Close

रंग तरंग- पति-पत्नी डॉट कॉम (Satire- Pati-Patni Dot Com)

डॉट कॉम का ऐसा अनोखा चमत्कार देखकर हमारी खोपड़ी के अंदर जंग लगी मशीन ने भी तेज़ी से काम करना शुरू कर दिया और उसमें से एक नायाब तरक़ीब निकल आई. हमें मालूम है कि हर चालाक युवती और बेवकूफ़ युवक ज़िंदगी में कभी ना कभी पति या पत्नी ज़रूर बनता है. ये सिलसिला सदियों से चला आ रहा है और चलता रहेगा.

इंटरनेट की दुनिया ने आजकल व्यापार और व्यापारियों का हुलिया बदल कर रख दिया है. हर कंपनी की दुम के साथ 'डॉट कॉम' लगाना फैशन बन गया है. हमारे मोहल्ले के एक नाई ने अपनी फुटपाथ छाप दुकान का नाम रखा है- 'हज्जाम डॉट कॉम' और यक़ीन मानिए आजकल उसकी दुकान पर हजामत करवानेवालों की लाइन लगती है, जिनमें गंजे भी शामिल होते हैं.

डॉट कॉम का ऐसा अनोखा चमत्कार देखकर हमारी खोपड़ी के अंदर जंग लगी मशीन ने भी तेज़ी से काम करना शुरू कर दिया और उसमें से एक नायाब तरक़ीब निकल आई. हमें मालूम है कि हर चालाक युवती और बेवकूफ़ युवक ज़िंदगी में कभी ना कभी पति या पत्नी ज़रूर बनता है. ये सिलसिला सदियों से चला आ रहा है और चलता रहेगा.

हमने सोचा आजकल हर ऐरा-गैरा नत्थू खैरा इंटरनेट पर अपनी कंपनी खोलकर बिना हींग और फिटकरी ख़र्च किए लाखों-करोड़ों कमा रहा है तो हम फिसड्डी क्यों रहें? हमने तुरंत इस विषय पर गंभीरता से सोचना शुरू कर दिया. सोचते-सोचते जब हम काफ़ी गहराई में डुबकी मार चुके तब हमारी समझ में आया कि शादीशुदा होने के नाते पति-पत्नी की समस्याओं का हमें काफ़ी ज्ञान प्राप्त हो चुका है तथा झगड़े-फसाद का तो विशेष अनुभव हो चुका है. बस हमने अपने ज्ञान तथा अनुभव की पूंजी से व्यापार करने के लिए एक अनोखी कंपनी स्थापित कर ली जिसका नाम रखा 'पति-पत्नी डॉट कॉम.'

जी क्या कहा? आपको पति की तलाश है, नो प्रॉब्लम, आप हमारी वेबसाइट पर विज़िट कीजिए और अपना मनपसंद पति सेलेक्ट कीजिए. हमारे पास हर क्वालिटी के पति-पत्नी का भरपूर स्टॉक है. डिलीवरी भी अर्जेंट होती है. माफ़ कीजिए 'डिलीवरी' से हमारा मतलब माल की डिलीवरी से है. इधर कम्प्यूटर पर क्लिक किया उधर पति हाज़िर, वो भी एक साल की गारंटी कार्ड के साथ. वैसे हमारी कंपनी के पति-पत्नी बेहद टिकाऊ होते हैं. लड़ाई-झगड़ा, डांट-

फटकार सब कुछ आसानी से झेल सकते हैं. त्योहार के सीजन में स्पेशल डिस्काउंट रेट पर पति उपलब्ध होता है.

अगर आप अपनी पत्नी से तंग आ चुके हैं तो हमारी कंपनी 'एक्सचेन्ज स्कीम' के तहत पुरानी पत्नी के बदले में नई पत्नी का प्रबंध भी करा सकती है. हमारे पास पुराने ज़माने की पत्नी से लेकर लेटेस्ट फैशन की पत्नी, शुद्ध भारतीय पत्नी से लेकर अशुद्ध विदेशी पत्नी तक मिलेगी. तीन विदेशी पत्नी के साथ एक देशी पत्नी मुफ़्त मिलेगी. पतियों में हर उम्र और हर डिज़ाइन के पति मौजूद हैं. लंबे पति, नाटे पति, दुबले पति, मोटे पति, डॉक्टर पति, नालायक पति, अनाड़ी पति, खिलाड़ी पति (क्रिकेट खिलाड़ियों को छोड़कर).

यह भी पढ़ें: रंग‌ तरंग- बॉस स्तुति (Satire- Boss Stuti)

आज्ञाकारी पतियों के मामले में हमारी कंपनी के पतियों को विश्व में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है. इसीलिए पूरी दुनिया में हमारी कंपनी के पतियों की ज़बरदस्त डिमांड है. दुनिया के हर कोने-कतरे में हमारी कंपनी के पति एक्सपोर्ट किए जाते हैं.

