पिछले दिनों सारा अली खान (Sara Ali Khan) अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालकर बाबा केदार के दर्शन करने के केदारनाथ धाम (Kedarnath Dham) पहुंची थीं. एक्ट्रेस की इस स्पिरिचुअल जर्नी पर इस्लामी मौलाना ने नाराजगी जाहिर की है.

बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान भगवान शिव की परमभक्त है. इसलिए सारा को जब भी मौका मिलता है, निकल पड़ती है अपनी स्पिरिचुअल जर्नी पर केदारनाथ धाम. हाल ही में सारा बाबा के दर्शनों के लिए केदारनाथ धाम गई थीं.

लेकिन एक्ट्रेस की इस स्पिरिचुअल जर्नी से सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा हो गया है. भास्कर इंग्लिश की एक रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश, ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने एएनआई से बात करते हुए सारा अली खान के लिए ये टिप्पणी की है.

असल में इस्लामी मौलाना को एक्ट्रेस सारा अली खान के केदारनाथ धाम जाने पर आपत्ति है. मौलाना ने एक्ट्रेस के खिलाफ फतवा जारी किया है. मौलाना की नाराजगी यहीं पर खत्म नहीं हुई, उन्होंने सारा अली से अल्लाह से तौबा करने की मांग भी की है.

रिपोर्ट के अनुसार मौलाना ने अपने बयान में कहा है- इस्लामिक शरीयत के मुताबिक अपने धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म की धार्मिक परंपराओं में शामिल होना या मंदिर में पूजा करना ठीक नहीं है. इस्लाम में शिर्क की इजाजत नहीं है. इस्लाम में किसी मुस्लिम महिला या पुरुष को दूसरे धर्म की पूजा करने की अनुमति नहीं दी गई है.

मौलाना के अनुसार सारा अली का मंदिर में पूजा करना हराम और नाजायज है. एक्ट्रेस को इस गलती के लिए अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए. तौबा करना चाहिए. इस मामले में फिलहाल सारा अली खान की तरफ से कोई ऑफिशियल रिएक्शन या बयान नहीं आया है.
