Close

एक बार फिर सलमान खान ने खोया अपना आपा, हॉस्पिटल के बाहर एक्टर की फोटो क्लिक करने पर भड़के भाईजान, पैपराजी को दी चेतावनी, बोले- 60 का हुआ हूं, लेकिन लडऩा नहीं भूला (Salman Khan loses cool at paparazzi for clicking him at hospital, warns: ‘Saath saal ka hoon, lekin ladna nahin bhoola’)

सोशल मीडिया पर सलमान खान ( Salman Khan) के वीडियो क्लिप्स तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे पैपराजी पर गुस्से से लाल-पीले होते हुए दिखाई दे रहे हैं. इतना ही नहीं मीडिया पर भड़के भाईजान ने फोटोग्राफर्स के बिहेवियर पर भी सवाल उठाते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.

बीती मंगलवार की रात को सुपरस्टार सलमान खान मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में स्पॉट हुए थे. जब सलमान खान अस्पताल में एंट्री की तो उस समय उनका मूड अच्छा था, लेकिन अस्पताल से बाहर निकलते ही भाईजान का पारा गुस्से से सातवें आसमान पर पहुंच गया.फोटोग्राफरों ने पहली बार सलमान को तब देखा जब उनकी गाड़ी ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी.

बाद में फोटोग्राफर्स एक्टर का पीछा करते हुए अस्पताल पहुंच गए. जब सलमान अस्पताल से बाहर निकले तो फोटोग्राफरों ने उनकी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि ' का नाम लेकर जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. ये देखकर सलमान गुस्से में अपना आपा खो बैठे. बता दें कि सलमान खान बीती मंगलवार की रात को अस्पताल में अपने किसी करीबी को देखने के लिए गए थे.

फोटोग्राफर्स से चिढ़े हुए सलमान खान उन पर बरस पड़े और बोले - पागल हो गए हो? गुस्से में एक्टर ने अपने माथे की ओर इशारा भी किया. एक्टर ने सवाल किया कि यदि आपके किसी फैमिली मेंबर को अस्पताल में भर्ती कराया जाए तो आपको कैसा लगेगा. इसके तुरंत बाद फोटोग्राफर्स ने उन्हें सॉरी बोला.

उसके बाद से सोशल मीडिया पर सलमान खान के वीडियो क्लिप्स वायरल होने लगे. फोटोग्राफर्स के इस तरह के बिहेवियर से भड़के सलमान खान ने भी इन वीडियो पर अपना रिएक्शन दिया है और फोटोग्राफर्स के बिहेवियर पर सवाल उठाये हैं. सलमान ने अपनी पोस्ट में लिखा है- अगर मैं किसी प्रेस वाले को अस्पताल में मेरे दर्द का मजा लेते देखूं... उस प्रेस वाले के लिए मैंने खड़ा होकर बात की है, उनका ध्यान रखा है ताकि वो भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें.

दूसरी पोस्ट में एक्टर ने लिखा - लेकिन अगर वो मेरे नुकसान से पैसा कमाना चाहते हैं, तो करते रहें भाई...भाई ... मातृभूमि फिल्म की मां की आंख, फोटो जरूरी है या लाइफ. तीसरी पोस्ट में लिखा है- मैं ऐसे सौ जला दूंगा. भाई के एक भाई के दुख पर अगली बार कोशिश कर लेना मेरे साथ. बस कोशिश कर लेना, जब भी तुम्हारा कोई अस्पताल में होगा, क्या मैं ऐसा रिएक्ट करूंगा?

आखिरी पोस्ट में सलमान खान ने लिखा- साठ साल का हो गया हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला, ये याद रख लेना, जेल में डालोगे हाहा हाहा. सलमान को आगबबूला देखकर कई फैंस उनके सपोर्ट में आगे आ रहे हैं. फैंस का कहना है कि सलमान रियल हीरो हैं, वो सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि इंसानियत के लिए भी आवाज उठाते हैं. अस्पताल के बाहर शोर करना गलत है, इससे मरीजों को परेशानी हो सकती है.

Share this article