यह तो हम सभी जानते हैं कि कुमकुम जैसे लोकप्रिय सीरियल में काम कर चुकी टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री जूही परमार और उनके पति सचिन श्रॉफ का तलाक़ हो चुका है. 18 महीनों तक अलग रहने के बाद उन्होंने तलाक़ ले लिया. दोनों की एक बेटी भी है. तलाक़ के बारे में बात करते हुए सचिन ने किसी अख़बार में दिए इंटरव्यू में कहा कि जूही ने कभी मुझे प्यार ही नहीं किया. हमारा एक लवलेस रिलेशनशिप था. सचिन के इस बयान से जूही बहुत दुखी हुई हैं. इंटरव्यू में सचिन ने कहा था, ” तलाक़ आपसी समझौते से हुआ. दुर्भाग्य की बात यह है कि जूही ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि उसे मुझसे कभी प्यार ही नहीं था. एक तरफ़ा प्यार शुरुआत से ही खराब होता है. मुझे इस बात पर दुख होता है कि मैं एक प्यारविहीन शादी का हिस्सा था.”

सचिन के इसी बयान पर जूही ने अपना पक्ष रखते हुए सोशल मीडिया पर एक ओपन लेटर लिखा. जिसमें उन्होंने टु हूम सोएवर इट मे कंसर्न “Whomsoever it may concern” कहते हुए एड्रेस किया. जूही ने लिखा, ”पहले मां, अब पूर्व पत्नी, दो दशकों से अभिनेत्री, एक बेटी, एक बहन, मैं जूही परमार हूं और यही मेरी सच्चाई है.”
लेटर में उन्होंने लिखा,” 27 जनवरी 2013 को एक मां का जन्म हुआ था और उसी दिन से मेरी बेटी मेरी पहली प्राथमिकता रही है. बहुत सी बातें कहीं गईं, लेकिन मेरा सवाल है कि आख़िर क्यों. हमने तय किया था कि हम कभी एक-दूसरे पर दोषारोपण नहीं करेंगे, क्योंकि यह हमारी बेटी के हित नहीं है. मैंने अपनी बात रखी और हमेशा कहा कि हमारी शादी न चलने का कारण आपसी समझ की कमी थी. मैंने कभी नहीं सोचा था कि तुम मेरे बयानों को तोड़-मरोड़कर शादी न चलने का सारा दोष मेरे ऊपर मढ़ दोगे. तुमने सारा इल्ज़ाम यह कहकर मुझ पर थोप दिया था कि हमारी शादी प्यारविहीन थी. तुमने कहा कि मैंने तुम्हें कभी प्यार ही नहीं किया. तुम्हारा यह भी कहना था कि तुम्हारा प्यार एकतरफ़ा था और हमारा रिलेशनशिप भी. ”
जूही आगे लिखती हैं,” एक महिला के रूप में मैं पूरी तरह टूट चुकी हूं. मैं इस सदमे हूं. मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि मैं अपना पक्ष कैसे रखूं. फिर भी मुझे लगता है कि एक औरत के रूप में मेरे लिए अपनी अस्मिता की रक्षा करना ज़रूरी है, जो धूमिल हो गई है. मुझे लगता है कि ख़ुद के लिए और अपने बच्चे की इज़्ज़त के लिए यह बताना ज़रूरी है कि अगर मुझे प्यार ही नहीं था, तो फिर हमारी बेटी पैदा कैसे हुई. तुम ऐसा इल्ज़ाम लगाकर उसके अस्तित्व पर ही सवाल उठा रहे हैं. ” जूही ने सचिन से सवाल किया कि मैंने कब और कहां कहा कि मुझे उनसे प्यार नहीं था.
जूही ने लिखा,” हमारी शादी को एकतरफ़ा रिश्ता बताकर न सिर्फ़ तुमने मेरी सारी कोशिशों को अनदेखा कर दिया, बल्कि सार्वजनिक तौर पर मेरी इज़्ज़त की धज्जियां उड़ा दी. अगर मैंने जिस आदमी से शादी की थी, उसे कभी प्यार ही नहीं किया तो उसके साथ नौ साल कैसे बिताया? और हमारे बच्चे को कैसे जन्म दिया. मैंने अपनी छवि बनाने में बीस साल लगा दिए और आज तुम्हारे एक कमेंट के कारण मुझे और मेरे पूरे परिवार को इमोशनल टॉर्चर झेलना पड़ रहा है. अगर मैं चाहती तो हमारी शादी न चलने के कई सबूत दे सकती थी, लेकिन मैंने ऐसा न करने का निर्णय किया, क्योंकि मैं अपनी शादी की अस्मिता को बचाने के साथ उस आदमी की इज़्ज़त बचाए रखना चाहती थी, जिसके साथ मैंने नौ साल गुजारे और जो हमेशा मेरी बेटी का पिता रहेगा. ”
जूही ने लिखा कि बच्चे की आर्थिक ज़िम्मेदारी दोनों के कंधों पर है, न कि सिर्फ़ सचिन के कंधों पर, जैसा सचिन ने बताया है. जूही ने लिखा, आधी सच्चाई झूठ के जैसे ही होती है. मुझे सच्चाई पता है और अपना भविष्य भी.
