रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की मच अवेटेड फ़िल्म 'रामायण' (Ramayana) का फैंस को बेसब्री से इंतज़ार है. फ़िल्म से जुड़ी छोटी से छोटी अपडेट पर भी फैंस की पैनी नज़र है. और जब से मेकर्स की ओर से ये अनाउंस किया गया था कि 2 अप्रैल, हनुमान जयंती के दिन फ़िल्म का टीज़र (Ramayana Teaser) रिलीज़ होगा, तब से लोगों की बेचैनी और बढ़ गई थी. और फाइनली आज हनुमान जयंती (Hanuman Jayanti) के दिन 'रामायण' का टीज़र रिलीज़ हो गया है. और टीज़र रिलीज़ होते ही पूरा देश राममय हो गया है.

रामायण के टीज़र में श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर की पहली झलक सामने आ गई है और वो भगवान राम के रूप में इतने भव्य लग रहे हैं कि उनको देखकर फैंस गदगद हो गए हैं. टीज़र में श्रीराम के राज्याभिषेक से लेकर वनवास, सीता हरण, रावण की झलक दिखाई दे रही है. जब रणबीर कपूर धनुष उठाते हैं, उस दृश्य पर तो पूरा देश 'जय श्रीराम' के नारे से गूंज उठ रहा है.

टीज़र में स्क्रीन पर लिखा आता है, "जब जब दुनिया में होता है हाहाकार, वे प्रकट होते हैं सुनकर हमारी पुकार. 500 वर्षों से हो रहा है जिनका गुणगान, हैं हमारे पुरुषोत्तम राम." इसके बाद श्रीराम के रूप में रणबीर स्क्रीन पर अवतरित होते हैं. टीज़र ने रिलीज़ होते ही सबका दिल जीत लिया है. फ़िल्म में श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर हर एंगल से परफेक्ट लग रहे हैं और सही मायने में मर्यादा पुरूषोत्तम लग रहे हैं.

फिल्म के प्रोड्यूसर ने इस झलक को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'राम अब तक के सबसे महान व्यक्ति हैं, क्योंकि उन्होंने ऐसा जीवन जिया जिसमें उनके द्वारा लिए गए निर्णय सदैव व्यापक भलाई के हित में थे—जहां उन्होंने अपनी इच्छाओं पर अपने कर्तव्य को और अपने स्वार्थ पर त्याग को प्राथमिकता दी. उनकी विरासत समय के साथ मानवता को और अधिक समृद्ध तथा सशक्त बनाती जा रही है; साथ ही, यह मानवीय चेतना की अच्छाई में उस विश्वास को भी सुदृढ़ करती है, जिसके बल पर सभी प्रकार के संघर्षों का समाधान किया जा सकता है और विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है."

भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे भव्य फिल्म मानी जा रही 'रामायण' का बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये है और इसे अब तक की सबसे महंगी फ़िल्म बताया जा रहा है. इस महाकाव्य को दो भागों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म की सबसे बड़ी ताकत वीएफएक्स और इसकी प्रभावशाली स्टार कास्ट है. रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, वहीं साईं पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नज़र आएंगे. फ़िल्म का पहला भाग इस साल दिवाली पर और अगला भाग अगले साल दीवाली पर रिलीज होगा.
