फैशन की दुनिया में कुछ परिधानों की खासियत यह होती है कि वे ट्रेंड में आने के साथ-साथ लंबे समय तक वॉर्डरोब का हिस्सा बने रहते हैं. सिगार पैंट्स भी ऐसा ही एक स्टाइलिश और वर्सेटाइल आउटफिट है, जो आजकल युवतियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
स्मार्ट, स्लीक और सोफिस्टिकेटेड लुक देने वाली सिगार पैंट्स ऑफिस से लेकर पार्टी और एथनिक फंक्शन तक आसानी से पहनी जा सकती हैं.

सिगार पैंट्स को आमतौर पर पेंसिल पैंट्स या एंकल-लेंथ ट्राउजर भी कहा जाता है. इसका नाम इसकी सीधी, पतली और स्ट्रेट-फिट डिज़ाइन के कारण पड़ा है. कमर से लेकर टखने तक इसका सिल्हूट लगभग एक समान रहता है, जिससे पहनने वाली को लंबा और स्लिम लुक मिलता है.
न टाइट, न ढीला, परफेक्ट फिट
सिगार पैंट्स की सबसे बड़ी ख़ूबी इसका संतुलित फिट है. यह लेगिंग्स या चूड़ीदार की तरह शरीर से पूरी तरह चिपकी हुई नहीं होती और न ही पलाजो की तरह बहुत ज़्यादा घेरदार या चौड़ी. यही वजह है कि यह पहनने में आरामदायक होने के साथ-साथ बेहद स्मार्ट दिखाई देती है.
इसका स्ट्रेट और स्लीक सिल्हूट शरीर को एक सधा हुआ आकार देता है. ख़ासतौर पर वे महिलाएं, जो आराम के साथ स्टाइल चाहती हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है.
एंकल लेंथ में स्टाइल का तड़का
सिगार पैंट्स की लंबाई आमतौर पर टखने तक होती है. यही एंकल-लेंथ इसे सामान्य ट्राउजर से अलग और ज़्यादा फैशनेबल बनाती है. आजकल डिज़ाइनर्स और फैशन ब्रांड्स इसके बॉटम यानी निचले हिस्से में भी आकर्षक प्रयोग कर रहे हैं.
साइड स्लिट, लेस वर्क, बटन डिटेलिंग, गोटापट्टी और एम्ब्रॉयडरी जैसी छोटी-छोटी डिटेलिंग साधारण सिगार पैंट को भी ख़ास बना देती हैं. एथनिक लुक के लिए गोटापट्टी या एम्ब्रॉयडरी वाली डिज़ाइन ख़ूबसूरत लगती है, जबकि ऑफिस या कैज़ुअल वियर के लिए सादा और मिनिमल डिज़ाइन ज़्यादा प्रभावी रहती है.

