धुरंधर के बाद आदित्य धर की धुरंधर 2 (Aditya Dhar's Dhurandhar) ने भी बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रखा है. फ़िल्म में कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को मात दे दिया है. आम से लेकर खास तक फ़िल्म की तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं. बॉलीवुड से भी फ़िल्म को अच्छा रिएक्शन मिल रहा है. फ़िल्म का हर कैरेक्टर और उस कैरेक्टर को निभानेवाला कलाकार लोगों के दिलों पर राज कर रहा है. फिल्म में अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal) ने विलेन का रोल प्ले किया है. वो मेजर इकबाल (ISI Major Iqbal) के किरदार में दिखे, जो आईएसआई का एजेंट होता है. फ़िल्म में उनकी एक्टिंग के भी लोग मुरीद हो रहे हैं. अब एक इंटरव्यू में अर्जुन ने बताया कि उन्होंने धुरंधर फ़िल्म 26/11 के आतंकी हमले का बदला लेने के लिए की. उन्होंने ऐसा क्यों कहा, आइए जानते हैं.

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अर्जुन रामपाल ने कहा कि धुरंधर 2 मेरा 26/11 का बदला है. उन्होंने 26/11 वाले दिन की दर्दनाक हादसे का किस्सा शेयर किया. अर्जुन ने कहा, "26 नवंबर 2008 को मैं फोर सीजन्स वर्ली में था. मेरा बर्थडे था. हमें ताज होटल की तरफ जाना था बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए. लेकिन मेरे एक दोस्त की वजह से हम लेट हो रहे थे. वो तैयार हो रहा था, तो हम ड्रिंक्स पीने चले गए. तभी एक बम ब्लास्ट हुआ. मैंने वो धमाका सुना था. खिड़कियों के कांच तक हिलने लगे थे. 10 मिनट बाद पता चला कि पूरे होटल को चारों ओर से घेर लिया गया था."

अर्जुन ने आगे कहा, "हमें फोन आने लगे कि कोलाबा मत जाना, वहां टेररिस्ट अटैक हुआ है. हमें उस रात होटल में ही रहने को कहा गया. बाहर निकलने के लिए मना कर दिया गया था. बर्थडे पर ऐसा भयानक हादसा देख मैं घबरा गया था. मैं वो कभी नहीं भूल सकता. मैं 17 सालों तक ट्रॉमा में रहा. जब आदित्य धर ने मुझे 26/11 वाला सीन सुनाया तो मुझे पता था कि ये मेरा बदला होगा. इसीलिए मैंने धुरंधर की. सॉरी फ़िल्म में मुझे अपने देश को गालियां देनी पड़ीं, लेकिन दिल से मैं देशभक्त हूं. भारत माता की जय."

बता दें कि धुरंधर बॉक्स आफिस पर धुंआधार कमाई कर रही है. फ़िल्म में अर्जुन रामपाल और रणवीर सिंह का फाइट सीन खूब वायरल हो रहा है. फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन, सारा आर्जुन, राकेश बेदी जैसे स्टार्स भी अहम रोल में हैं.

