Close

रिश्तों में प्रतिस्पर्धा नहीं, साझेदारी ज़रूरी है (Relationships require partnership, not competition)

पति-पत्नी का रिश्ता जीवन की ऐसी साझेदारी है, जिसमें दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी होते हैं. फिर इस रिश्ते में तुलना, प्रतिस्पर्धा या ईर्ष्या के लिए जगह क्यों बन जाती है? जो व्यक्ति हमारे सबसे क़रीब है, कभी-कभी उसी की सफलता हमें क्यों खटकने लगती है?

हमारे समाज में आज भी पति-पत्नी की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को लेकर कई पुरानी धारणाएं मौजूद हैं. माना जाता है कि पति उम्र में बड़ा हो, क़द में लंबा हो और उसकी पढ़ाई-लिखाई तथा नौकरी पत्नी से बेहतर हो. लेकिन बदलते समय में जब महिलाएं शिक्षा, नौकरी और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, तब इन धारणाओं को पीछे छोड़ना ज़रूरी है. विवाह किसी प्रतियोगिता का नाम नहीं, बल्कि दो व्यक्तियों के साथ चलने का संकल्प है.

पत्नी की सफलता पति की हार नहीं

कई बार पत्नी की नौकरी, पद या आय पति से अधिक हो जाती है. ऐसी स्थिति में यदि पति इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना ले, तो रिश्ते में अनावश्यक तनाव पैदा होने लगता है. कुछ पुरुष हीनभावना से घिर जाते हैं और स्वयं को पत्नी से कम समझने लगते हैं. दूसरी ओर कुछ पति पत्नी को छोटा दिखाकर अपने अहम को संतुष्ट करने की कोशिश करते हैं.

यह भी पढ़ें: रिश्तों में परफेक्शन नहीं, ढूंढ़ें कनेक्शन (Relationship Isn’t About Chasing Perfection, It’s About Finding Connetion)

‘तुम्हें क्या समझ आता है?’, ‘तुम तो सिर्फ़ नौकरी करना जानती हो’, ‘तुम्हें घर संभालना नहीं आता’, जैसे ताने धीरे-धीरे रिश्ते की मिठास को ख़त्म कर देते हैं. पत्नी की सफलता को स्वीकार करने की बजाय उसे नीचा दिखाना वास्तव में पति-पत्नी दोनों के लिए नुक़सानदायक है.

पत्नी का आगे बढ़ना पति की हार नहीं है. आख़िर उसकी सफलता से घर की ख़ुशहाली, आर्थिक मज़बूती और परिवार का आत्मविश्वास ही तो बढ़ता है. इसलिए पति को पत्नी की उपलब्धियों पर गर्व करना चाहिए और उसके सपनों को पूरा करने में उसका साथ देना चाहिए.

कमाई से नहीं, समझदारी से बनता है रिश्ता

दूसरी तरफ़ पत्नी की भी ज़िम्मेदारी है कि यदि उसकी आय या सामाजिक स्थिति पति से बेहतर है तो वह जाने-अनजाने ऐसा व्यवहार न करे, जिससे पति को हीनभावना महसूस हो. रिश्ते में बराबरी का अर्थ एक-दूसरे को पीछे छोड़ना नहीं, बल्कि एक-दूसरे का हाथ थामना है.

किसी की आय अधिक और किसी की कम हो सकती है. किसी का पद ऊंचा हो सकता है तो किसी की ज़िम्मेदारियां अलग हो सकती हैं. लेकिन इन अंतर को पति-पत्नी के प्रेम और सम्मान के बीच नहीं आने देना चाहिए. घर चलाने में पैसे के साथ-साथ भावनात्मक सहयोग, ज़िम्मेदारी और समझदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है.

साथ की ख़ुशी सबसे बड़ी उपलब्धि

सुखी दांपत्य जीवन के लिए ज़रूरी है कि पति-पत्नी एक-दूसरे को बदलने या पछाड़ने की बजाय जैसे हैं, वैसे ही स्वीकार करें. रिश्ते में ‘कौन आगे है’ से ज़्यादा महत्वपूर्ण यह है कि दोनों एक-दूसरे के साथ कितने ख़ुश हैं.

जब दो लोग एक-दूसरे की सफलता में अपनी ख़ुशी तलाशने लगते हैं, तब प्रतिस्पर्धा अपने आप ख़त्म हो जाती है. पत्नी की उपलब्धि पति की ख़ुशी बन जाए और पति की सफलता पत्नी के चेहरे पर मुस्कान ले आए तो यही रिश्ते की असली ख़ूबसूरती है.

यह भी पढ़ें: सफल अरेंज मैरिज के एक्सक्लूसिव 15 मंत्र (15 Exclusive Relationship Mantra For Successful Arrange Marriage)

आख़िरकार विवाह में सबसे महत्वपूर्ण न ऊंची तनख़्वाह है, न बड़ा पद और न सामाजिक हैसियत. सबसे महत्वपूर्ण है- सम्मान, विश्वास, सहयोग और साथ. क्योंकि ज़िंदगी की दौड़ में पति-पत्नी को एक-दूसरे से आगे नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ चलना है.

– वीरेंद्र बहादुर सिंह 

Photo Courtesy: Freepik

Share this article