फैब्रिक में भी ढेरों विकल्प
सिगार पैंट्स की लोकप्रियता का एक कारण यह भी है कि ये अलग-अलग फैब्रिक्स में उपलब्ध होती हैं. सॉफ्ट कॉटन, सिल्क, रेयॉन, लिनन, चंदेरी और स्ट्रेचेबल कॉटन जैसी सामग्री में बनी सिगार पैंट्स मौसम और अवसर के हिसाब से चुनी जा सकती हैं.
दिनभर के आराम के लिए कॉटन या स्ट्रेचेबल कॉटन बेहतर विकल्प है, जबकि किसी ख़ास अवसर के लिए सिल्क या चंदेरी फैब्रिक वाली सिगार पैंट्स आउटफिट को ज़्यादा रिच और रॉयल बना सकती हैं.
यह भी पढ़ें: मॉनसून ब्यूटी-फैशन टिप्स (Monsoon Beauty-Fashion Tips)
एथनिक लुक में नया अंदाज़
सिगार पैंट्स की सबसे ख़ास बात यह है कि इन्हें केवल वेस्टर्न आउटफिट के साथ ही नहीं, बल्कि भारतीय परिधानों के साथ भी ख़ूबसूरती से पहना जा सकता है.
घेरदार अनारकली, आलिया-कट या फ्लोर-लेंथ कुर्ती के नीचे पारंपरिक चूड़ीदार की बजाय सिगार पैंट्स पहनें. इससे पूरा लुक थोड़ा मॉडर्न, सोबर और बेहद आरामदायक दिखाई देता है.
मिड-लेंथ या शॉर्ट स्ट्रेट कुर्ती, साइड-कट कुर्ती और कफ्तान के साथ भी इसका कॉम्बिनेशन बेहद एलिगेंट लगता है. ख़ासकर जब कुर्ती थोड़ी फ्लोई हो और नीचे सिगार पैंट्स का स्लीक सिल्हूट हो तो आउटफिट में ख़ूबसूरत बैलेंस नज़र आता है.
ऑफिस से पार्टी तक, हर जगह फिट
प्लेन, ब्लैक, व्हाइट, बेज या न्यूड शेड की सिगार पैंट्स को फॉर्मल बटन-डाउन शर्ट के साथ पहनकर एक स्मार्ट प्रोफेशनल लुक पाया जा सकता है. इसके साथ ब्लेजर और क्लासिक फुटवियर जोड़ दें तो यही आउटफिट मीटिंग या ऑफिस पार्टी के लिए भी परफेक्ट बन जाता है.
ट्यूनिक, शर्ट या फिटेड टॉप के साथ भी सिगार पैंट्स शानदार लगती हैं. वहीं शाम के कैजुअल आउटिंग के लिए इसे पेपलम टॉप या शॉर्ट टॉप के साथ स्टाइल किया जा सकता है.
जींस का सॉफ्ट और स्मार्ट विकल्प
अगर रोज़-रोज़ जींस पहनना आपको थोड़ा बोरिंग लगता है तो सिगार पैंट्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं. ओवरसाइज्ड शर्ट के साथ स्ट्रेट-फिट सिगार पैंट्स पहनकर आप सहज और ट्रेंडी लुक पा सकती हैं.
इसके साथ स्नीकर्स पहनें तो कैजुअल अंदाज़ मिलेगा, जबकि लोफर्स, बैले फ्लैट्स या हील्स पूरे लुक को ज़्यादा एलिगेंट बना सकते हैं.
सही स्टाइलिंग से बनेगा परफेक्ट लुक
सिगार पैंट्स पहनते समय फुटवियर और टॉप का चुनाव भी महत्वपूर्ण है. एंकल-लेंथ होने के कारण ये पैंट्स फुटवियर को अच्छी तरह हाईलाइट करती हैं इसलिए मिनिमल स्ट्रैप सैंडल, पंप्स, लोफर्स या एंकल-फ्रेंडली फ्लैट्स इसके साथ अच्छे लगते हैं.
अगर पैंट प्लेन है तो ऊपर प्रिंटेड या एम्ब्रॉयडर्ड कुर्ती अथवा टॉप पहना जा सकता है. वहीं अगर सिगार पैंट्स पर डिटेलिंग या एम्ब्रॉयडरी है तो ऊपर का आउटफिट थोड़ा सिंपल रखना बेहतर रहता है.
यह भी पढ़ें: स्लिम नज़र आने के लिए 40+ स्मार्ट फैशन और स्टाइलिंग ट्रिक्स (40+ Fashion And Styling Tricks To Look Slimmer)
एक पैंट, कई अंदाज़
यही सिगार पैंट्स की असली ख़ूबसूरती है, एक ही परिधान को अलग-अलग तरीक़ों से स्टाइल किया जा सकता है. सुबह ऑफिस के लिए शर्ट और ब्लेजर, शाम को दोस्तों के साथ आउटिंग के लिए टॉप और स्नीकर्स तथा किसी पारिवारिक समारोह में कुर्ती और दुपट्टे के साथ वही पैंट एक बिलकुल अलग अंदाज़ दे सकती है.
इसलिए अगर आप अपने वॉर्डरोब में ऐसा आउटफिट शामिल करना चाहती हैं, जो आरामदायक भी हो, स्टाइलिश भी और कई मौक़ों पर काम आए तो सिगार पैंट्स को ज़रूर आज़माएं. फैशन के बदलते दौर में यह ट्रेंड सिर्फ़ ख़ूबसूरती ही नहीं, बल्कि कंफर्ट और कॉन्फिडेंस का भी पर्याय बनता जा रहा है.
– स्नेहा सिंह

Photo Courtesy: freepik
