पिछले दिनों एनएसडी (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) में ग्रेजुएट के पचास साल होने के ख़ुशी में पंकज कपूर ने अपने साथी कलाकारों का गेट-टुगेदर रखा था, जिसमें कई मज़ेदार बातों के भी खुलासे हुए. लेकिन सबसे दिलचस्प था शाहरुख खान का समोसे सप्लाई करने वाली घटना.

जी हां, पंकज कपूर ने इस राज़ से पर्दा हटाया. दरअसल, उन्होंने एनएसडी के सुनहरी यादों को ताज़ा करते हुए बताया कि कैसे वे और उनकी दोस्तों की टोली अभिनय के साथ खाने का भी जुगाड़ करके लुत्फ़ उठाया करते थे. उनकी दोस्तों की टोली भीड़ के कलाकारों का हिस्सा होती थी.
'रज़िया सुल्तान' नाटक के दौरान सैनिकों द्वारा फेंकी गई नान को पकड़कर पंकज व उनके दोस्त इंटरवल में बैक स्टेज पर नान, समोसे व चाय की पार्टियां करते. तब किंग खान यानी हमारे शाहरुख खान उनके लिए समोसे लेकर आते थे. दरअसल, शाहरुख के पिता की एनएसडी में ही कैंटीन थी. जहां से शाहरुख कलाकारों के लिए समोसे लाते थे. तब वे क़रीब दस साल के थे. यह सत्तर के दशक की बात है. तब पंकज कपूर एनएसडी के स्टूडेंट हुआ करते थे.

हम में से शायद ही किसी ने सोचा होगा कि जो छोटा बच्चा सभी अभिनय के खिलाड़ियों को समोसे लाकर दे रहा है, वहां पर इधर-उधर घूम रहा है, वो कभी फिल्म इंडस्ट्री पर अपनी बादशाहत हासिल करेगा. यानी आप समझ सकते हैं कि शाहरुख बचपन से ही अपने पिता को क्या ख़ूब सहयोग दिया करते थे. साथ ही इससे यह भी ज़ाहिर होता है कि कोई भी काम छोटा-बड़ा नहीं होता, बस इंसान में लगन होनी चाहिए अपने हर काम को शिद्दत से करने की, जैसा शाहरुख खान अपनी हर फिल्म में करते हैं.
काम के प्रति उनकी मेहनत, लगन और जुनून से हर कोई वाकिफ़ है. चूंकि शाहरुख ने भी कई बार इस बात का ज़िक्र किया है कि उनके पिताजी मीर ताज मोहम्मद खान की दिल्ली में खातिर नामक होटल हुआ करती थी और वे एनएसडी की कैंटीन व मेस से संबंधित कामों को भी देखा करते थे. पिता के देहांत के बाद लंबे समय तक उनकी मां लतीफ फातिमा खान इसे देखती रहीं.
यह भी पढ़ें: हेलो अल्फा टाइम… आलिया भट्ट का किलर अंदाज़ (Hello Alpha Time… Alia Bhatt’s killer style)
यदि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से संबंधित आर्टिस्ट के बारे में बात की जाए तो उनमें एक से एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार थे, जिनमें पंकज कपूर, अनुपम खेर, रघुबीर यादव, राज बब्बर, रोहिणी हट्टंगड़ी, नसीरुद्दीन शाह जैसे शख़्सियत रहे हैं. कह सकते हैं कि इन सभी को देखते व प्रेरित होते हुए शाहरुख भी अभिनय में निखरते-संवरते रहे. आगे चलकर अधिकतर लोगों के साथ उन्होंने काम भी ख़ूब किया. पंकज कपूर के साथ 'रामजाने' की थी. आज शाहरुख की नेटवर्थ क़रीब बारह हज़ार करोड़ है. ‘दीवाना’ फिल्म से उन्होंने अपने फिल्मी सफ़र की शुरुआत की थी.

इसी साल के अंत में यानी दिसंबर में शाहरुख खान की बहुचर्चित फिल्म ‘किंग’ रिलीज़ होने वाली है. इसमें एक से एक कलाकारों की टीम है. उनकी बेटी सुहाना भी ख़ास भूमिका में हैं. उनके अलावा अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, राघव जुयाल, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, सौरभ शुक्ला हैं. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में किंग क्या तहलका मचाती है यह तो दिसंबर में ही जान सकेंगे.
यह भी पढ़ें: फादर्स डे स्पेशल- पापा कहते हैं… (Father’s Day Special- Papa Kahte Hain…)
Photo Courtesy: Social Media
