भारतीय समाज में विवाह को हमेशा एक महत्वपूर्ण संस्था माना गया है. परंपरागत रूप से यह माना जाता रहा है कि युवक 21 वर्ष और युवती 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद विवाह करें. लेकिन पिछले कुछ दशकों में महानगरों और आधुनिक जीवनशैली के प्रभाव के कारण युवाओं में पहले करियर और आर्थिक स्थिरता हासिल करने, फिर विवाह करने की प्रवृत्ति बढ़ी थी. ख़ासकर मिलेनियल पीढ़ी ने देर से विवाह करने को प्राथमिकता दी.
शादी-जीवनसाथी को लेकर न्यूमेरोलॉजी की भी रही है महत्वपूर्ण भूमिका.. कौन सा पार्टनर आपके लिए रहेगा परफेक्ट.. अंकों की इस दिलचस्प गणित को समझते हैं मेरी सहेली के इस पॉडकास्ट में, पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें -
अब स्थिति बदलती दिखाई दे रही है. नई पीढ़ी यानी जेन जी इस सोच को बदल रही है और समय पर विवाह की ओर लौटती नज़र आ रही है. यही कारण है कि समाज में एक प्रकार की राहत और आश्चर्य दोनों महसूस किए जा रहे हैं.
जेन जी उस पीढ़ी को कहा जाता है, जिसका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है. यह पूरी तरह डिजिटल वातावरण में पली-बढ़ी पीढ़ी है. बचपन से ही इंटरनेट, सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक इनके जीवन का हिस्सा रहे हैं. तकनीक के इस गहरे प्रभाव ने इनके सोचने, संवाद करने और निर्णय लेने के तरीक़े को पिछली पीढ़ियों से अलग बना दिया है. रिश्तों को समझने से लेकर मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास तक, यह पीढ़ी कई मामलों में अधिक जागरूक और परिपक्व दिखाई देती है.
जेन जी परंपराओं को आंख बंद करके स्वीकार नहीं करती. वह हर बात को समझना चाहती है, सवाल पूछती है और फिर जो उचित लगता है, उसे अपनाती है. यही कारण है कि उनके रिश्तों को देखने का नज़रिया भी अलग है. उनके लिए रिश्तों में भावनात्मक समझ, ईमानदार संवाद और स्पष्टता बेहद महत्वपूर्ण है. यह पीढ़ी सामाजिक दबाव से ज़्यादा मानसिक शांति और अर्थपूर्ण संबंधों को महत्व देती है
रिश्तों को लेकर अलग सोच
जब प्रेम और विवाह की बात आती है, तब जेन जी पिछली पीढ़ियों से बिलकुल अलग नज़र आती है. यह पीढ़ी भावनात्मक रूप से अधिक खुली और परिपक्व मानी जा रही है. मानसिक स्वास्थ्य, निजी सीमाएं, संवाद और भावनात्मक संतुलन जैसे विषयों पर यह खुलकर बात करती है. इसी स्पष्टता के कारण यह कम उम्र में ही सही जीवनसाथी को पहचान पाने का आत्मविश्वास रखती हैं. यही वजह है कि समय पर विवाह करने में उन्हें कोई झिझक महसूस नहीं होती.
एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि जेन जी डेटिंग ऐप्स और डिजिटल रिश्तों की दुनिया से भलीभांति परिचित है. लगातार स्वाइपिंग और अस्थाई संबंधों के अनुभव ने उन्हें यह समझा दिया है कि सतही रिश्ते लंबे समय तक संतोष नहीं दे सकते. यही कारण है कि अब यह पीढ़ी स्थाई और भरोसेमंद संबंधों को प्राथमिकता देने लगी है. उन्हें केवल आकर्षण आधारित रिश्तों में रुचि नहीं रह गई है. आज के अनिश्चित दौर में भावनात्मक सुरक्षा उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बन गई है. उनके लिए विवाह किसी बंधन का नाम नहीं, बल्कि सुरक्षित और भरोसेमंद साझेदारी का माध्यम है.
आर्थिक स्वतंत्रता ने बदली सोच
जेन जी की एक ख़ास विशेषता यह भी है कि यह पीढ़ी डिजिटल कैरियर और ऑनलाइन अवसरों के कारण पहले से कम उम्र में कमाने लगी है। सोशल मीडिया, फ्रीलांसिंग, कंटेंट क्रिएशन और ऑनलाइन बिज़नेस जैसे क्षेत्रों ने उन्हें जल्दी आर्थिक स्वतंत्रता दी है. आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने के कारण वे जीवन के बड़े फ़ैसले ख़ुद लेने में सक्षम हो रहे हैं. यही वजह है कि वे केवल करियर में पूरी तरह स्थापित होने तक विवाह को टालना ज़रूरी नहीं मानते.
