ज़ीनत अमान को अक्सर बोल्ड एंड ब्यूटीफुल अदाकारा के ख़िताब से नवाज़ा जाता है. लेकिन बहुत कम लोग जानते होंगे कि व्यक्तिगत तौर पर वे शांत, थोड़ी संकोची व शर्मिली स्वभाव की रही हैं. बड़े पर्दे पर अपने क़िरदार से विपरीत कम बोलने वाली भी हैं. उनके बारे में फैंस को बहुत कुछ जानने की उत्सुकता हमेशा बनी रहती है, इसलिए आपकी ख़ातिर ही हम मेरी सहेली का यह पॉडकास्ट लाए हैं. इसमें आप उनसे जुड़ी कई कही-अनकही बातें जानेंगे. पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-
आज ज़ीनत अमान का जन्मदिन हैं, उन्हें जन्मदिन मुबारक हो! सत्तर-अस्सी के दशक में अपने बिंदास अंदाज़ से उन्होंने सनसनी फैला दी थी. देव आनंद की फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ की सफलता उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई. वैसे दर्शकों ने उन्हें राज कपूर की मूवी ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में भी ख़ूब पसंद किया.

हिंदी सिनेमा में ऐसा पहली बार हुआ था कि किसी टॉप की ख़ूबसूरत अभिनेत्री ने अपने चेहरे को ख़राब दिखाने जैसा रिस्क लिया था. इसमें दो बातें हो सकती थीं, यदि फिल्म असफल रहती तो यह ज़ीनत अमान के लिए ख़ुद के पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसा हो जाता. दरअसल, इस फिल्म की हीरोइन बनने के लिए वे राज कपूर के पास रूपा (फिल्म का क़िरदार) का रूप धरकर गई थीं. क्योंकि बकौल उनके राज कपूर अपनी इस फिल्म की एक्ट्रेस को लेकर अक्सर उनके सामने भी बातें किया करते थे, लेकिन उन्होंने इसके लिए उन्हें कभी यह रोल ऑफर नहीं किया. क्योंकि ज़ीनत अमान की इमेज बोल्ड एक्ट्रेस की थी, जो मिनी स्कर्ट, वेस्टर्न आउटफिट में अधिक नज़र आती थी. जबकि राज कपूर को ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ की रूपा के क़िरदार के लिए कोई भोली-भाली, सीधी सादी गांव की लड़की चाहिए थी. लेकिन उनके सोच के अनुरूप हुबुहू ज़ीनत उसी तरह के गेटअप में उनके सामने आईं तो वे हैरान रह गए. आख़िरकार उन्हें इस फिल्म में ज़ीनत को लेना ही पड़ा. ज़ीनत का यह अंदाज़ बताता है कि अच्छे रोल और फिल्म के लिए वे किसी भी जुनून तक जा सकती थीं.

आज भी उनके बयान चर्चा का विषय बन जाते हैं, ख़ासकर लिव इन रिलेशनशिप में रहने की जो उन्होंने पैरवी की थी. उनका मानना था कि विवाह के बंधन में बंधने से पहले लिव इन में रहकर कपल को एक-दूसरे को परख लेना चाहिए, जिससे भविष्य में उनका सुखद वैवाहिक जीवन बीत सके. ज़ीनत से बेहतर इसे भला कौन समझ सकता है. शादियां हुईं, बच्चे हुए लेकिन संघर्ष ताउम्र चलता रहा. एक से अलगाव दूसरे का देहांत, कहीं से कोई आर्थिक सहायता भी नहीं मिली. फिर भी वे हिम्मत नहीं हारीं और अपने बलबूते पर दोनों बेटों को बड़ा किया, जो आज अपना-अपना मुक़ाम बना चुके हैं.
ज़ीनत अमान उम्र की इस पड़ाव पर भी उतनी ही हसीन और कशिश भरी दिखती हैं. भारतीय पहनावा हो या वेस्टर्न आउटफिट दोनों में ही उनका आकर्षण जादू करता है. अतीत के सभी दुख-दर्द, संघर्ष को दरकिनार कर आज वे भरपूर ज़िंदगी जी रही हैं. घूमना-फिरना अपने बच्चों के साथ व़क्त बिताना और समय-समय पर ज्वलंत विषयों पर अपनी राय रखना वे नहीं भूलतीं. ऐसी लाजवाब अदाकारा को हमारा सलाम और हैप्पी बर्थडे!

