जिन्होंने मेरे विश्वास को तोड़ा, उनके लिए कोई शिकायत शेष नहीं, मैं उनके हिस्से का हिसाब समय और नियति पर छोड़ती हूं. क्योंकि हर चोट का जवाब देना मेरे स्वभाव में नहीं, और हर चोट सहते रहना अब मेरी मजबूरी नहीं…
अब मैं स्वयं के साथ हूं…
बहुत दिनों तक दूसरों की ग़लतियों को अपनी सहनशीलता से ढकती रही.
हर बार टूटकर भी मुस्कुराई, हर अपमान को समय का व्यवहार समझकर चुपचाप अपने भीतर रखती रही.
मुझे लगता था, रिश्ते बचाने के लिए कभी-कभी स्वयं को खो देना भी शायद प्रेम का ही कोई रूप है.
लेकिन अब समझ आया है, जिस रिश्ते में अपना अस्तित्व बचाने के लिए हर दिन लड़ना पड़े, वहां ठहरना प्रेम नहीं, विवशता है.
अब किसी की कड़वी बातों को अपने स्वभाव कीपरीक्षा नहीं मानूंगी.
यह भी पढ़ें: ख़ुशहाल ज़िंदगी जीने के 5 आसान तरीके (5 Simple Ways To Live Life For Yourself)
न किसी के छल को अपनी कमी समझूंगी.
मेरे भीतर भी एक संसार है, जिसे हर बार किसी दूसरे की इच्छा पर उजड़ने नहीं दे सकती.
मैंने किसी का बुरा नहीं चाहा, न किसी के हिस्से की ख़ुशियों पर अपनी उदासी का साया पड़ने दिया.
लेकिन अब अपनी आंखों के आंसू किसी की बेरुखी के नाम नहीं करूंगी.
जिन्होंने मेरे विश्वास को तोड़ा, उनके लिए कोई शिकायत शेष नहीं, मैं उनके हिस्से का हिसाब समय और नियति पर छोड़ती हूं.
क्योंकि हर चोट का जवाब देना मेरे स्वभाव में नहीं, और हर चोट सहते रहना अब मेरी मजबूरी नहीं.
हे ईश्वर! मैं किसी के जीवन में अंधेरा नहीं चाहती,बस इतना करना, मेरे हिस्से का उजाला मुझसे मत छीनना.
जिसने जैसा व्यवहार चुना, उसे अपने चुनाव का अर्थ समझने देना.
यह भी पढ़ें: मन की बात- एक छोटा बच्चा (Motivational Story- Ek Chhota Bachcha)
अब मैं क्षमा कर सकती हूं, लेकिन हर बार उसी दरवाज़े पर लौटकर दस्तक नहीं दूंगी. किसी के लिए शुभकामनाएं रख सकती हूं, लेकिन अपने मन के विरुद्ध उसके साथ खड़ी नहीं रहूंगी.
मैंने कोमल रहना नहीं छोड़ा है, बस अब अपनी कोमलता को किसी की कठोरता के हवाले नहीं करूंगी.
आख़िर कब तक दूसरों की ख़ुशी के लिए अपने भीतर की स्त्री को चुप कराती रहूं?
अब मेरी पहली ज़िम्मेदारी किसी रिश्ते को बचाना नहीं, स्वयं को बचाना है.
और इस बार मैं किसी से जीतने के लिए नहीं, अपने भीतर बची हुई अपनी पहचान के लिए खड़ी हूं.
– तेजस मिश्रा

Photo Courtesy: Freepik