उनके लिए विवाह अब केवल सामाजिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन की साझेदारी बन गया है. यदि उन्हें ऐसा साथी मिल जाता है, जिसके साथ समानता, समझ और साथ मिलकर आगे बढ़ने की संभावना दिखाई देती है, तो वे विवाह में देर करना उचित नहीं मानते.
दिलचस्प बात यह भी है कि जेन जी प्रेम विवाह और अरेंज मैरिज के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है. वे अपने साथी के चयन में स्वतंत्रता चाहते हैं, लेकिन परिवार की भागीदारी और समर्थन को भी महत्वपूर्ण मानते हैं. उनके लिए परिवार से मिलने वाला विश्वास और सुरक्षा भी रिश्ते का ज़रूरी हिस्सा है.
परंपरा और स्वतंत्रता का संतुलन
जेन जी के इस नए दृष्टिकोण ने विवाह को लेकर एक नई मूल्य व्यवस्था पैदा की है. अब विवाह केवल सामाजिक दबाव या तय समय पर निभाई जाने वाली रस्म नहीं रह गया है. यह दो ऐसे लोगों का संबंध बनता जा रहा है, जिनके विचार, स्वभाव और जीवन मूल्य एक-दूसरे से मेल खाते हों.
भारत में विवाह संबंधी निर्णयों में परिवार की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है. आज भी माता-पिता और परिवार की राय को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाता. लेकिन जेन जी इस विषय में एक व्यावहारिक रास्ता अपना रही है. वे न तो पूरी तरह परिवार पर निर्भर रहना चाहते हैं और न ही परिवार को पूरी तरह अलग करना चाहते हैं. यह पीढ़ी बीच का रास्ता चुन रही है.
वे अपने परिवार के मूल्यों, संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हैं, लेकिन साथ ही अपनी पसंद और आवाज़ को दबाने के पक्ष में भी नहीं हैं. उनका मानना है कि विवाह एक व्यक्तिगत निर्णय है और इसमें भावनात्मक समझ, अनुकूलता और आपसी सम्मान सबसे ज़रूरी हैं. यदि परिवार का समर्थन भी मिल जाए तो रिश्ता और मज़बूत बन जाता है.
यही संतुलन समय पर विवाह को फिर से स्वीकार्य बना रहा है. व्यक्तिगत पसंद और पारिवारिक सहयोग दोनों साथ होने के कारण जेन जी लंबे और स्थाई रिश्तों को लेकर अधिक आत्मविश्वास महसूस कर रही है.
विवाह को नई परिभाषा
समय पर विवाह करने का एक बड़ा लाभ यह भी माना जा रहा है कि दोनों साथी जीवन की शुरुआत से ही साथ-साथ आगे बढ़ते हैं. कम उम्र में साथ आने से भावनात्मक जुड़ाव अधिक मज़बूत होता है और दोनों एक-दूसरे के संघर्ष, सपनों और विकास में सहभागी बनते हैं. यदि रिश्ते में स्पष्ट संवाद, समझ और सम्मान हो तो समय पर किया गया विवाह वास्तव में जीवन के लिए आशीर्वाद साबित हो सकता है.
महत्वपूर्ण बात यह है कि जेन जी विवाह के लिए भाग नहीं रही, बल्कि विवाह की नई परिभाषा गढ़ रही है. उनके लिए विवाह समाज की अपेक्षाओं को पूरा करने वाला कार्यक्रम नहीं है. यह सही व्यक्ति के साथ किया गया एक जागरूक और अर्थपूर्ण निर्णय है.
आज की यह पीढ़ी अस्थाई और कामचलाऊ रिश्तों से दूर जाकर स्थाई संबंधों की ओर बढ़ रही है. वे ऐसे रिश्ते चाहते हैं, जिनमें साझेदारी, भावनात्मक सुरक्षा, समानता और साथ मिलकर आगे बढ़ने की भावना हो. यही कारण है कि जेन जी विवाह संस्था को कमज़ोर नहीं,बल्कि एक नए रूप में मज़बूत बना रही है.
दरअसल, जेन जी ने यह दिखाया है कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं हैं. यदि समझदारी, संवाद और संतुलन हो तो दोनों साथ चल सकते हैं. यही वजह है कि विवाह को लेकर उनकी सोच आज अधिक विचारशील, व्यावहारिक और अर्थपूर्ण दिखाई देती है.
- वीरेंद्र बहादुर सिंह
Photo Courtesy: Freepik
