कम चीज़ों में ख़ुश रहना और दूसरों के जीवन में ख़ुशियां बांटना ही सबसे बड़ी समृद्धि है!..
दिवाली के लिए आपने कितनी शॉपिंग की? नए कपड़े, मिठाइयां, सजावटी सामान और घर की साज-सज्जा पर कितना ख़र्च किया? त्योहार आते ही हम अक्सर इन्हीं सवालों में उलझ जाते हैं. बाज़ार की चमक-दमक हमें अपनी ओर खींचती है और हम ज़रूरत से ज़्यादा ख़रीदारी कर बैठते हैं. लेकिन क्या कभी हमने सोचा है कि दिवाली का असली आनंद ख़रीदारी में है या किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने में?
ख़रीदारी नहीं, ख़ुशियां बांटने का त्योहार
दिवाली आते ही बाज़ार रोशनी से जगमगा उठते हैं. दुकानों पर भीड़ बढ़ जाती है और घरों में नए सामान ख़रीदने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. नए कपड़े, मिठाइयां, पटाखे, रंगोली और सजावट त्योहार का हिस्सा हैं, लेकिन क्या दिवाली का अर्थ केवल इतना ही है? बचपन में हमारी ख़ुशियां छोटी-छोटी चीज़ों में समाई होती थीं. एक नई पोशाक, मनपसंद मिठाई या परिवार के साथ बिताए कुछ पल हमें आनंद से भर देते थे. बड़े होते-होते हमारी इच्छाएं बढ़ती गईं. अब अक्सर ख़ुशी का पैमाना यह बन गया है कि हमने कितना ख़रीदा, घर को कितना सजाया और दूसरों से कितना बेहतर दिखने की कोशिश की.
ज़रूरत से ज़्यादा ख़रीदारी और दिखावे की इस दौड़ में हम भूल जाते हैं कि जीवन का सच्चा सुख वस्तुओं की संख्या में नहीं, बल्कि मन के संतोष में छिपा है.

रोशनी जो किसी के जीवन में उतरे
दिवाली प्रकाश का त्योहार है. इसका संदेश केवल अपने घर को रोशन करना नहीं, बल्कि उन लोगों के जीवन में भी उजाला फैलाना है, जिनके पास अभावों के कारण ख़ुशियां मनाने के साधन नहीं हैं.
ज़रा सोचिए, हमारी सोसायटी में काम करने वाले सुरक्षा गार्ड, माली, सफ़ाईकर्मी या घरेलू सहायिका के बच्चों के लिए दिवाली कितनी ख़ास हो सकती है. यदि हम उनकी ख़ुशियों का भी ध्यान रखें. उनके बच्चों को मिठाई, कपड़े या उनकी ज़रूरत की कोई वस्तु देकर हम त्योहार की ख़ुशियां कई गुना बढ़ा सकते हैं.
इसके लिए बहुत धनवान होना ज़रूरी नहीं है. अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी की मदद करना ही पर्याप्त है. कभी किसी ज़रूरतमंद परिवार को मिठाई देना, किसी बच्चे को किताबें दिलाना या किसी अकेले बुज़ुर्ग के साथ कुछ समय बिताना भी दिवाली को यादगार बना सकता है.
यह भी पढ़ें: रिश्तों में मिठास बनाए रखने के 50 मंत्र (50 Secrets For Happier Family Life)
बच्चों को सिखाएं त्योहार का सही अर्थ
बच्चों के लिए पटाखे, मिठाइयां और नए कपड़े दिवाली के आकर्षण हैं. उन्हें इन ख़ुशियों से वंचित करना ज़रूरी नहीं, लेकिन साथ ही यह समझाना भी आवश्यक है कि त्योहार का आनंद केवल अपने लिए ख़ुशियां जुटाने में नहीं है. बच्चों को बताएं कि पटाखे ख़ुशी का प्रतीक हो सकते हैं, लेकिन किसी के जीवन में ख़ुशियां जगाना उससे भी बड़ा काम है. उन्हें ज़रूरतमंदों के साथ मिठाइयां बांटने, घर की अनुपयोगी लेकिन अच्छी वस्तुएं ज़रूरतमंदों तक पहुंचाने और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित करें. बचपन में सीखे गए ये छोटे-छोटे संस्कार उन्हें संवेदनशील और ज़िम्मेदार इंसान बनाने में मदद करेंगे.
संतुष्टि में छिपी है असली समृद्धि
हर साल नई वस्तुएं ख़रीदने और दूसरों से बेहतर दिखने की चाह कभी ख़त्म नहीं होती. आज जो वस्तु ज़रूरी लगती है, कुछ समय बाद वही पुरानी लगने लगती है. यदि हमारी ख़ुशी लगातार नई चीज़ों पर निर्भर रहेगी, तो संतुष्टि कभी नहीं मिलेगी. इसलिए इस दिवाली ख़ुद से पूछें कि हमारे पास जो कुछ है, क्या वह पर्याप्त नहीं है? क्या हर साल घर का सामान बदलना और महंगी सजावट करना ज़रूरी है? यदि हम अपनी इच्छाओं पर थोड़ा नियंत्रण रखें तो बचाए गए पैसों से किसी ज़रूरतमंद की सहायता कर सकते हैं.
याद रखिए, ख़ुशी ख़रीदने से नहीं, महसूस करने और बांटने से बढ़ती है. जब हम दूसरों के साथ अपना आनंद साझा करते हैं तो रिश्तों में अपनापन और जीवन में संतुष्टि बढ़ती है.
यह भी पढ़ें: खाना बनाना केवल काम नहीं, एक थेरेपी भी है (Cooking is not just a chore; it is also a form of therapy)
इस दिवाली जलाएं मन का दीप
दिवाली हमें अपने भीतर झांकने का अवसर देती है. ईर्ष्या, अहंकार, लोभ और दिखावे के अंधकार को दूर करके प्रेम, दया, विनम्रता और संतुष्टि का दीप जलाना ही इस पर्व का सच्चा संदेश है. इस बार घर में दीये जलाते समय एक संकल्प और लें कि एक दीप अपने लिए और एक ऐसे व्यक्ति के लिए, जिसके जीवन में ख़ुशियों की रोशनी कम है.
क्योंकि घर को रोशन करने के लिए बिजली की लड़ियां पर्याप्त हैं, लेकिन जीवन को सुंदर बनाने के लिए प्रेम और संवेदना चाहिए. दिवाली की असली चमक हमारे घर की सजावट में नहीं, बल्कि हमारे हृदय की उदारता में होती है.
– स्नेहा सिंह

Photo Courtesy: Freepik
