अर्चना पूरन सिंह (Archana Puran Singh) फिल्मों और टीवी के साथ-साथ YouTube की दुनिया में भी खूब एक्टिव हैं. वो यूट्यूब व्लॉग भी बनाती हैं, जिसमें वो अपनी पूरी फैमिली के साथ लाइफ एन्जॉय करती नज़र आती हैं. पति परमीत सेठी (Parmeet Sethi) और दोनों बेटे आर्यमान (Aaryamann Sethi) और आयुष्मान (Ayushman Sethi) के साथ उनकी बॉन्डिंग उनके फैंस को बेहद पसंद आती है. यूट्यूब से उन्हें तगड़ी कमाई हो रही है और इस कमाई से उन्होंने मुंबई में एक और आलीशान बंगला खरीद (Archana Puran Singh buys new House) लिया है, जिसकी झलक अर्चना और उनकी फैमिली ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में दिखाई है. व्लॉग में अर्चना पूरन सिंह, उनके पति परमीत सेठी, बेटे आर्यमान और आयुष्मान के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी नए घर को एक्सप्लोर करते नजर आए. खास बात यह है कि यह नया बंगला उनके मौजूदा घर से कुछ ही दूरी पर है.

अर्चना और परमीत फिलहाल जिस घर में रहते हैं, वहां उनके दोनों बेटे, उनकी मंगेतर, अर्चना की मां और परमीत के पिता भी सब एक साथ रहते हैं. इसके अलावा उन्होंने बगल वाला घर भी खरीदा है, जिसे आर्यमान फिलहाल अपने और अपनी मंगेतर योगिता बिहानी के लिए रेनोवेट कर रहे हैं. अब इसी इलाके में नया बंगला भी खरीदने से फैमिली के कई घर हो गए हैं.

परमीत सेठी ने बताया कि नए बंगले की एरिया उनके मौजूदा घर जितनी ही है. इस दो फ्लोर के बंगले में ग्राउंड फ्लोर पर बड़ा लिविंग एरिया और किचन है. घर में तीन बेडरूम हैं और हर बेडरूम के साथ अटैच्ड बाथरूम है. बंगले में दो बालकनी और एक बड़ी सी सीढ़ी भी है.

अर्चना और परमीत इस नए बंगले को सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि एक तरह के वर्कस्पेस के तौर पर भी इस्तेमाल करने की सोच रहे हैं, जहां वो अपने वीडियो शूट कर सकती हैं, वहीं समीक्षा योगा क्लासेस भी कर सकती हैं. घर की सबसे खास जगहों में से एक इसकी टैरेस भी है, जहां से चारों तरफ फैली हरियाली का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है.

रिपोर्ट्स के अनुसार अर्चना की फैमिली काफी समय से मड आइलैंड में एक और प्रॉपर्टी की तलाश कर रही थी. आखिरकार फैमिली को ये बंगला पसंद आया और उन्होंने इसे खरीद लिया है. फैंस अब उनके इस नए व्लॉग पर खूब प्यार लुटा रहे हैं, साथ ही उन्हें नए घर की बधाई भी दे रहे हैं.

बता दें कि अर्चना पूरन सिंह और उनके दोनों बेटे भी YouTube व्लॉग बनाते हैं. सबके अपने-अपने YouTube चैनल हैं, जिससे वो मोटी कमाई करते हैं. कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में परमीत सेठी ने खुद YouTube से होने वाली कमाई को लेकर भी बड़ा बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि अगर परिवार इसे फुल-टाइम करियर के तौर पर अपनाता है, तो YouTube से उन्हें फिल्मों और टेलीविजन से मिलने वाली संयुक्त कमाई से करीब तीन गुना ज्यादा कमाई हो सकती है.