नक्कालों से सावधान! हमारी कंपनी के पति-पत्नियों के मशहूर मॉडलों की डिज़ाइन के नकली पति-पत्नियों की मार्केट में भरमार हो गई है, इसलिए सभी ग्राहकों से अनुरोध है कि नकली माल से बचने के लिए पति-पत्नी सेलेक्ट करने से पहले हमारी कंपनी का ट्रेड मार्क ज़रूर देख लें. कहीं ऐसा न हो आप धोखे से नकली पति-पत्नी ले जाएं और बाद में पछताएं.

'दूसरी कंपनियों के पति-पत्नी झगड़ालू, शक्की, आलसी और बेवफ़ा होते हैं. पतियों की क्वालिटी तो इतनी घटिया होती है कि चार दिन भी पत्नियों की फटकार नहीं झेल सकते. जबकि हमारी कंपनी के पति डांट-फटकार, गाली-गलौज और बेलन खाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए जाते हैं. यहां तक कि उनकी हड्डी-पसलियां भी 'अनब्रेकेबल' होती हैं, इसलिए टूटने-फूटने का भी डर नहीं.

हमारी कंपनी की पत्नियां भी सुंदर, सुशील और सभ्य होती हैं दूसरी कंपनी की तरह बातूनी, चुगलखोर और नखरेबाज़ बिल्कुल नहीं होतीं. स्वभाव की वो इतनी शांत होती हैं कि सास-ससुर से झगड़ा करना तो दूर, वो उनसे बात तक नहीं करतीं. हमारी कंपनी की पत्नी मॉडर्न और खुले विचारों की होती है. इसीलिए खुले कपड़ों में खुलेआम घूमना-फिरना उसे बेहद पसंद होता है. उनकी पसंद भी बहुत ऊंची होती है. बड़े होटलों में खाना, ऊंची दुकानों में जाना और ऊंची क़ीमत पर साड़ियां लाना उनका ख़ास शौक होता है.

हमारी कंपनी में डिलक्स मॉडल की पत्नियां भी मिलती हैं, जो ख़ासतौर पर शो केस में सजाने के लिए होती हैं और सिर्फ़ ख़ास ख़ास मौक़ों पर ही इस्तेमाल में लाई जा सकती हैं, जैसे शादी, बर्थडे पार्टी, फंक्शन वगैरह-वगैरह.

बढ़िया रंग-रूप, बेहतरीन डिज़ाइन और बेजोड़ क्वालिटी के पति-पत्नी हासिल करने के लिए हमेशा याद रखिए, हमारी कंपनी का नाम यानी 'पति-पत्नी डॉट कॉम.' घर बैठे आज ही ऑर्डर दीजिए और पाइए दुनिया के सबसे मशहूर पति-पत्नी. पसंद ना आने पर माल वापस करने की गारंटी के साथ. इसके अलावा किश्तों की भी विशेष सुविधा. पूरा पति ले जाइए और पेमेन्ट टुकड़ों में कीजिए साथ में '०' प्रतिशत इन्टरेस्ट भी उपलब्ध. कैश देने पर हर पति के ऊपर १५% की विशेष छूट. याद रखिए, ये ऑफर केवल स्टॉक रहने तक सीमित है.

यह भी पढ़ें: व्यंग्य- डाॅगी कल्चर (Satire Story- Doggy Culture)

नोटः हमारी कंपनी के गोडाउन में कुछ पुराने मॉडल के पति-पत्नी भी पड़े हुए हैं उनका ख़ास डिफेक्ट ये है कि उनमें आदर्श पति-पत्नी बनने के सभी गुण मौजूद हैं, इसीलिए आजकल मार्केट में उनकी कोई डिमांड नहीं है. हमारी कंपनी ने फ़ैसला किया है कि ऐसे फ़ालतू पति-पत्नियों से गोडाउन को खाली करने के लिए उन्हें औने-पौने रेट पर निकाल दिया जाए. इस सौदे में कबाड़ियों को ख़ास सहूलियतें दी जाएंगी. आज ही संपर्क करें.

आप शायद सोच रहे होंगे कि इस बार हमने क्या बकवास की है? भला ऐसी भी कोई कंपनी हो सकती है? यही तो हमारी अक्लमंदी का राज़ है जनाब, हम हर वो काम करने में माहिर हैं, जिसे कोई दूसरा सोचना भी बेवकूफ़ी समझता है.

ज़माना हमारी बेवकूफ़ी पर हो भले नाराज़. हम अपनी अक्ल पर हमेशा करते रहेंगे नाज़.

- अनिल निगम 'बेख़बर'

रंग तरंग

Share this article