रणवीर सिंह (Ranveer Singh) इन दिनों 'डॉन 3' को लेकर विवादों ('Don 3' controversy) में हैं. रणवीर ने फिल्म को साइन किया था. लेकिन फिर बाद में उन्होंने इस फिल्म को करने से इंकार किया. जिसके बाद रणवीर और मेकर्स के बीच विवाद हुआ. इसके बाद रणवीर सिंह पर FWICE (Federation of Western India Cine Employees) ने बैन लगा दिया है. बैन के बाद रणवीर सिंह मंगलवार को चामुंडेश्वरी मंदिर में दर्शन (Ranveer Singh visits Chamundeshwari temple) करने पहुंचे और हाथ जोड़कर पूर्व में हुई एक गलती के लिए माफी भी मांगी.

रणवीर सिंह को मैसूरु के श्री चामुंडेश्वरी मंदिर का ये दौरा 'कांतारा' के 'दैवा' की मिमिक्री को लेकर हुए विवाद (The Kantara Controversy) से जुड़ा है. यह पूरा विवाद पिछले साल 30 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) समारोह से शुरू हुआ था. इस समारोह में रणवीर सिंह ने फिल्म 'कांतारा' के प्रसिद्ध 'दैवा' सीन की मिमिक्री की थी, जिसके बाद कन्नड़ समुदाय की भावनाएं आहत करने के आरोप में रणवीर के खिलाफ कर्नाटक में एफआईआर दर्ज कराई गई थी.

कर्नाटक हाईकोर्ट ने रणवीर सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया था. साथ ही रणवीर सिंह को मैसूरु के श्री चामुंडेश्वरी मंदिर में जाकर दर्शन करने का आदेश दिया था. कोर्ट की कार्यवाही से जुड़े निर्देशों के तहत रणवीर सिंह मैसूर चामुंडेश्वरी मंदिर देवी के दर्शन करने पहुंचे. बताया जा रहा है कि रणवीर ने आम श्रद्धालु की तरह मंदिर में दर्शन पूजन (Ranveer Singh offers prayers at Chamundeshwari temple) किया. उन्होंने किसी भी तरह के वीआइपी सुविधा का इस्तेमाल नहीं किया. उन्होंने कतार में खड़े होकर चामुंडेश्वरी देवी के दर्शन किए.

मंदिर में उन्होंने ज़मीन पर बैठकर हाथ जोड़े और देवी मां से विशेष प्रार्थना की. साथ ही 'कांतारा' विवाद के लिए माफी भी मांगी. सफेद कुर्ता पायजामा और ब्लैक नेहरू जैकेट में मंदिर से रणवीर के कई वीडियोज़ वायरल हो रहे हैं. फैंस अदालत का आदेश मानने के लिए रणवीर की तारीफ कर रहे हैं. फैंस का मानना है कि जब तक चामुंडेश्वरी देवी नहीं बुलातीं, तब तक भक्त मंदिर पहुंच ही नहीं पाता. रणवीर को ज़रूर चामुंडेश्वरी देवी का बुलावा आया होगा, तभी उन्हें यहां दर्शन करने का सौभाग्य मिला.

बता दें कि रणवीर सिंह पहले ही पब्लिकली इस विवाद के लिए माफी मांग चुके हैं. अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा था, "मेरा उद्देश्य फिल्म में ऋषभ शेट्टी की शानदार परफॉर्मेंस को सामने लाना था. एक एक्टर होने के नाते मैं समझता हूं कि जिस तरह उन्होंने उस खास सीन को निभाया, उसके लिए कितनी मेहनत और समर्पण चाहिए. मुझे उनके काम के लिए बेहद सम्मान है. मैं हमेशा हमारे देश की हर संस्कृति, परंपरा और विश्वास का गहरा सम्मान करता हूं. अगर मेरी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं."

रणवीर का यह मंदिर दौरा उस वक्त हुआ है जब वे फ़िल्म 'डॉन 3' को लेकर एक और बड़े विवाद में घिरे हैं. फिल्म फेडरेशन FWICE ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव (असहयोग निर्देश) जारी किया है और उन पर बैन लगा दिया है.
