रातां लंबियां, तुझे कितना चाहने लगे हम, जिंदगी कुछ तो बता जैसे कई हिट गाने वाले और अपनी मखमली आवाज़ से सबको दीवाना बना देनेवाले सिंगर जुबिन नौटियाल (Jubin Nautiyal) फिलहाल सातवें आसमान पर हैं. इस साल गणेश चतुर्थी सिंगर के जीवन में खुशियां ही खुशियां ले आई है. जुबिन पापा (Jubin Nautiyal Becomes Father) बन गए हैं. शादी के दो साल बाद उनकी पत्नी ने गणेश चतुर्थी के दिन बेबी बॉय (Jubin Nautiyal Blessed With Baby Boy) को जन्म दिया है. जाहिर है पापा बनकर जुबिन बेहद खुश हैं और उनके घर जश्न का माहौल है.

अपनी पर्सनल लाइफ को बेहद प्राइवेट रखनेवाले जुबिन ने शादी की तरह ही पापा बनने की बात भी सीक्रेट ही रखी थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ भी ये गुड न्यूज़ शेयर नहीं की थी. लेकिन हाल ही में जब ये न्यूज़ लीक हुई तो जुबिन ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान ये खुशी शेयर की.
जुबिन ने कहा, “हां मैं पापा बन गया हूं. मेरे बेटे का जन्म 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ दिन हुआ है. दोनों डिस्चार्ज होकर घर आ गए हैं और दोनों हेल्दी हैं.”

जुबिन ने बताया कि फिलहाल वो और उनकी पूरी फैमिली घर में आए नन्हे मेहमान के साथ हर पल को एंजॉय कर रहे हैं. बेटे के नाम के बारे में पूछे जाने पर जुबिन ने बताया कि, बच्चे के नाम पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है. “हमने अभी बेटे का नाम डिसाइड नहीं किया है. फिलहाल हम उसके साथ खूबसूरत पलों को जी रहे हैं.”

जैसे ही फैंस को ये गुड न्यूज मिली, वो सोशल मीडिया पर जुबिन को बधाई देने लगे. साथ ही फैंस जुबिन स3 बेटे की झलक दिखाने की अपील कर रहे हैं.

बता दें कि जुबिन अपनी पर्सनल लाइफ को मीडिया की नज़रों से हमेशा दूर ही रखते हैं. उन्होंने शादी भी बेहद सीक्रेटली की थी. उन्होंने अपने बचपन के प्यार से एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी रचाई थी, जिसमें फैमिली और क्लोज़ फ्रेंड्स ही शामिल हुए थे. शादी के डेढ़ साल बाद जब जुबिन की शादी की कुछ तस्वीरें वायरल हुईं, तब उनके पापा ने उनकी शादी की न्यूज़ कन्फर्म की. और अब वाइफ की प्रेग्नेंसी की बात भी उन्होंने सीक्रेट ही रखी.

