सोनम कपूर (Sonam Kapoor) ने फाइनली अपने छोटे बेटे का नाम रिवील कर दिया है. सोनम और उनके पति आनंद आहूजा (Anand Ahuja) ने सोशल मीडिया पर जॉइंट पोस्ट शेयर करके सेकंड बेबी का नाम अनाउंस (Anand Ahuja, Sonam Kapoor announce name of second child) किया है. साथ ही बेबी की पहली झलक भी शेयर की है.

सोनम और आनंद आहूजा ने अपनी वेडिंग एनिवर्सरी पर बेटे का नामकरण संस्कार किया. उन्होंने अपने छोटे बेटे का जो नाम रखा है, उसका भगवान शिव से खास कनेक्शन है. उन्होंने बेटे का नाम रुद्रलोक (Rudralok) रखा है और ये गुड न्यूज़ शेयर करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नोट भी शेयर किया है, जिसमें उन्होंने एकादशी के दिन बेटे के जन्म की बात बताई है, साथ ही उसके नाम का आध्यात्मिक मतलब भी बताया है.

सोनम ने सोशल मीडिया पर दो प्यारी सी फैमिली फ़ोटो शेयर की है. इन फोटोज़ में सोनम को अपने न्यूबोर्न बेबी को गोद में पकड़े देखा जा सकता है. उनके बगल में खड़े उनके पति आनंद आहूजा अपने बड़े बेटे वायु (Vayu Kapoor Ahuja) को पकड़े नजर आ रहे हैं. इन फोटोज़ के साथ सोनम ने इमोशनल नोट भी लिखा, "उस दिव्य शक्ति के आशीर्वाद से हमारा दूसरा बेटा हमारे जीवन में नई ऊर्जा और खुशियां लेकर आया है... एकादशी के पवित्र दिन भगवान विष्णु की कृपा से जन्मा हमारा दूसरा बेटा हमें एक संकेत, अपने भाई, एक दिव्य मिलन और एक ऐसा आशीर्वाद लगता है, जिसका हम तहे दिल से सम्मान करते हैं. प्यार और कृतज्ञता के साथ, हम रुद्रलोक कपूर आहूजा (Rudralokh Kapoor Ahuja) को वेलकम करते हैं."

सोनम ने अपने पोस्ट में इस नाम का अर्थ भी बताया, "वेदों में, रुद्र (रुद्र) जो 'रुद' (rud) धातु से बना है, जिसका अर्थ है 'गर्जना करना', जो शक्तिशालियों में सबसे शक्तिशाली हैं. वह जो दुखों को उनके मूल से ही मिटा देते हैं. यह नाम ताकत, सांसों, हीलिंग और नई शुरुआत से जुड़ा हुआ है. ये वायु से गहराई से जुड़ा है, जो सभी प्राणियों में प्रवाहित होने वाली प्राण शक्ति है. हमारे पहले बेटे का नाम विष्णु के नाम पर रखा गया है, जो जीवन के पालनहार हैं. विष्णु की कृपा से एकादशी के पवित्र दिन पर जन्मा हमारा दूसरा बेटा अपने भाई के साथ एक दिव्य जोड़ी और एक आशीर्वाद के समान हैं, जिसका हम तहे दिल से सम्मान करते हैं. अपने नाम की तरह ही रुद्र भी बड़े होकर निडर, दयालु, गहरी चेतना वाला व्यक्ति बनेगा."

सोनम कपूर के इस पोस्ट पर फैंस और सेलेब्स खूब सारा प्यार लुटा रहे हैं और रुद्रलोक नाम को बेहद यूनिक बता रहे हैं. करीना कपूर, आलिया भट्ट, करण जौहर से लेकर बिपाशा बसु तक, तमाम सेलेब्स इस पोस्ट पर प्यार लुटा रहे हैं.

