त्योहार की भागदौड़ में पूरे घर की सफ़ाई और सजावट एक बहुत बड़ा और थकाऊ काम लगने लगता है. सही प्लानिंग, आसान घरेलू नुस्ख़ों और स्मार्ट हैक्स की मदद से आप बिना किसी झंझट के अपने घर के कोने-कोने को शीशे की तरह चमका सकते हैं. आइए जानें कैसे.

पीतल के बर्तनों की सफ़ाई के लिए लिक्विड तैयार करेंः पीतल के बर्तनों या दूसरी चीज़ों को साफ़ करने के लिए इमली, नमक, नींबू और सिरका का इस्तेमाल कर सकते हैं. वैसे पीतल के शो-पीस और पुराने बर्तनों को साफ़ करने के लिए मार्केट में ख़ास लिक्विड भी मिलता है.
माइक्रोवेव की सफ़ाईः आधी कटोरी पानी में आधा नींबू निचोड़ें और इसे अच्छे से मिला लें. अब इसे माइक्रोवेव में अच्छे से उबाल कर 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसकी नमी माइक्रोवेव में फैल जाएगी. अब इसे मुलायम कपड़े से पोंछ कर साफ़ कर लें. इसमें थोड़ा सा व्हाइट विनेगर मिलाने से यह और भी ज़्यादा चमक जाएगा.
किचन का सिंकः किचन के गंदे सिंक की सफ़ाई करने के लिए बेकिंग सोडा सबसे अच्छा ऑप्शन है. इसके लिए आप सबसे पहले खाली सिंक को नॉर्मल पानी से धो लें. अब पूरे सिंक पर सोडा पाउडर छिड़कर उसे कवर कर दें. 10 मिनट तक ऐसा ही रहने दें. इसके बाद स्क्रबर या ब्रश की मदद से रगड़कर साफ़ लें. उसके बाद सिरके का इस्तेमाल करें. इससे केमिकल रिएक्शन होने से बुलबुले बनने लगेंगे और सिरका बेकिंग सोडा को डिजॉल्व कर देगा, जिससे किचन सिंक पर जमी गंदगी और चिकनाई साफ़ हो जाएगी.
वुडन कैबिनेट्सः एक कप गर्म पानी में दो चम्मच बेकिंग सोडा और दो चम्मच नींबू का रस मिलाएं. इस सॉल्यूशन को किसी स्प्रे बॉटल में भर लें. अब इस लिक्विड को कैबिनेट में छिड़ककर लगभग 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें. उसके बाद कॉटन कपड़े से पोंछ दें. वुडन कैबिनेट को साफ़ करने का दूसरा तरीक़ा है व्हाइट विनेगर. इसके लिए एक कप पानी में 1/4 कप व्हाइट विनेगर, दो चम्मच नारियल तेल और दो चम्मच डिश वॉशिंग लिक्विड मिलाएं. इस सॉल्यूशन को एक बोतल में भर दें और इससे कैबिनेट को साफ़ करें. महक और गंदगी दोनों दूर हो जाएगी.
किचन चिमनी और स्लैबः बेकिंग सोडा और नींबू के रस का पेस्ट बनाकर ज़िद्दी तेल के दाग़ों पर 10 मिनट के लिए लगाएं, फिर हल्के गुनगुने पानी से साफ़ करें.
हैंडल साफ़ करेंः क्लीनिंग सॉल्यूशन बनाने के लिए एक कटोरी गर्म पानी में दो चम्मच डिश वॉशिंग जेल और एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं. अब इससे हैंडल को साफ़ करें. कोनों को साफ़ करने के लिए टूथब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है.
गैस स्टोव के बर्नरः गैस स्टोव के बर्नर को निकालकर, उन्हें गर्म पानी में डिटर्जेंट के साथ कुछ देर भिगोएं. फिर स्क्रबर से साफ़ करें और सुखा लें.
किचन की लाइट्सः किचन की लाइट्स को भी साफ़ करें, क्योंकि उसमें भी तेल और धूल चिपक जाती है. वे तो साबुन के घोल से तुरंत ही चमक उठती हैं.
काउंटर टॉप को साफ़ करेंः काउंटर टॉप की सफाई के लिए सिरका और पानी का मिश्रण इस्तेमाल करें.
दीवारों के धब्बों को डिटर्जेंट की मदद से साफ़ करेंः जब हम किसी भी सब्ज़ी, दाल में छौंक आदि लगाते हैं, तो तेल की बूंदें उठकर दीवारों को गंदा कर देती हैं. इसे साफ़ करने के लिए ब्लीच व डिटर्जेंट का उपयोग कर सकते हैं.
खिड़की, दरवाज़े और कांचः कांच और खिड़कियों को चमकाने के लिए पानी में थोड़ा सिरका या लिक्विड सोप मिलाकर स्प्रे करें और अख़बार से साफ़ करें.
