अनुपम खेर जितने उम्दा कलाकार हैं उतने ही अच्छे बेटे, पति और इंसान भी हैं. अपनी मां के प्रति उनका प्यार-दुलार, स्नेह, शरारतें... जगज़ाहिर है. हर कोई मां-बेटे की इस तरह की बॉन्डिंग और प्यार को देख सराहना करता है. तभी तो हर मां अनुपम खेर जैसा बेटा चाहती है तो वहीं हर बेटा दुलारी जैसी मां होने की ख़्वाहिश रखता है.

आज अपनी मां दुलारी के जन्मदिन पर अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के इंस्टाग्राम पर उन्हें लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की. साथ ही उन्होंने मां की अलग-अलग प्यारी-न्यारी ढेर सारी तस्वीरें भी साझा कीं. उन फोटोज़ को देख जहां पुरानी यादें तरोताज़ा हो गईं तो वहीं ख़ुशियों के कई पल फिर से झिलमिलाने लगे.

धरती पर ईश्वर का रूप है मां-पिता और जन्नत से बढ़कर उनका सानिध्य...
मां के फोटोग्राफ्स की सीरीज़ में अनुपम ने उनके हर ख़ुशनुमा पल को शेयर किया है. इस फोटो के सीरीज़ की शुरुआत ही उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट फोटो से की है. पहली ही तस्वीर में जहां छोटे अनुपम को मां ने गोद में उठाया है तो वहीं बड़े में वे अपनी मां के गले लगे हुए हैं और शीर्षक भी क्या ख़ूब है - ज़िंदगी...
सच ही कहा है उन्होंने यही तो है ज़िंदगी जहां बचपन से लेकर बड़े फिर बुज़ुर्ग होने तक मां का प्यार ज्यों का त्यों है और वक़्त के साथ और भी बढ़ता व फलता-फूलता रहा है.

अगली तस्वीर के तो क्या कहने मां दुलारी कश्मीरी टोपी में बेटे के साथ क्या गज़ब ढा रही हैं. उसके बाद की तो मां का स्नेह से भरा दार्शनिक अंदाज़ बेइंतहा ख़ूबसूरत है. फिर माता-पिता दोनों के साथ रू-ब-रू हैं अनुपम. दुलारीजी की छवि और निखरी-संवरी सी है.

स्लीवलेस ब्लाउज़ में मां के नृत्य वाली आभा दिल को छू सी जाती है. छोटा कहे या बड़ा पर बहुत ही सुंदर सा संयुक्त परिवार की झांकी देखते ही बनती है.
यूं तो हर तस्वीर एक कहानी कहती है, लेकिन यहां पर हम कुछ फोटोज़ के मनोभावों को अपने तरी़के से बयां करने की कोशिश करते हैं-

ब्यूटी कांशस दुलारी जी का यह अंदाज़ भी क्या ख़ूब है.

यहां पर अपनों व प्यारे दोस्त सतीश कौशिक की यादें ताज़ा हो गईं.

मेरे दो अनमोल रत्न एक है राजू तो दूसरा है बिट्टू..

कहते हैं नक़द से अधिक सूद प्यारा होता है, कुछ ऐसी ही ख़ुशी से सराबोर हैं दादी अपने पोते सिकंदर के साथ.

मेरी मिट्टी की ख़ुशबू और संस्कृति की पहचान है...

दो बेचारे बिना सहारे मां की डांट के मारे.. लेकिन राय-मशवरा, मान-मनुहार का संगम भी कुछ कम नहीं है.

मां, तेरी ही बांहों और साथ में बड़ा सुख मिलता है...

तुझसे ही हम हैं मां.. तू है तो सब कुछ है...

मां का अंदाज़ है सबसे निराला तब ही तो बेटा कहता है दुलारी रॉक्स...

हंसते-हंसत कट जाएं रस्ते ज़िंदगी यूं ही चलती रहे...

हर तस्वीर में मां हंसती-मुस्कुराती खिलती है.

जब ज़िंदगी में मां-भाई, दोस्त व अपनों का साथ हो तो ज़िंदगी मुक़म्मल सी लगती है...
इन तस्वीरों के साथ ही अनुपम खेर ने मां के बर्थडे पर अपने ख़ास अंदाज़ में अपनी भावनाओं को कुछ यूं बयां किया-
मेरी सबसे प्यारी माँ दुलारी!
जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं!
आप हमारे जीवन में ईश्वर का सबसे सुंदर आशीर्वाद हैं. आपका प्यार, आपका त्याग, आपकी सीख, आपका धैर्य और हर परिस्थिति में मज़बूती से खड़े रहने का आपका जज़्बा मुझे जीवनभर प्रेरित करता रहा है.
आपने मुझे स़िर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि मुझे जीवन जीना भी सिखाया. लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में हिम्मत न हारना, और सफलता मिलने पर विनम्र बने रहना- ये सब मैंने आपसे सीखा है.
आज मैं जो भी हूं, जितना भी प्यार और सम्मान मुझे मिला है, उसमें आपकी दुआओं, आपके संस्कारों और आपके आशीर्वाद का सबसे बड़ा योगदान है. मेरी हर सफलता के पीछे आपकी तपस्या और आपका विश्वास खड़ा है.
मैं ईश्वर का जितना धन्यवाद करूं कम है, जो जा उन्होंने मुझे आपकी कोख से जन्म लेने का सौभाग्य दिया.
भगवान आपको लंबी, स्वस्थ, ख़ुशियों से भरी और प्रेममय ज़िंदगी दें. और अगर जन्मों का सच में कोई सिलसिला होता है, तो हर जन्म में मुझे आपकी ही संतान बनने का सौभाग्य मिले.
जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं मां!
आप दुनिया की सबसे प्यारी मां हैं.
आपका प्यारा बेटा,
बिट्टू
इस इमोशनल नोट ने हर किसी को भावुक कर दिया. अनुपम खेर को उनकी मां बिट्टू कहकर बुलाती हैं, जो उन्हें बहुत अच्छा लगता है. पोस्ट के अंत में दुलारी रोॅक्स, हैप्पी बर्थडे दुलारी, मॉम्स आर द बेस्ट जैसे हैश टैग लगाना नहीं भूले अनुपमजी.

प्रशंसक और सेलेब्स ने भी इस पोस्ट पर ढेर सारी प्रतिक्रियाएं दीं. मां दुलारी को जन्मदिन की ढेर सारी बधाइयां और शुभकामनाएं! वे यूं ही अपना प्यार-दुलार बांटती रहें.
अनुपम खेर ने एक और पोस्ट में अपने जज़्बात बयां की-
16 साल की दुलारी! ❤️ माँ के लिए एक छोटा-सा गिफ्ट लेकर गया… और बस, उनका चेहरा खिल उठा। ❤️ पहली पिक्चर में माताजी की वह तस्वीर है जब वो लगभग सोलह साल की थीं। असल में यह एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो थी, लेकिन किसी ने बड़े प्यार से इसे रंगीन करके राजू को भेजा। तस्वीर देखकर माँ की खुशी देखने लायक थी।❤️❤️ पूजा हुई, बातें हुईं, हँसी हुई… माताजी खुश, तो दुनिया खुश। 😊 जो लोग उन्हें इतना प्यार भेजते हैं, दुआएँ देते हैं, गिफ्ट्स भेजते हैं और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं, उन सभी का दिल से धन्यवाद। आपका स्नेह उनके चेहरे की मुस्कान बनकर लौटता है। माँ खुश रहें, बस यही सबसे बड़ा आशीर्वाद है। 🙏❤️




Photo Courtesy: Social Media
