
मॉडल, एक्टर, धावक, खिलाड़ी... हर रोल में फिट रहे हैं मिलिंद सोमन और यंगिस्तान के लिए किसी इंस्पेरेशन से कम नहीं हैं वे. एक तरफ़ पत्नी अंकिता के साथ वैष्णो देवी में पहाड़ों की 20 किलोमीटर की चढ़ाई करते हुए माता के दर्शन कर अपनी आस्था और भक्ति का परिचय देना, तो वहीं दूसरे दिन जम्मू हाफ मैराथन को पूरा करते हुए अपने जोश व जज़्बे से हर किसी को आश्चर्यचकित कर देना. सच में, ग्रेट है यह पावर कपल.

जय माता दी... जय माता दी... की गूंज के साथ मिलिंद सोमन और उनकी पत्नी अंकिता कोंवर ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए. उन्होंने चलते हुए पहाड़ों की चढ़ाई को पूरे उत्साह के साथ पार किया. जैसा कि हम सभी जानते हैं मिलिंद और उनकी पत्नी में 26 साल का अंतर है. आज जहां वे साठ के हैं, तो वहीं उनकी पत्नी 34 साल की हैं. लेकिन उनके लिए उम्र बस नंबर भर रहा.
अपने आठ साल के वैवाहिक जीवन में दोनों ने अपने काम और जीवनशैली से यह साबित कर दिखाया कि इंसान को ख़ुद पर भरोसा और ज़िंदादिली से जीने का जज़्बा हो तो कभी भी कोई भी चीज़ बाधा नहीं बन सकती. र्स्पोट्स हो, सोशल मुद्दे हो या फिर मौज-मस्ती हरेक में दोनों बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं.

दोनों ने अपने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर वैष्णो देवी मंदिर की, साथ की और मैराथन जीतने पर मेडल की कई ख़ूबसूरत तस्वीरें साझा कीं. दोनों की ख़ुशी और उत्साह देखते ही बनता है. अंकिता कहती हैं-
एकदम परफेक्ट वीकेंड! शनिवार को वैष्णो देवी मंदिर तक 20 किलोमीटर की चढ़ाई और उतराई, और रविवार को जम्मू की पड़ाड़ियों में जम्मू हाफ मैराथन के लिए 21 किलोमीटर की दौड़! दौड़ की शुरुआत हल्की बारिश और तेज़ हवा के साथ हुई, लेकिन मुझे ख़ुशी है मैंने 2 घंटे 14 मिनट में दौड़ पूरी कर ली और मेरे अद्भुत पति ने 2 घंटे 2 मिनट में. पैर भले ही थक गए थे, लेकिन दिल कृतज्ञता से भरा हुआ था...
अंकिता के पोस्ट पर पतिदेव ने जय माता दी... कहते हुए हाथ जोड़ दिए तो वहीं इस पोस्ट पर फैंस ने भी भर-भरकर प्यार लुटाया.
जय माता दी... जय माता दी... स्ट्रांगेस्ट कपल, तूसी ग्रेट हो... पावर कपल को ढेर सारा प्यार... आप दोनों वाकई प्रेरणास्त्रोत हो... आप दोनों पर गर्व है...

कुछ प्रशंसक चुटकी लेने से भी बाज नहीं आए. कइयों ने मिलिंद से क्लीन शेव की डिमांड की, तो किसी को उनका गमछा ख़ूब भा गया.


फिटनेस प्रेमी मिलिंद अक्सर अपने वर्कआउट, दौड़, तैराकी आदि से सुर्ख़ियों में रहते हैं. कभी गोवा में लगातार 7 घंटे 20 मिनट तक 15 किलोमीटर स्वीमिंग करते हुए सभी को चौंका देते हैं तो कभी रनिंग सैैंडल पहनकर 80 किलोमीटर साइकिलिंग कर आश्चर्यचकित कर देते हैं. कुछ उनके अजीबोगरीब एक्सरसाइज़ भी रूटीन में रहते हैं, जैसे- पेड़ों की डाल से पुशअप्स, हैंडस्टैंड और आमतौर पर 50-100 पुशअप्स हर रोज़ करना तो उनके लिए आम बात है.

मिलिंद सोमन फल, हरी सब्ज़ियां, मोटे अनाज, ढेर सारा पानी पीना और अच्छी नींद लेने को अपनी सेहत का राज़ बताते हैं. तो देर किस बात की जब साठ की उम्र में मिलिंद इतने चुस्त-दुरुस्त हैं और एनर्जी से भरपूर हैं तो आप क्यों नहीं हो सकते. ऑल द बेस्ट!

Photo Courtesy: Social Media
