
वर्किंग मदर्स की ज़िंदगी आसान नहीं होती. घर-ऑफिस के साथ ही बच्चे की देखभाल करने में वो इतनी बिज़ी रहती है कि ख़ुद की सेहत के बारे में सोचने की फुर्सत ही नहीं रहती, लेकिन ये लापरवाही आपको भारी पर सकती है. अतः 24/7 की ड्यूटी बजाने के लिए अपनी सेहत का ध्यान रखें.
डीहाइड्रेशन
शरीर में पानी की कमी से डीहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है. अतः दिन में कम से कम 10 से 12 ग्लास पानी पीएं. भूख शांत करने के लिए फास्ट फूड और स्नैक्स की जगह टिफिन बॉक्स में कटे हुए गाजर, खीरा और टमाटर ले जाएं. काम से बीच-बीच में ब्रेक लेकर पानी पीती रहें.
डायट
बैलेंस डायट यानी प्रोटीन, विटामिन्स, मिरल्स से भरपूर डायट इम्यून पावर के साथ ही आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है. खाने में फैट और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम रखें. विशेषज्ञों की राय है कि ऑफिस में चाय, कॉफी और अन्य ड्रिंक्स की बजाय फ्रूट जूस पीना आपकी सेहत के लिए बेहतर है, और यदि आपको चाय/कॉफी पीनी ही है तो इसमें शक्कर की मात्रा कम रखें.
एक्सरसाइज़
रोज़ाना सुबह उठने के बाद कुछ देर के लिए ही सही, लेकिन एक्सरसाइज़ ज़रूर करें. यदि आपके पास समय है तो मेडिटेशन आपके लिए बेस्ट है. मेडिटेशन आपको फिट रखने के साथ ही तनावमुक्त भी रखता है. जिससे आप शांति से सारे काम कर पाती हैं. अगले दिन की प्लानिंग रात में ही कर लें इससे आप सुबह ख़ुद के लिए वक़्त निकाल पाएंगी. यदि संभव हो तो सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकल जाएं. ऑफिस में लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करें. जल्द ही आपको इन बदालवों का असर दिखने लगेगा.

ब्रेकफास्ट/लंच स्किप न करें
ख़ुद को फिट रखने के लिए रेग्युलर एक्सरसाइज़ ज़रूर करें, लेकिन ग़लती से भी ब्रेकफास्ट/लंच स्किप न करें. बेहतर होगा कि इसकी बजाय ऑफिस में कलिग्स द्वारा ऑफर किए गए चिप्स, बिस्किट, कुकीज़ आदि से दूर रहें. यदि शरीर को ज़रूरी पोषण नहीं मिलेगा तो आप इमोशनल ईटिंग के शिकार हो सकते हैं.
इसलिए समय पर खाना खाएं. यदि आप बाहर के खाने से बोर होकर लंच स्किप करती हैं तो थोड़ी से मेहनत करके घर से ही लंच ले जाएं.
कंचन सिंह
