एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) का 7 दिन पुराना वीडियो ऑनलाइन वायरल हो रहा है. इस वीडियो में टाइगर की एक फैन सलमा (Salma) उनपर प्यार लुटाती हुई उन्हें आशीर्वाद दे रही हैं. सलमा वही हैं , जो रविवार को हुए हमले में चश्मदीद गवाह (Eye Witness) थीं. बता दें कि 18 अक्टूबर, रविवार की शाम को टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला किया. हमले में एक्टर की जान तो बच गई, पर उन्हें चोटें लगी हैं.

रविवार शाम, 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात लोगों ने गोलियां बरसाईं. हमले में टाइगर घायल हो गए. बाद में मुंबई पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है. टाइगर पर हुए इस हमले के बाद बॉलीवुड में डर का माहौल छाया है. फैंस एक्टर की सेफ्टी और सिक्योरिटी को लेकर चिंतित है.

इन सबके बीच टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले से 7 दिन पहले का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में टाइगर ग्राउंड पर फुटबॉल खेलते दिखाई दे रहे हैं. ब्रेक में एक्टर की फैन सलमा टाइगर के साथ सेल्फी लेते हुए वीडियो बनाती और टाइगर को मां की तरह ढेरों आशीर्वाद देती हैं. वीडियो बनाते हुए सलमा कहती हैं- टाइगर बेटा जुग-जुग जियो. 100 साल जियो तुम. मेरा टाइगर बेटा, मेरा शोना बेटा. तुम्हें मेरी उम्र लग जाये बेटा.

फैंस की जानकारी के लिए बता दें कि ये वही महिला फैन हैं जिसने टाइगर को उन पर हुए हमले से एक हफ्ते पहले लंबी उम्र का आशीर्वाद दिया था. और अब टाइगर पर हमला होने के बाद वे इस पूरी घटना की चश्मदीद गवाह बनीं हैं.

हमले के बाद जब सलमा का ये वीडियो ऑनलाइन वायरल हुआ तो यूजर्स अपना रिएक्शन देने लगे. किसी ने कहा कि भगवान ने एक मां की पुकार सुन ली. तो किसी ने बोला – एक मां की दुआ भगवान ने कबूल कर ली. अधिकतर फैंस का कहना है कि जब तक टाइगर के साथ ऐसी मांओं की ब्लेसिंग्स है तब तक उन्हें कुछ नहीं होगा. भगवान उनकी रक्षा करेगा.
