बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर की डेब्यू फिल्म ‘धड़क’ के रिलीज़ होने के बाद अब दर्शक बेसब्री से सैफ अली खान और अमृता सिंह की लाडली बेटी सारा अली खान (Sara Ali Khan) की डेब्यू फिल्म ‘केदारनाथ’ के रिलीज़ होने का इंतज़ार कर रहे हैं. जाह्नवी की तरह सारा भी अपनी डेब्यू फिल्म को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं. इस बीच सारा अली खान ने अपने को स्टार सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के साथ केदारनाथ में बने भगवान भैरवनाथ मंदिर के दर्शन किए. भगवान भैरवनाथ की शरण में पहुंचे सारा और सुशांत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

बता दें कि सारा अली खान को पर्दे पर देखने की चाह रखने वाले फैंस का इंतज़ार अब जल्द ही ख़त्म होने वाला है, क्योंकि केदारनाथ त्रासदी पर बनी रही फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग पूरी हो गई है और शूटिंग पूरी होने पर सारा और सुशांत भैरवनाथ के शरण में माथा टेकने के लिए पहुंचे. सोशल मीडिया पर जो तस्वीर वायरल हो रही है उसमें दोनों भैरवनाथ के सामने प्रार्थना करते दिखाई दे रहे हैं. डायरेक्टर अभिषेक वर्मा की यह फिल्म कास्ट और कहानी के अलावा कई विवादों के कारण चर्चा में है.

ख़बरों के अनुसार केदारनाथ की शूटिंग ख़त्म होने से पहले ही सारा ने एक और फिल्म साइन कर ली थी. इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान सारा ने रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘सिम्बा’ साइन की थी. बता दें कि फिल्म केदारनाथ 30 नवंबर को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन ख़बरों की मानें तो मेकर्स इस फिल्म का क्लैश रजनीकांत और अक्षय कुमार की फिल्म ‘2.0’ के साथ नहीं चाहते. ऐसे में कहा जा रहा है कि यह फिल्म अब 30 नवंबर की बजाय 29 नवंबर को ही रिलीज़ हो सकती है.