डोरबेल और स्विच बोर्ड भी साफ़ करेंः इन्हें साफ़ करने के लिए सबसे पहले आप घर का मेन स्विच ऑफ कर दें. फिर कपड़े को डिटर्जेंट घोल में गीला करें और स्विच पर रगड़ें. जब ये अच्छी तरह सूख जाएं, तभी पावर ऑन करें.
सोफे की साफ़ सफ़ाई
– सोफों को साफ़ करने के लिए अगर आप घर पर ही कोई स्प्रे बनाना चाहते हैं, तो उसके लिए एक स्प्रे बोतल में आधा कप कंडीशनर, आधा कप विनेगर और बाकी गर्म पानी डालकर मिला लें. इसे सोफे पर स्प्रे करके थोड़ी देर के लिए छोड़ दें. फिर किसी कपड़े या सॉफ्ट ब्रिस्टल वाले ब्रश से साफ़ कर लें.
– साबुन, फिटकरी और गुनगुने पानी का मिश्रण बनाएं और इसे दाग़ वाली जगह पर हल्के से स्प्रे करें. इसके बाद किसी सूखे कपड़े से इसे पोंछ दें. लेदर के सोफे के लिए फिटकरी के साथ ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल करें.
– वेल्वेट सोफा पर डस्ट काफ़ी जमा हो जाते हैं. इन्हें साफ़ करने के लिए वैक्यूम क्लीनर की मदद ले सकते हैं. इसके अलावा आप चाहें तो इसे सॉफ्ट डिटर्जेंट की मदद से भी क्लीन कर सकते हैं.
– लेदर सोफा को क्लीन करना आसान होता है. आप सोफे को पानी और सिरके की घोल की मदद से क्लीन कर सकते हैं. आप चाहें तो किसी सॉफ्ट कपड़े को गीला कर निचोड़ें और इसकी मदद से इसे क्लीन कर लें.
– सोफे पर बेकिंग सोडा छिड़कें और 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें. बेकिंग सोडा को वैक्यूम करें. दाग़ को स्पॉट ट्रीट करें. सोफे को हवा में सूखने दें.

बाथरूम की सफ़ाई कैसे करें?
शीशा और कांच का शावर एरियाः आधा कप पानी और आधा कप सिरका मिलाकर शीशे पर स्प्रे करें. इसे सूखे माइक्रो फाइबर कपड़े या पुराने अख़बार से पोंछें.
टॉयलेट बाउल ब्रश से साफ़ करेंः टॉयलेट ब्रश से अंदर अच्छी तरह रगड़ें और फ्लश कर दें.
ड्रेन (नाली) और फ़र्श की सफ़ाईः दो चम्मच बेकिंग सोडा नाली में डालकर ऊपर से थोड़ा गरम सिरका डालें, इससे बदबू और जमाव दूर हो जाएगा. फ़र्श को पोंछकर सुखा लें.
दीवारों पर पेंट कुछ इस तरह करें
दीवार पर कीलों के छेद या छोटी-मोटी दरारों को ‘वॉल पुट्टी’ या ‘फिलर’ से भरें. इसे सूखने दें. पुट्टी सूखने के बाद और पूरी दीवार को हल्के हाथ से रेगमाल से घिसें. इससे पुरानी पपड़ीदार पेंट और असमानता दूर होगी और दीवार चिकनी हो जाएगी.
– इसके बाद पेंटिंग हमेशा दीवार के किनारों से शुरू करें. एक छोटे ब्रश (2-3 इंच) का उपयोग करके कोनों, छत के पास, फ़र्श के ऊपर और खिड़की/दरवाज़े के फ्रेम के चारों ओर एक बॉर्डर पेंट करें. इसे कटिंग-इन कहते हैं.
– फिर छत पर पेंट करने के लिए रोलर का उपयोग करें. पेंट करते वक़्त ध्यान रखें थ आकार में पेंट करें, पहले ऊपर से नीचे, फिर दाएं से बाएं. पहला कोट सूखने के बाद दूसरा कोट लगाएं. इससे पेंट काफ़ी जल्दी होगा. ऊंचाई वाली जगह पर पेंट के लिए सीढ़ी का यूज़ करें.
– पेंट ब्रश की नोंक को क़रीब दो इंच पेंट में डुबाएं और अतिरिक्त पेंट को बह जाने दें. फिर कमरे में ऊपर वाले किसी कोने से दीवार पर पेंट करें. जब आपने दीवार की बाहरी एजेज़ को पेंट कर लिया हो, तब बीच वाला हिस्सा पेंट करने के लिए चौड़े रोलर का इस्तेमाल करें. अब पेंट को सूखने दें.
– शिखा जैन


