Close

संजय गुप्ता के निधन पर संजय दत्त ने लिखा इमोशनल नोट.. उनके अधूरे सपने को पूरा करने का किया वादा… (Sanjay Dutt wrote an emotional note following the passing of Sanjay Gupta, promising to fulfill his unfulfilled dream…)

ज़िंदगी में कब कौन कैसे चला जाए कोई नहीं जानता. लोग चले जाते हैं, लेकिन यादें रह जाती हैं. आज मशहूर निर्देशक संजय गुप्ता हमारे बीच नहीं रहे. उनके निधन की ख़बर ने हर किसी को चौंका दिया. कितनों को तो यक़ीन ही नहीं हो रहा था. जैसा अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि वे न तो बीमार थे और न ही कुछ ऐसा था, परंतु उनके जाने की ख़बर ने हम सभी को हैरान कर दिया है.

संजय दत्त और संजय गुप्ता की गहरी दोस्ती जगज़ाहिर थी. दोनों ने मिलकर एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं- कांटे, ज़िंदा, शूटआउट एट लोखंडवाला, खौफ़, मुसाफिर, जंग, प्लान… आगे भी कांटें 2 बनाने की प्लानिंग दोनों के बीच चल रही थी. संजय दत्त ने अपने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसे लेकर ही भावुक कर देने वाली बात कही.
बकौल संजय दत्त-
गुप्ता, मेरे भाई! मुझे अभी भी यक़ीन नहीं हो रहा कि तुम चले गए हो. हमने साथ में बहुत कुछ साझा किया है. इतनी सारी यादें और दोस्ती के इतने सारे साल. तुम हमेशा मेरे लिए परिवार की तरह रहे हो और यह बात कभी नहीं बदलेगी. मैं तुम्हें, हमारी बातचीत को और हमारे साथ बिताए गए हर पल को बहुत याद करूंगा. अभी कुछ समय पहले हम ‘कांटे 2’ के बारे में बात कर रहे थे.

मेरे भाई, तुम्हारी याद में मैं ‘कांटे 2’ जो तुम्हारा ख़्वाब था बनाऊंगा. तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं सब कुछ करूंगा. तुमसे हमेशा प्यार करता रहूंगा. तुम्हारे बिना ज़िंदगी अब वैसी नहीं रहेगी भाई! ईश्‍वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे!..संजय दत्त के अलावा रोनित रॉय और रोहित रॉय जो उनके क़रीबी मित्र थे को भी ग़मगीन अवस्था में देखा गया. सबसे पहले कलाकार अशोक पंडित ने संजय गुप्ता के देहांत के बारे में ख़बर दी थी. इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोगों ने अपनी-अपनी संवेदनाएं सोशल मीडिया पर तो बहुत लोगों ने उनके घर पर जाकर अभिव्यक्त की.

सिंगर मिका सिंह उन्हें अपना बड़ा भाई और गॉडफादर मानते थे. उन्होंने दुखी होते हुए कहा कि फिल्मों में उन्हें ब्रेक संजय गुप्ता ने ही दी थी. वैसे हाल ही में गायक दलेर मेहंदी के साथ शो करते हुए स्टेज पर हुई बदसलूकी पर संजय गुप्ता ने अपना रोष प्रकट किया था. उन्होंने कहा था कि कलाकार का इस तरह का अपमान कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

बीते कल शुक्रवार की रात को संजय गुप्ता घर पर ही गिर गए थे और उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. कहने को तो बहुत सारी बातें कही जा रही हैं कि वे बाथरूम में गिरे थे तो बकौल पुलिस किचन में गिरे पाए गए. चोट इतना घातक था कि काफ़ी खून बह जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई.

संजय गुप्ता ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत संजय दत्त के साथ ही ‘आतिश’ फिल्म से शुरू की थी. उन्होंने ऋतिक रोशन और यामी गौतम को लेकर बेहतरीन ‘काबिल’ फिल्म भी बनाई थी. एक्शन, गैंगवार, अंडरवर्ल्ड, मारधाड़ की लाजवाब फिल्में बनाने में उन्हें महारात हासिल थी. संजय गुप्पता ने संजय दत्त के साथ मिलकर प्लान, शूटआउट एट लोखंडवाला और दस कहानियां जैसी फिल्मों का लेखन व निर्माता के रूप में भी काम किया था. दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान हो यही प्रार्थना करते हैं. ॐ शांति!

Photo Courtesy: Social Media

Share this article