उस गुज़रे वक़्त और उन बीते दिनों की वो हसीन यादें, बस यादें बनकर रह गई हैं. अब तो कभी-कभी लगता है, जैसे अनिकेत को मुझसे प्यार था भी या नहीं. क्यों नहीं लौट आता वो गुज़रा ज़माना, जब मैं और अनिकेत सारे जहां को भुलाकर बस एक-दूसरे में खोए रहते थे? इतना प्यार, ऐसी दीवानगीकि ख़ुद अपनी भी ख़बर नहीं होती थी. भले ही वो हमारा बचपना था, नादानी थी, पर सारा कुछ कितना अच्छा लगता था तब.
और आज बस एक ज़िम्मेदारी-सी लगने लगी है जिंदगी. एक-दूसरे को अपनी अपनी ज़िम्मेदारियां याद दिलाने के अलावा जैसे कुछ बच ही नहीं पाता हमारे पास. क्या ऐसे ही कट जाएगी सारी ज़िंदगी? क्या अब कुछ सालों के अलावा अनिकेत पर मेरा कोई अधिकार ही नहीं रह गया है? क्या हम दोबारा पहले जैसी ज़िंदगी नहीं गुज़ार सकते? क्यों?
सब कुछ इतना नीरस, इतना बोझिल-सा लगने लगा है.
नहीं, ऐसा कुछ भी नहीं है. न अनिकेत का आपके प्रति प्यार कम हुआ है और न ही आप दोनों की ज़िम्मेदारियां ही आपके प्यार के आड़े आई हैं. दरअसल, साथ-साथ इतना लंबा वक़्त गुज़ारते हुए आप दोनों ही एक-दूसरे के प्रति कुछ लापरवाह हो गए हैं. दोष सिर्फ़ अनिकेत का ही नहीं है. और अगर आपको ऐसा लगता भी है, तो आप हालात को सुधारने वाला कोई रास्ता क्यों नहीं तलाशती, अनिकेत में न सही, आप ख़ुद में तो बदलाव ला ही सकती हैं, कुछ इस तरह-
यह भी पढ़ें: स्पर्श- एक जादुई एहसास (Touch- A Magical Sensation)
★ ऑफिस जाते वक़्त चुपके से उनके पर्स में लव नोट रख दीजिए. फिर देखिए, उनके ऑफिस पहुंचते ही फोन की घंटी बज उठेगी और अपने पुराने अंदाज़ में उनकी रोमांटिक बातें एक बार फिर आपके पूरे तन-मन में सिहरन पैदा कर देंगी.
★ अगर मायके जा रही हैं, तो तकिए के नीचे उनके लिए कुछ प्यार भरे अल्फ़ाज़ लिख छोड़िए, आपके जाते ही आपकी याद में उनके तड़पते दिल की फ़रियाद मायके तक जा पहुंचेगी और वो फोन पर आपसे जल्दी आ जाने की गुहार करने लगेंगे.
★ आज इतवार है, लेकिन उनका ऑफिस जाना ज़रूरी है और आप उन्हें अपने क़रीब देखना चाहती हैं, तो निराश होने की ज़रूरत नहीं, ऑफिस के लिए निकलते समय उनके हाथ में न्यूज़ पेपर थमा दीजिए और साथ ही पेपर के अंदर 'आई मिस यू' लिख दीजिए. शाम को जब वो घर आएंगे तो सबसे पहले आपके साथ वक़्त गुज़ारना चाहेंगे.
★ आप उन्हें कितना चाहती है, ये तो वो भी जानते हैं, लेकिन कभी-कभी शब्दों से भी जताते रहिए कि आपको उनसे कितना प्यार है या उनका साथ कितना ज़रूरी है आपके लिए, ऐसी प्यार भरी बातें संबंधों को नयापन और ताज़गी देती हैं.
★ प्यार में मिलना जितना ज़रूरी है, कभी-कभी जुदाई भी उतनी ही ज़रूरी हो जाती है. आज़माइश के लिए जान-बूझकर उनसे दूरी बनाइए, कम बोलिए, फिर देखिए, आपकी जुदाई की तड़प उनके प्यार में ख़ुद-ब-ख़ुद नज़र आएगी आपको.
यह भी पढ़ें: छोटी-छोटी ख़ुशियों से बनाएं लाइफ को ईज़ी और हेल्दी (Make life easy and healthy with small joys)
★ बिना किसी ख़ास दिन या समारोह का इंतज़ार किए कोई गिफ़्ट या कार्ड यूं ही उनके लिए ले आइए, आपके इस सरप्राइज़ से उनका प्यार और भी बढ़ जाएगा.
★ भले ही आप कितनी ही व्यस्त हौ, एक-दूसरे को फोन करते रहिए.
★ घर में आते-जाते, काम के दौरान हौले से उन्हें छूकर गुज़र जाइए, आपका ये नटखट अंदाज़ उन्हें हमेशा आपका दीवाना बनाए रखेगा और वो भी आपके क़रीब रहने के बहाने तलाशते रहेंगे.
★ रुटीन से हटकर एक-दो दिन के लिए बाहर घूमने जाइए, जैसे शादी के बाद जाया करते थे. आपको ऐसा लगेगा जैसे पुराने दिन लौट आए हैं.
★ पति टूर पर जा रहे हों तो उनके लिए प्यार भरा बड़ा सा प्रेम पत्र लिखिए, जैसे नए-नए प्रेमी करते हैं.
- रेषा

Photo Courtesy: Freepik
