगी में दर्दनाक मोड़ तब आया, जब जुलाई 2012 में राजेश खन्ना का देहांत हुआ. तब परिवार ने न केवल उन्हें घर से बेदख़ल किया, बल्कि राजेश खन्ना के अंतिम यात्रा में भी उन्हें शामिल होने न दिया. आख़िर समाज तो अग्नि के संग सात फेरे को या फिर कोर्ट मैरिज को ही साक्षी मानता है, फिर भला अनीता के रिश्ते की क्या बिसात उनकी नज़र में.

यह भी पढ़ें: कॉमेडियन सुनील पाल की बेइज्जती पर फैंस का फूटा ग़ुस्सा… (Fans expressed anger over the insult of comedian Sunil Pal)

समाज भी सवालों के कठघरे से बच नहीं सकता. नाम, शौहरत व पैसों की ताक़त इस कदर होती है कि कई बिन फेरे हम तेरे... वाले रिश्तों को सहजता से ले लेता है, लेकिन जब कोई स्त्री अपने रिश्ते को लेकर गुहार लगाती है तो बहुत कुछ सुनते-जानते हुए भी उसकी कही बातें अनकही बनकर रह जाती है. इन सब बातों से एक सबक तो ज़रूर मिलती है कि या तो आप इस तरह के रिश्ते में ना उलझे या फिर बिखरने पर टूटे नहीं इतनी हिम्मत भी होनी चाहिए आपमें. अब अनीता आडवाणी क्या करेंगी यह तो वक़्त ही बताएगा.  

Photo Courtesy: Social Media

Share this article